Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Nahan News: प्रदेश कांग्रेस की महिलाओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ सांसद सुरेश कश्यप के घर का किया घेराव

हिमाचल प्रदेश के नाहन में प्रदेश कांग्रेस की महिलाओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ सांसद सुरेश कश्‍यप के घर का घेराव किया। बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा नाहन में विरोध प्रदर्शन किया गया। महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

By Jagran NewsEdited By: Himani SharmaUpdated: Sun, 12 Mar 2023 03:29 PM (IST)
Hero Image
प्रदेश कांग्रेस की महिलाओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ सांसद सुरेश कश्यप के घर का किया घेराव

जागरण संवाददाता, नाहन: केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में बढ़ाए गए गैस सिलेंडर के दाम तथा बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा नाहन में विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला सिरमौर महिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष जैनब चंदेल की अगुवाई में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप के नाहन आवास का भी घेराव किया।

कांग्रेसी महिलाओं ने भाजपा सांसद के घर के बाहर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन कर जमकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस से पहले कांग्रेस महिला कार्यकर्ता नाहन-कुमारहट्टी एनएच से केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सांसद सुरेश कश्यप के घर के बाहर पहुंची, जहां महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

सांसद सुरेश कश्यप की पत्नी रजनी कश्यप बाहर आईं

प्रदर्शनकारी महिलाओं के गेट पर पहुंचते ही सांसद सुरेश कश्यप की पत्नी रजनी कश्यप बाहर आईं। उन्होंने शिष्टाचार के नाते महिलाओं को चाय-पानी पीने की पेशकश की। नारेबाजी के बीच ही सांसद के घर से पानी से भरे गिलास महिलाओं के आगे घुमाए गए। मगर किसी ने पानी नहीं पीया।

करीब आधा घंटा महिलाओं ने यहां प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की तानाशाही सरकार संसद में कांग्रेस के सांसद जब चर्चा की मांग करते हैं, तो चर्चा ही नहीं कराती है। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी। मगर अब भाजपा के लोग किसानों पर लाठियां बरसा रहे हैं।

प्रतिनिधियों की आवाज दबाई जा रही

केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा कांग्रेस के चुने हुए प्रतिनिधियों की आवाज दबाई जा रही है। केंद्र की भाजपा सरकार बलात्कारियों को माला पहना रही है, देश में महिलाओं की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। जैनब चंदेल ने कहा कि देश में महंगाई चरम सीमा पर है। इससे हर वर्ग परेशान है। संसद में इस पर चर्चा नहीं होने दी जाती। केंद्र में निरंकुश व निर्दयी सरकार बैठी है, जिसने किसानों पर अत्याचार किए। देश व प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है। नौकरी मांगने पर उन्हें भी डंडों से पीटा जा रहा है।

महंगाई की मार से आम जनता परेशान

पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस समेत खाने-पीने की वस्तुओं पर महंगाई की मार से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं की आवाज सुने। लोगों की आवाज को कुचलना बंद करे। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पार्टी होने के नाते लोगों की आवाज को इसी तरह उठाया जाएगा।

जरूरत पड़ी तो सांसद का घेराव भी किया जाएगा। इस मौके पर महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कंवर कविता सिंह, प्रदेश सचिव एवं बाग पशोग पंचायत की प्रधान राजेश्वरी शर्मा, प्रेस सचिव काजल शर्मा, जिला अध्यक्ष उपमा धीमान, ब्लाक अध्यक्ष बिलकिश, सचिव आराधना राणा सहित दो दर्जन के करीब महिलाएं और एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद रहे।