Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Snowfall In Rohtang: रोहतांग में हिमपात तो चंबा में हुई बूंदाबांदी, तापमान में आई गिरावट; पर्यटकों के खिले चेहरे

हिमाचल प्रदेश के मनाली के रोहतांग (Snowfall in Rohtang) में शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई। इसके साथ ही चंबा में बूंदाबांदी भी हुई। मौसम में अचानक हुए बदलाव से पर्यटक खुश दिखाई दिए। वहीं बर्फबारी और बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गर्मी से राहत पाने के लिए रोहतांग पहुंचे पर्यटकों के लिए ये बर्फबारी किसी तोहफे से कम नहीं रही।

By Yadvinder Sharma Edited By: Deepak Saxena Updated: Sat, 08 Jun 2024 09:48 PM (IST)
Hero Image
रोहतांग में हिमपात तो चंबा में हुई बूंदाबांदी, तापमान में आई गिरावट (फाइल फोटो)।

राज्य ब्यूरो, शिमला। (Snowfall in Rohtang) हिमाचल प्रदेश में शनिवार को रोहतांग सहित अन्य चोटियों पर करीब दो इंच हिमपात हुआ, जबकि चंबा में बूंदाबांदी हुई है। इस कारण अधिकतम तापमान में एक से सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। चंबा में 6.9, कांगड़ा में तीन, मंडी में 2.8 व धर्मशाला में 2.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में डलहौजी में 6.9, शिमला व सोलन में करीब दो डिग्री की वृद्धि हुई है।

शिमला सहित अन्य स्थानों पर दिन की शुरुआत धूप से होने के बाद दोपहर तक बादल छा गए। मौसम विभाग ने रविवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर को छोड़ चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, किन्नौर, लाहुल स्पीति व शिमला जिला में कुछ स्थानों पर 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से आंधी चलने व बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। चोटियों पर हिमपात और कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना है।

ये भी पढ़ें: Himachal Tourism: वीकेंड पर राजधानी पैक... चुनाव खत्म होते ही शिमला में उमड़ी सैलानियों की भीड़, कारोबार ने पकड़ी रफ्तार

कहां, कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)

स्थान न्यूनतम अधिकतम
शिमला 17.6 27.8
सुंदरनगर 19.2 35.8
भुंतर 16 32.5
कल्पा 10.2 24.7
धर्मशाला 21.4 30
ऊना 21.5 40.2
नाहन 22.9 36.1
केलंग 5.7 14.9
सोलन 18.2 34

छोटे वाहनों के लिए बहाल हुआ साचपास

जिला चंबा की पांगी घाटी आठ माह बाद जिला मुख्यालय चंबा से जुड़ गई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित चंबा-पांगी वाया साचपास मार्ग शनिवार को छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गया है। बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए अभी समय लग सकता है।

दोपहर करीब ढाई बजे तक लोक निर्माण विभाग की ओर से साचपास मार्ग को बहाल के बाद सात वाहन चंबा की ओर रवाना हुए। पिछले वर्ष अक्टूबर में हिमपात के कारण मार्ग बंद हो गया था। घाटी के लोगों को वाया जम्मू-कश्मीर व वाया उदयपुर-कुल्लू होते हुए जिला मुख्यालय चंबा पहुंचना पड़ रहा था।

ये भी पढ़ें: खुशखबरी! ओलंपिक व पैरालंपिक खिलाड़ियों को पदक जीतने पर मिलेंगे पांच करोड़ रुपये, सुक्खू सरकार ने लिया बड़ा फैसला