Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

लोगों को क्यों भा रहा है गुजरात का नारियल पानी, ये है खास वजह

पेय पदार्थो का ट्रेंड अब बदल गया है, ऊना में गुजरात के नारियल की डिमांड जोरों पर है।

By Edited By: Updated: Tue, 30 Oct 2018 09:23 AM (IST)
Hero Image
लोगों को क्यों भा रहा है गुजरात का नारियल पानी, ये है खास वजह

ऊना, राजेश डढवाल। पेय पदार्थो का ट्रेंड अब बदलने लगा है। नामी कंपनियों के शीतल पेय पदार्थ के अलावा अब जिला में नारियल पानी भी लोगों की पसंद बन गया है। मांग इतनी है कि शहर में जगह-जगह नारियल पानी की अस्थायी दुकानें खुल गई हैं। हाईवे के किनारों पर नारियल पानी अपनी जगह बना चुका है। खास बात यह है सर्दी के मौसम में भी नारियल पानी का स्वाद लोगों की पसंद बना हुआ है। कुछ दिन पहले ही नारियल पानी विक्रेताओं ने शहर का रुख किया था। देखते ही देखते नारियल पानी की कई अस्थायी दुकानें हाईवे के किनारे तेजी से सजती चली गई। ग्राहक भी अब स्वाद के अधार पर गुजरात व दूसरे राज्यों के नारियल की पहचान करने लगे हैं।

गुजरात के नारियल की डिमांड जोरों पर शहर में नारियल पानी की बिक्री करने वालों में उत्तर प्रदेश व बिहार के मूल निवासियों की संख्या अधिक है जो विभिन्न स्थानों पर दुकान लगाकर नारियल पानी बेच रहे हैं। शहर में केरल, गुजरात व पश्चिम बंगाल का नारियल भी पहुंच रहा है। गर्मियों के अंत में शहर में केरल एवं पश्चिम बंगाल से ही आपूर्ति हो रही थी, लेकिन अब सर्दियों को देखते हुए गुजरात का नारियल भी आ चुका है। इसकी खासियत है यह जल्दी सूखता नहीं है। स्वाद भी अलग होता है। दिल्ली स्थित आजादपुर मंडी से आपूर्ति हो रही है।

प्रतिदिन 500 से 1000 नारियल की खपत व्यापारियों ने बताया शहर में प्रतिदिन लगभग 500 से 1000 नारियल की खपत है। अब इसमें बढ़ोतरी ही हो रही है। 40 से 50 रुपये में नारियल बिकता है। कई बार मांग में बढ़ोतरी होने के कारण 50 से 60 रुपये प्रति नारियल भी बिकता है।

कीमत अधिक पर स्वाद के शौकीनों की कमी नहीं नारियल पानी की कीमत अन्य पेय पदार्थो के मुकाबले अधिक होने के बाद भी शाम के समय इन दुकानों पर नारियल पानी पीने वालों को अच्छी भीड़ रहती है। खास बात यह है गिरते तापमान (जाड़े) सीजन आउट होने के बाद भी नारियल पानी का बाजार गर्माया हुआ है। डिमांड बढ़ने के साथ ही माल की खपत भी बाहर से पूरी नहीं होने का दावा दुकानदार कर रहे हैं।

स्वास्थ्य के लिए लाभकारी वरिष्ठ चिकित्सक विशेषज्ञ (आयुर्वेद) डॉ. राजेश ने बताया कोल्ड ड्रिंक व अन्य पेय पदार्थो के मुकाबले नारियल स्वास्थ्य के लिए काफी अच्छा है। यह पेट की पाचन शक्ति को बढ़ाता है। इसमें सभी जरूरी विटामिन भी होते हैं। आयुर्वेद में नेचुरल एनर्जी बूस्टर कहे जाने वाले नारियल पानी का का सेवन गर्भवती महिलाओं को जरूर करना चाहिए। डेंगू की चपेट में आए मरीज के लिए नारियल पानी रामबाण है। सुबह के समय नारियल पानी पीने से थायराइड हार्मोन नियंत्रित रहते हैं। किडनी के लिए भी नारियल पानी उत्तम है। यह यूरिनरी ट्रैक को साफ रखने में मददगार होता है। किडनी में स्टोन को पनपने नहीं देता।