Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

परवाणू के टकसाल में नहीं थम रहा डेंगू, 14 नए मामले

परवाणू के साथ लगती टकसाल पंचायत में डेंगू के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार को 14 नए मामले सामने आए।

By JagranEdited By: Updated: Fri, 05 Aug 2022 07:16 PM (IST)
Hero Image
परवाणू के टकसाल में नहीं थम रहा डेंगू, 14 नए मामले

जागरण संवाददाता, सोलन : परवाणू के साथ लगती टकसाल पंचायत में डेंगू के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक ही पंचायत के करीब 250 लोग अब तक इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। शुक्रवार को डेंगू के 14 नए मामले सामने आए। इनमें से अधिकतर मरीज टकसाल पंचायत के ही रहने वाले हैं। स्वास्थ्य विभाग व नगर परिषद द्वारा यहां पर डेंगू की रोकथाम के लिए किए गए सभी प्रयास विफल साबित हो रहे हैं।

एक माह से परवाणू व आसपास के क्षेत्रों से डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इस दौरान नगर परिषद ने कई बार क्षेत्र में फागिग भी करवा दी है तथा लोगों को लगातार जागरूक भी किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कालका व परवाणू से डेंगू मरीजों का आंकड़ा 440 तक पहुंच गया है। प्रतिदिन 12 से 15 नए मामले सामने आ रहे हैं। आने वाले दिनों में भी डेंगू का प्रकोप फिलहाल थमने वाला नहीं दिख रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सैजल के विधानसभा क्षेत्र में डेंगू का मच्छर स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बन गया है। अब सवाल यह भी उठने लगा है कि आखिर टकसाल पंचायत से ही क्यों सबसे अधिक मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि दत्तयार व सेक्टर पांच से भी डेंगू के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन टकसाल पंचायत का आंकड़ा सबसे अधिक है।

ईएसआइ अस्पताल परवाणू के प्रभारी डा. कपिल का कहना है कि जागरूकता कम होने की वजह से टकसाल में डेंगू फैल रहा है। इस पंचायत में सबसे अधिक डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं।