Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Olympics 2024 Hockey: बेल्जियम ने भारतीय हॉकी टीम को दिया जख्म, पेरिस ओलंपिक में 2-1 से हराया

पेरिस में टोक्यो ओलंपिक के सेमीफाइनल में मिली हार का भारतीय हॉकी टीम बदला नहीं ले सकी। एक फिर बेल्जियम ने भारत को हॉकी मैच में हराया। पूल-बी के एक मुकाले में बेल्जियम ने भारत को 2-1 से हराया। इस जीत के साथ बेल्जियम पूल-बी में टॉप पर पहुंच गया है। भारतीय हॉकी टीम ने पहले ही क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

By Umesh Kumar Edited By: Umesh Kumar Updated: Thu, 01 Aug 2024 03:11 PM (IST)
Hero Image
बेल्जियम ने भारत को हॉकी मैच में हराया। फोटो- रायटर

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम को बेल्जियम से हार का सामना करना पड़ा। टोक्यो ओलंपिक के सेमीफाइनल में भी बेल्जियम ने भारत को शिकस्त दी थी। पूल-बी के एक रोमांचक मैच में बेल्जियम ने भारत को 2-1 से हराया। भारत के लिए अभिषेक सिंह ने 18वें मिनट में गोल दागा। बेल्जियम के लिए थिब्यू स्टॉकब्रोक्स और जॉन डोहमेन ने गोल किया।

पहले क्वार्टर में भारत ने गलती की और बेल्जियम को 8वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला। हालांकि, पहली बार अमित रोही दास ने बचाव किया और दोबारा श्रीजेश ने बेहतरीन बचाव किया। 10वें मिनट में अभिषेक सिंह ने फील्ड गोल करने की कोशिश लेकिन बेल्जियम के गोलकीपर गोल नहीं होने दिया। पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं हो सका।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने बनाई बढ़त

दूसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक खेल दिखाते हुए पहला गोल दागा। 18वें मिनट में बेल्जियम के डिफेंडरों को छकाते हुए अभिषेक ने बेहतरीन फील्ड गोल दागा। इससे पहले विवेक सागर ने शॉट मिस किया था, लेकिन अभिषेक ने कोई गलती नहीं की। बेल्जियम को 23वें और 24वें मिनट पेनल्टी कॉर्नर मिले। हालांकि, श्रीजेश ने उम्दा बचा किया। 25वें मिनट में भारत ने पेनल्टी कॉर्नर मिस किया। 26वें मिनट में टॉम बून को ग्रीन कार्ड मिला और दो मिनट के लिए मैदान से बाहर चले गए। पहले हाफ में भारत 1-0 से आगे रहा।

तीसरे क्वार्टर में बेल्जियम निकला आगे

तीसरे क्वार्टर में भारत दबाव के साथ खेलते हुए दिखाई दी। इसका फायदा बेल्जियम ने उठाया और 33वें मिनट में थिब्यू स्टॉकब्रोक्स ने फील्ड गोलकर टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया। 43वें और 44वें मिनट में बेल्जियम को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन श्रीजेश ने सेव किया। हालांकि, 44वें मिनट जॉन डोहमेन ने गोल कर बेल्जियम ने 2-1 से बढ़त हासिल की। भारत को भी पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन अमित रोही दास इसका कोई फायदा नहीं उठा सके।

यह भी पढे़ं- Olympics Hockey: पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का विजय अभियान जारी, आयरलैंड को 2-0 से हराकर दर्ज की दूसरी जीत

आखिरी मिनट में भारत ने गंवाया बराबरी का मौका

चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। 51वें मिनट में भारत को गोल करने का मौका मिला, लेकिन अभिषेक और सुमित गोल नहीं कर सके। बेल्जियम को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन गोल में तब्दील नहीं हुआ। 54वें मिनट राजकुमार पाल को यलो कार्ड मिला। आखिरी मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारत गोल नहीं कर सका और भारत 2-1 से मुकाबला हार गया।

यह भी पढे़ं- Olympics Hockey: पेरिस में भारतीय हॉकी टीम ने लहराया परचम, सांस रोक देने वाले मैच में न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया