Move to Jagran APP

Car Accident: ऊना के अजौली में दर्दनाक सड़क हादसा, कार ने कुचले तीन टोलकर्मी, दो की हुई मौत

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में अजौली के टोल बैरियर पर एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें दो कर्मचारियों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज गति से आ रही कार ने तीन कर्मचारियों को कुचल दिया। मृतकों की पहचान रंजीत सिंह और परमिंद्र सिंह के रूप में हुई है जबकि घायल सोनी कपिला को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

By Chanchal Bali Edited By: Rajiv Mishra Updated: Tue, 15 Oct 2024 10:28 AM (IST)
Hero Image
अजौली के टोल बैरियर पर दर्दनाक सड़क हादसा

जागरण टीम, ऊना/संतोषगढ़। जिला ऊना में हिमाचल प्रदेश की सीमा पर स्थित अजौली के टोल बैरियर पर एक तेज गति कार ने तीन कर्मचारियों को कुचल दिया, जिसमें दो की मौत हो गई व तीसरे को गंभीर हालत में पीजीआइ रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान रंजीत सिंह पुत्र किशन सिंह निवासी कुठेड़ा खैरला तहसील अंब व परमिंद्र सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी टिक्करी नालागढ़ जिला सोलन के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल सोनी कपिला पुत्र राम स्वरूप निवासी अजौली को पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों ने कार चालक 21 वर्षीय प्रशांत निवासी नंगलखुर्द तहसील हरोली जिला ऊना को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।

स्कूटर सवार बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

सोमवार बाद दोपहर तीन बजे नंगल की तरफ से आ रही कार (एचपी37बी-8798) ने अजौली गांव के टोल बैरियर पर संतोषगढ़ की तरफ से आ रहे स्कूटर सवार को बचाने के चक्कर में सड़क किनारे पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों की पर्ची काट रहे दो कर्मियों व शेड में खाना खा रहे तीसरे कर्मचारी को चपेट में ले लिया। रंजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों परमिंद्र सिंह व सोनी कपिला को बाहर निकाला और ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में पहुंचाया।

पीजीआई ले जाते समय परमिंद्र की हुई मौत

ऊना अस्पताल में गंभीर हालत देख दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। पीजीआई ले जाते समय परमिंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। परमिंद्र व रंजीत पर्ची काट रहे थे। कार कांगड़ा जिले के पालमपुर में पंजीकृत हुई थी और अब यह नंगलखुर्द गांव के संदीप के नाम पर पंजीकृत है। कार को संदीप का भतीजा चला रहा था।

यह भी पढ़ें- Mandi Masjid Controversy: मस्जिद के अवैध निर्माण हटाने पर लगी रोक, मुस्लिम पक्ष ने आदेश को दी थी चुनौती

कार में सवार थे चार लोग

बताया जा रहा है कि कार में चार लोग सवार थे। हादसे के बाद तीन लोग कार से निकलकर इधर-उधर चले गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कार की तेज गति और चालक का नियंत्रण खोना हादसे की वजह बताया जा रहा है। हादसे के कारण टोल बैरियर पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। एएसपी सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि कार चालक के विरुद्ध मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के लाल का कमाल, इंडिया ए में वैभव अरोड़ा का हुआ चयन; IPL 2024 में KKR के लिए किया था शानदार प्रदर्शन

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें