Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Shimla Politics: जयराम ने पीएम मोदी को बताए हार के कारण, पूर्व मुख्यमंत्री ने दिल्ली में दीए फीडबैक

विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भेंट की। इस दौरान उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के बाद हार के कारण बताए। साथ ही प्रदेश में उनकी सरकार की ओर से किए गए सहयोग के लिए आभार जताया।

By Jagran NewsEdited By: Nidhi VinodiyaUpdated: Wed, 21 Dec 2022 11:56 AM (IST)
Hero Image
जयराम ने पीएम मोदी को बताए हार के कारण, पूर्व मुख्यमंत्री ने दिल्ली में दीए फीडबैक

शिमला, जागरण संवाददाता : विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भेंट की। इस दौरान उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के बाद हार के कारण बताए। साथ ही प्रदेश में उनकी सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों एवं प्रोजेक्ट्स के बारे में अवगत करवाया और उसमें केंद्र के सहयोग के लिए आभार जताया।

पूर्व मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के साथ सार्थक बैठक हुई

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी सार्थक बैठक हुई। उन्होंने पांच वर्षों में जनहित से जुड़े कार्यों से अवगत करवाया वहीं चुनाव परिणाम को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश से विशेष स्नेह रखते हैं, इसलिए प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए उनका सहयोग निरंतर मिलता रहेगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा जनसेवा का क्रम जारी रखेगी। भाजपा विपक्ष की भूमिका मजबूती के साथ निभाएगी। राज्य के विकास को थमने नहीं दिया जाएगा और हर कार्य में पारदर्शिता रहे, इसके लिए विधानसभा के अंदर तथा बाहर आवाज उठाई जाएगी।

विधानसभा चुनाव के दौरान भितरघात का मामला

नादौन विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव के दौरान भितरघात का मामला भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पास पहुंचा है। भाजपा मंडल की ओर से भाजपा हाईकमान को लिखा पत्र प्रसारित हुआ है, जिसमें राज्यसभा सदस्य सिकंदर कुमार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पत्र में लिखा गया है कि चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विजय अग्निहोत्री के पक्ष में राज्यसभा सदस्य ने कोई कार्य नहीं किया।

सिकंदर कुमार ने एक भी बार मंडल के साथ नहीं किया संवाद 

सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि आने का आग्रह किया लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया। आरोप लगाया कि सिकंदर कुमार जबसे राज्यसभा सदस्य बने हैं, उन्होंने एक बार भी मंडल के साथ संवाद नहीं किया। छह नबंवर को पूरे प्रदेश में परिवार परिचयपत्र बांटने का कार्यक्रम रखा था, जिसमें इनकी ड्यूटी प्रदेश कार्यकारिणी ने लगाई थी। इसके लिए मंडल की ओर से डा. सीमा ने उनसे बात करके नादौन के अलावा वटराण में एससी बस्ती में कार्यक्रम तय किया लेकिन सिकंदर वहां पर भी नहीं पहुंचे जिस कारण सभी लोग नाराज हुए।

पार्टी के नेताओं के खिलाफ लगे आरोप 

इसके अलावा आरोप है कि राज्यसभा सदस्य ने सांसद निधि से मिली 60 सोलर लाइटें भाजपा प्रत्याशी को विश्वास में लिए बिना ही बांट दी, जिसका पार्टी व प्रत्याशी को नुकसान हुआ। पत्र में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रघुवीर सिंह ठाकुर, भाजपा उपाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष सुभाष ठाकुर, प्रकाश ठाकुर, जिला अनुसूचित उपाध्यक्ष रत्न चंद, रमणीक सिंह परमार, असीम राणा, जगदीप शर्मा पर भी पार्टी के खिलाफ कार्य करने के आरोप लगाए हैं। यह सभी लोग स्वयं को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का कार्यकर्ता बताते हैं। आरोप लगाया है कि अनुराग ने इस कार्यकाल में मंडल के कहने पर एक भी पैसा सांसद निधि से नहीं दिया। मंडल उपाध्यक्ष सुभाष ठाकुर ने लोगों को फोन करके सुखविंदर सिंह सुक्खू को वोट डालने को कहा।

मंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से आग्रह किया है कि इन सभी बिदुओं के आधार पर संगठनात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। प्रत्र की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं चुनाव प्रभारी सौदान सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप व संगठन मंत्री पवन राणा को भी भेजी है। नादौन भाजपा मंडल के अध्यक्ष कैप्टन हरदयाल सिंह ने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है, इसे हम मीडिया में जगजाहिर नहीं करना चाहते हैं। इस पत्र को हमने भाजपा हाईकमान के अलावा किसी को भी नहीं दिया है।

हिमाचल में अभी तक मंत्रिमंडल ही नहीं बना पाई नवनिर्वाचित कांग्रेस सरकार, पहला वादा नहीं हो सका अभीतक पूरा

Himachal Politics: जनता को केंद्र में रखकर काम करे हिमाचल सरकार : राहुल गांधी

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर