Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

चिंतपूर्णी महोत्सव में दिखेगा देश के नामी गायकों का जलवा, सतिंद्र सरताज से लेकर कुलविंद्र बिल्ला तक देंगे प्रस्तुति

हिमाचल प्रदेश के अंब में शुरू होने वाले चिंतपूर्णी महोत्सव में इस बार देश के नामी गायक आकर्षण का केंद्र होंगे। 26 सितंबर से शुरू हो रहे इस महोत्सव में प्रसिद्ध सूफी गायक सतिंद्र सरताज पहली दिन शाम को कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। प्रसिद्ध गायक लखविंद्र वडाली दूसरी शाम और अंतिम संध्या के दिन कुलविंद्र बिल्ला प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा कई हिमाचली सिंगर भी यहां पहुंचेंगे।

By Neeraj Kumari Edited By: Gurpreet Cheema Updated: Wed, 25 Sep 2024 03:15 PM (IST)
Hero Image
हिमाचल के ऊना में 26 सितंबर से शुरू होगा चिंतपूर्णी महोत्सव

अजय टबयाल, अंब। तीन दिवसीय चिंतपूर्णी महोत्सव में इस बार देश के नामी गायक आकर्षण का केंद्र होंगे। 26 सितंबर से शुरू हो रहे महोत्सव में प्रसिद्ध सूफी गायक सतिंद्र सरताज पहले दिन शाम को कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

प्रसिद्ध गायक लखविंद्र वडाली दूसरी शाम और अंतिम संध्या के दिन कुलविंद्र बिल्ला प्रस्तुति देंगे। महोत्सव के लिए स्थानीय निवासियों में उत्साह देखा जा रहा है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि यह समारोह आंरभ होने से पहले आयोजन स्थल पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। 

महोत्सव से पहले आयोजन स्थल पर चल रहे ट्रेड फेयर में दूर-दूर से लोग शामिल हो रहे हैं। लोग दिन में खरीदारी और रात को मनोरंजन कार्यक्रम देख रहे हैं। पहली बार अंब में हो रहे माता चिंतपूर्णी महोत्सव की सफलता का श्रेय स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू को है जिन्होंने स्थानीय व्यापारियों के हितों की पैरवी की।

कार्यक्रम के लिए माइक्रो मैनेजमेंट कर दिखाया कि थोड़े समय में बड़ा कार्यक्रम कैसे किया जा सकता है। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने पूरी तरह कमर कसी है। विधायक सुदर्शन बबलू मेले की तैयारियों को लेकर समय-समय पर प्रशासन के साथ बैठक कर प्रबंधों का जायजा ले रहे हैं।

महोत्सव में किसी तरह की चूक न रह जाए, इसके लिए विधायक दिन-रात काम कर रहे हैं। अंब के एसडीएम सचिन शर्मा महोत्सव स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर उन्हें अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 26 सितंबर को महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।

पहली संध्या

महोत्सव की पहली रात प्रसिद्ध सूफी गायक सतिंदर सरताज अपनी गायकी का जलवा बिखेर दर्शकों का दिल जीतने का प्रयास करेंगे। इस संध्या को सुख आश्रय दिवस का नाम दिया गया है। इसके इलावा विभिन्न कालेज व स्कूलों के विद्यार्थी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी व रात के समय ड्रोन शो आकर्षक का केंद्र रहेंगे। वहीं, चिंतपूर्णी महोत्सव में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री विशेष अतिथि होंगे।

दूसरी संध्या

पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसी दिन वृद्ध जन दिवस भी मनाया जाएगा। तीनों दिन स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू विशेष अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

हिमाचली कलाकारों को भी मिलेगा मंच 

चिंतपूर्णी महोत्सव में नामी गायकों के साथ हिमाचल के प्रसिद्ध व उभरते हुए कलाकारों को भी मंच साझा करने का मौका मिलेगा। हिमाचली गायक अनुज शर्मा, कुमार साहिल, सखी गौतम, ममता भारद्वाज, नितिन कुमार और अर्शप्रीत कौर को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा ड्रोन शो, फूलों की होली और फीट आन फायर दर्शकों को रोमांचित करेंगे। वहीं, महर्षिसुर मर्दिनी नृत्य देखने के लिए भी दर्शक इंतजार कर रहे हैं।

चिंतपूर्णी महोत्सव यादगारी समारोह होगा

सुदर्शन सिंह बबलू  उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि चिंतपूर्णी महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। कार्यक्रम के भव्य आयोजन के लिए प्रशासन ने एक पखवाड़े से रोडमैप तैयार करना शुरू किया था जो पूरी तरह बन चुका है।

वहीं, विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि चिंतपूर्णी महोत्सव क्षेत्र का एक यादगारी समारोह होगा। इस कार्यक्रम का हर वर्ष स्थानीय निवासी बेसब्री से इंतजार करेंगे क्योंकि ऐसा आयोजन इससे पहले यहां कहीं नहीं हुआ है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें