Move to Jagran APP

Shimla News: तेज हवाओं से कई नुकसान, तूफान ने दो लोगों की ली जान; फसलों को भी नुकसान

Shimla News हिमाचल प्रदेश में तेज हवाएं चलने से कई नुकसान हुए हैं। तूफान ने दो लोगों की जान ले ली। शिमला में ओलावृष्टि से सेब सहित अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। शाहपुर के चमड़ेरा में बिजली गिरने से पांच बकरियां व दो बकरे मर गए।

By Jagran NewsEdited By: Himani SharmaUpdated: Mon, 08 May 2023 09:39 AM (IST)
Hero Image
तेज हवाओं से कई नुकसान, तूफान ने दो लोगों की ली जान
शिमला, जागरण संवाददाता: हिमाचल प्रदेश में आए तूफान ने दो लोगों की जान ले ली। सबसे अधिक नुकसान कांगड़ा, मंडी व चंबा जिले में हुआ है। प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी नुकसान की सूचना है। मंडी जिले के जोगेंद्रनगर उपमंडल के दारट बगला पंचायत में तूफान के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। घायल कार चालक मैण भरोला निवासी जोगिंद्र कुमार को लोगों ने सिविल अस्पताल जोगेंद्रनगर पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

कांगड़ा में पेड़ गिरने से हुई युवक की मौत 

उधर, कांगड़ा जिले के श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम के साथ लगते डाढ गांव में तूफान से चलती कार पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। 49 वर्षीय बलदेव कुमार पुत्र ईश्वर दास व महेश ठाकुर निवासी मलां तहसील नगरोटा बगवां शनिवार रात करीब नौ बजे श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में आरती सुनने के बाद घर जा रहे थे। तूफान चलने से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाढ के पास कार पर पेड़ गिर गया। इससे बलदेव कुमार व महेश ठाकुर घायल हो गए।

पालमपुर पुलिस ने दोनों को डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल टांडा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने बलदेव कुमार को मृत घोषित कर दिया और महेश ठाकुर को भर्ती कर लिया है। पुलिस मैदान धर्मशाला में चल रहे विरासत उत्सव की सांस्कृतिक संध्या का वाटर प्रूफ डोम उखड़कर पुलिस बैरक की छत पर गिर गया। इससे बैरक के साथ लान टेनिस कोर्ट भी क्षतिग्रस्त हो गया। शाहपुर के चमड़ेरा में बिजली गिरने से पांच बकरियां व दो बकरे मर गए।

मंडी व कांगड़ा जिले में कई घरों व पशुशालाओं की छतें उड़ गईं। खंभे गिरने व तारें टूटने के कारण कांगड़ा, मंडी व हमीरपुर जिलों में कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति कई घंटे तक प्रभावित रही। चंबा जिले में भी तूफान में कई घरों की छतें उड़ गईं। बिलासपुर जिले के स्वारघाट में एसडीएम आवास के पास दीवार पर पेड़ गिर गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

शिमला में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

प्रदेश में रविवार को चोटियों पर हल्का हिमपात व शिमला जिले में ओलावृष्टि हुई है। शिमला में ओलावृष्टि से सेब सहित अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक वर्षा कल्पा में सात मिलीमीटर, केलंग में छह, शिमला व नाहन में तीन-तीन मिलीमीटर दर्ज की गई है। हिमपात व ओलावृष्टि से अधिकतम तापमान में एक से 7.8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट रिकांगपिओ में 7.7 डिग्री जबकि शिमला के नारकंडा में 7.2, भुंतर में 4.8 और बिलासपुर में 3.5 डिग्री की दर्ज की गई है।

सैन्य वाहनों के लिए मनाली-लेह मार्ग बहाल

सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-सरचू-लेह मार्ग सेना के वाहनों के लिए बहाल हो गया है। लेह की ओर से सेना के वाहनों का काफिला मनाली पहुंच गया है। मनाली की ओर से भी लेह जाने के लिए वाहनों का काफिला तैयार है। हिमपात की संभावना को देखते हुए अभी काफिला लेह रवाना नहीं हुआ है।

पांच जिलों में तूफान की चेतावनी

मौसम विभाग ने आठ मई के लिए चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू व शिमला में तूफान चलने व बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है और चोटियों पर हिमपात व निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।