Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jammu Accident News: जम्मू-राजौरी मार्ग पर भीषण हादसा, यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी; 22 लोगों की मौत

जम्मू राजौरी मार्ग पर एक भीषण हादसा हो गया। यहां एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई अन्य घायल भी (Jammu Accident News) हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकाला गया। घायलों को चौकी चौरा और अखनूर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई लोग जीएमसी जम्मू में स्थानांतरित किए गए हैं।

By Jagran News Edited By: Prince Sharma Updated: Thu, 30 May 2024 05:56 PM (IST)
Hero Image
यात्रियों से भरी बस खाई में समाई; 22 लोगों की मौत

जागरण संवाददाता/पीटीआई, जम्मू। जम्मू राजौरी मार्ग पर एक भीषण हादसा हो गया। यहां अखनूर में एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे (Jammu Bus Accident) में अब तक 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 69 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए जम्मू मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है।

साफ है कि बस में क्षमता से अधिक सवारियां थीं और ओवरलोडिंग भी संतुलन बिगड़ने का कारण हो सकता है। घायलों को चौकी चौरा और अखनूर अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई लोग जीएमसी जम्मू में स्थानांतरित किए गए हैं।

22 लोगों की मौत, 69 घायल

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना जिले के चौकी चोरा बेल्ट में तुंगी-मोड़ पर हुई। उन्होंने बताया कि बस करीब 150 फीट नीचे खाई के नीचे गिर गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बस नंबर UP81CT-4058 हरियाणा के कुरुक्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के पौनी इलाके में शिव खोड़ी की ओर जा रही थी। इसी दौरान करीब साढ़े बारह बजे यह हादसा हो गया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई जबकि 69 घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा

यात्रियों ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब चालक एक तीखे मोड़ से गुजर रहा था और विपरीत दिशा से एक तेज रफ्तार कार आ रही थी।

अखनूर अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों में से एक अमर चंद ने बताया कि एक कार विपरीत दिशा से आ रही थी। चालक ने एक तीखे मोड़ से गुजरने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहा, जिसके परिणामस्वरूप वाहन खाई में जा गिरा।

इस घटना में घायलों ने बताया कि वे शिव खोड़ी की तीर्थयात्रा के लिए आए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (यातायात) फैसल कुरैशी, परिवहन आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और अभियान की निगरानी की। एसएसपी और जम्मू के डिप्टी कमिश्नर ने घायलों के बारे में जानकारी लेने के लिए जीएमसी अस्पताल का दौरा किया।

शिव खोड़ी जा रहे थे यात्री

वाहन तीर्थयात्रियों को हरियाणा के कुरुक्षेत्र क्षेत्र से जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के शिव खोड़ी क्षेत्र में ले जा रहा था। इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि हादसा राजौरी जिले में हुआ है।

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और स्थानीय लोगों के साथ बचाव अभियान शुरू किया गया है। साथ ही घायलों को अखनूर अस्पताल और जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कर दिया गया है।

एलजी ने जताया दुख

एलजी ने इस दुखद दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया है। शोक संदेश में सिन्हा ने कहा कि अखनूर में बस दुर्घटना हृदय विदारक है। मैं लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रशासन शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है और घायलों को चिकित्सा सुविधाएं भी प्रदान कर रहा है।

यह भी पढ़ें: जम्‍मू में बड़ा हादसा होने से टला, उत्तर संपर्क क्रांति ट्रेन के पहिए पटरी से उतरे; यात्रियों में फैली दहशत

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें