विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल के निर्माण का जायजा लिया
जागरण संवाददाता, जम्मू : नॉदर्न रेलवे के जनरल मैनेजर बिश्वेश चौबे ने दरिया चिनाब में बन रहे
जागरण संवाददाता, जम्मू : नॉदर्न रेलवे के जनरल मैनेजर बिश्वेश चौबे ने दरिया चिनाब में बन रहे विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान इंजीनियरों को जरूरी दिशानिर्देश दिए गए।
शुक्रवार सुबह दिल्ली से संपर्क क्रांति में जीएम कटड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रियों को हर संभव सुविधाएं उपलब्ध करवाने को कहा। इसके बाद जीएम रियासी जिले में चिनाब नदी के ऊपर निर्माणाधीन रेलवे पुल पर गए। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह पुल रिक्टर स्केल पर आठ की तीव्रता वाले भूकंप और भीषण विस्फोट को झेलने का माद्दा रखता है। इसे विश्व का सबसे ऊंचा पुल कहा जा रहा है। रेलवे के अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह रेलवे पुल कश्मीर घाटी को रेल मार्ग के जरिए शेष देश से जोड़ने वाला है। यही कारण है कि इसे रेलवे की महत्वाकांक्षी परियोजना का हिस्सा बनाया गया है। पुल पर आतंकवादी खतरों और भूकंप से सुरक्षा की व्यवस्था होगी। इस पुल का निर्माण 1250 करोड़ रुपये की लागत से किया जाना था, जो अब बढ़ गया है। पुल की ऊंचाई चिनाब नदी से 359 मीटर है, जो पेरिस के एफिल टावर से भी 30 मीटर ऊंचा होगा। इसके मई 2019 में बन कर तैयार होने की उम्मीद है। शनिवार को जीएम माता वैष्णो देवी के दर्शन कर शाम को दिल्ली लौट जाएंगे।