Move to Jagran APP

JK Result: जम्मू में BJP विधायकों की पहली बैठक, विधायक दल की बैठक के लिए प्रह्लाद जोशी और तरुण चुग पर्यवेक्षक नियुक्त

जम्मू-कश्मीर में भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। विधायक दल की बैठक इसी सप्ताह होगी जिसमें विधायक दल के नेता का चुनाव होगा। भाजपा जम्मू-कश्मीर में सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए तैयार है। विधायक दल का नेता ही विधानसभा में विपक्ष का नेता भी होगा।

By vivek singh Edited By: Sushil Kumar Updated: Sun, 13 Oct 2024 09:47 PM (IST)
Hero Image
JK Result: विधायक दल की बैठक के लिए प्रह्लाद जोशी और तरुण चुग पर्यवेक्षक नियुक्त।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाने को तैयार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी व राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया है।

भाजपा के यह पर्यवेक्षक इसी सप्ताह होने जा रही भाजपा विधायक दल की बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव करेंगे। भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त करने का फैसला रविवार को भाजपा के संसदीय बोर्ड ने किया।

इस संबंध में आदेश भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी किया गया।केंद्रीय पर्यवेक्षक अगले कुछ दिनों में जम्मू में आकर विधायक दल का नेता चुनने की दिशा में कार्यवाही करेंगे। विधायक दल का नेता ही विधानसभा में विपक्ष का नेता भी होगा।

विधायक दल के नेता के नाम पर चर्चा

इसी बीच विधायक दल की बैठक से पहले सोमवार को भाजपा जम्मू में अपने विधायकों की पहली बैठक में आगे की रणनीति बनाएगी। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के एक सप्ताह बाद होने जा रही भाजपा के विधायकों की पहली बैठक में यह चर्चा होगी। 

भाजपा जम्मू की आवाज बनकर प्रदेश में सशक्त विपक्ष की भूमिका का निर्वाह किस तरह से करेगी। इसी बीच भाजपा विधायकों की इस पहली बैठक में विधायक दल व विपक्ष के नेता को लेकर भी विचार विमर्श होना संभव है। इस दौरान विधायक दल के नेता के नाम पर चर्चा कर इस बारे में हाईकमान को सूचित किया जाएगा।

भाजपा हाईकमान ने नियुक्त किए पर्यवेक्षक

प्रदेश में मिलकर सरकार बनाने जा रही नेशनल कान्फ्रेंस व कांग्रेस अपने विधायक दलों की बैठकें कर चुके हैं। लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद के राजनीतिक हालात पर नजर रखने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक नही हुई है।

इस दिशा में कार्रवाई करते हुए भाजपा हाईकमान ने रविवार को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए। संगठन महामंत्री अशोक कौल का कहना है कि सोमवार को जम्मू में होने वाली बैठक में संभाग के विभिन्न हिस्सों से चुनकर आए भाजपा के विधायकों का स्वागत किया जाएगा।

इस दौरान प्रदेश में भाजपा द्वारा निभाई जाने वाली भूमिका पर भी चर्चा होगी।

केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह के छोटे भाई प्रबल दावेदार

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि विधायक दल इस बैठक की तिथि अभी तय नही हुई है। लेकिन यह तय है कि अगले कुछ दिनों में यह बैठक हो जाएगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार जम्मू कश्मीर में भाजपा विधायक दल के नेता के प्रबल दावेदारों में पूर्व विधायक व केंद्रीय मंत्री डा जितेन्द्र सिंह के छोटे भाई देवेन्द्र राणा व पूर्व मंत्री सुनील शर्मा प्रबल दावेदार हैं।

उनके साथ नरेन्द्र सिंह व दूसरी बार विधायक बने कठुआ के राजीव जसरोटिया के नामों पर भी चर्चा हो रही है। भाजपा अपने विधायक दल की बैठक में मुख्य सचेतक का भी फैसला कर सकती है।

29 सीटें जीतकर बनाया नया रिकॉर्ड

जम्मू कश्मीर में भाजपा ने इस बार विधानसभा चुनाव में 29 सीटें जीतकर अपना नया रिकार्ड बनाया है। लेकिन नेशनल कांफ्रेंस के प्रदेश में 42 सीटें लेकर सशक्त होने के बाद भाजपा के पास इस बार विपक्ष में बैठने के अलावा और कोई विकल्प नही है।

वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा ने प्रदेश में विधानसभा की 25 सीटें जीतकर पीडीपी के साथ मिलकर पहली बार प्रदेश में अपनी सरकार बनाई थी। इस बार पार्टी ने सरकार बनाने के लिए कश्मीर से बड़ी उम्मीदें लगाई थी। लेकिन पार्टी कश्मीर संभाग से एक भी सीट न जीतकर अपने लक्ष्य से चूक गई है।

पार्टी से बहुत लाेगों ने उम्मीदें लगाईं

भाजपा के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा जम्मू कश्मीर में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाते हुए राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत बनाने का प्रयास करेगी। ऐसे में इस समय पार्टी खुद को नई भूमिका निभाने के लिए तैयार कर रही है।

भाजपा ने जम्मू कश्मीर में सबसे अधिक करीब 26 प्रतिशत वोट लिए हैं। ऐसे में पार्टी से बहुत लाेगों ने उम्मीदें लगाई हैं।

यह भी पढ़ें- JK Result: कौन हैं वो नवनिर्वाचित 13 विधायक, जिनका राजनीतिक परिवारों से है संबंध, किसी के पिता तो किसी के दादा का है दबदबा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें