Move to Jagran APP

हिमाचल में सुक्खू मंत्रिमंडल का विस्तार आज, आठ मंत्री लेंगे शपथ; शिमला स्थित राजभवन में होगा समारोह

हिमाचल प्रदेश में रविवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। शिमला स्थित राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। जानकारी के अनुसार मंत्रिमंडल में आठ मंत्री शामिल किए जा रहे हैं। फाइल फोटो।

By Jagran NewsEdited By: Sonu GuptaUpdated: Sun, 08 Jan 2023 07:29 AM (IST)
Hero Image
हिमाचल में सुक्खू मंत्रिमंडल का विस्तार आज, आठ मंत्री लेंगे शपथ। फाइल फोटो।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में रविवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। शिमला स्थित राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। जानकारी के अनुसार मंत्रिमंडल में आठ मंत्री शामिल किए जा रहे हैं। शिलाई से हर्षवर्धन चौहान, कांगड़ा से चंद्र कुमार, सोलन से कर्नल धनीराम शांडिल, धर्मशाला से सुधीर शर्मा, कुल्लू से सुंदर ठाकुर, किन्नौर से जगत सिंह नेगी व शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य सिंह मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।

सुक्खू की हाईकमान के साथ घंटो चली बैठक में नाम तय

दिल्ली में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कांग्रेस हाईकमान के साथ कई घंटे हुई चर्चा के बाद मंत्रियों के नाम फाइनल किए गए हैं। राजभवन को इस संबंध में जानकारी दी गई ताकि रविवार सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सके। हिमाचल विधानसभा का चुनाव परिणाम आठ दिसंबर, 2022 को घोषित हुआ था। इसके बाद 11 दिसंबर को सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की थी। भटियात के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया को शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया था।

राजभवन में दो दिन से चल रही थीं शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां

सीएम सुक्खू ने दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मंत्रिमंडल विस्तार के लिए चर्चा की। उसके बाद शनिवार को शिमला आते ही साढ़े तीन घंटे तक राज्य सचिवालय में विधायकों और कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। बैठक में कांग्रेस हाईकमान के निर्णय और मंत्री बनाए जाने के संबंध में अवगत करवाया। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां दो दिन से चल रही थीं, लेकिन आधिकारिक तौर पर सूचना नहीं थी। आखिरकार शनिवार देर रात को राजभवन ने शपथ ग्रहण समारोह रविवार सुबह 10:00 बजे निर्धारित होने की पुष्टि की।

मंथन के लिए दिल्ली आए थे सुक्खू

राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों पूरी कर दी गई हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के लिए हाईकमान की मंजूरी लेने के लिए मुख्यमंत्री विधानसभा सत्र को बीच में छोड़कर धर्मशाला से दिल्ली गए थे। सूत्रों की मानें तो बीते रोज दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खरगे से मुख्यमंत्री की मुलाकात हुई है। इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल से अलग-अलग भेंट कर मंत्रियों के नामों पर मंथन हुआ। केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक तीन घंटे तक चली।

हाईकमान चाहत है कैबिनेट में सभी की पसंद के हो मंत्री

मालूम हो कि हिमाचल की 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस 40 सीटों पर विजय रही, भाजपा 25 पर सिमट गई थी। तीन निर्दलीय प्रत्याशी भी जीते हैं। कांग्रेस हाईकमान मंत्रिमंडल के विस्तार में किसी भी तरह का विवाद नहीं चाहता है। इसलिए मंत्रिमंडल विस्तार से पहले ही समन्वय बनाने की कोशिश की गई है। पार्टी के लोगों के अनुसार, हाईकमान चाहता है कि मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष सभी की पसंद के मंत्री शामिल रहें। राज्यपाल आठ जनवरी से छुट्टियों पर जा रहे हैं और 14 जनवरी के बाद लौटेंगे। राज्यपाल रविवार सुबह 11 बजे शिमला से रवाना होंगे इसलिए सुबह जल्दी ही शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- 

विदेशी विश्वविद्यालयों के लिए भारत में कैंपस की राह खुली, डिजिटल यूनिवर्सिटी से गांव तक पहुंचेगी नई शिक्षा

Fact Check : सुनिधि चौहान के 8 महीने पुराने वीडियो को ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से जोड़कर किया गया वायरल

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।