Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jammu Kashmir Weather Update: गर्मी से कश्मीर के लोगों का बुरा हाल, श्रीनगर रहा सबसे गर्म; 25 साल का रिकॉर्ड टूटा

कश्मीर (Jammu Kashmir Weather Update) में गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। रविवार को 25 सालों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए श्रीनगर का तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्मी की वजह से प्राथमिक तक के निजी और सरकारी दोनों स्कूलों में 29 जुलाई और 30 जुलाई की कक्षाएं निलंबित कर दी गई हैं। गर्मी की मार से परेशान लोग बारिश के लिए दरगाह पर प्रार्थनाएं कर रहे हैं।

By Nitish Kumar Kushwaha Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Mon, 29 Jul 2024 08:17 AM (IST)
Hero Image
गर्मी की वजह से कश्मीर में लोगों का बुरा हाल (जागरण फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, जम्मू/श्रीनगर। कश्मीर में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हो उठे हैं। रविवार को श्रीनगर में 25 वर्षों में जुलाई का सबसे अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। श्रीनगर का तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि जम्मू का तापमान श्रीनगर से भी कम रहा। 9 जुलाई 1999 के बाद से यह जुलाई का सबसे गर्म दिन था।

श्रीनगर में जुलाई में ज्यादातर दिन अधिकतम तापमान 35 डिग्री से अधिक रहा है। यही नहीं न्यूनतम तापमान भी रिकॉर्ड तोड़ गया। बीती रात श्रीनगर में सीजन की सबसे गर्म रात रही। रविवार को जम्मू में सुबह की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हुई।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कश्मीर के अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। वहीं बारिश के चलते बढ़ी आर्द्रता के चलते जम्मू संभाग में उमस भरी गर्मी ने बेहाल करना शुरू किया है। रविवार को भी अधिकतम 100 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई।

रुक-रुक कर जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

पहली अगस्त तक बारिश का सिलसिला रुक-रुक कर जारी रहेगा। अगले चौबीस घंटों के दौरान हल्की बारिश की संभावना है। रविवार का आगाज झमाझम बारिश के साथ हुआ लेकिन दोपहर तक आसमान साफ हो गया। शनिवार देर रात शुरू हुई बारिश रविवार सुबह करीब 10.15 बजे तक रुक-रुक कर जारी रही।

कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश भी हुई। जम्मू का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री रहा। शनिवार देर रात से रविवार सुबह 64.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सुबह-शाम आंशिक बादल छाने के साथ हल्की बारिश होती रही।

कश्मीर के अधिकतम तापमान का जिक्र करें तो श्रीनगर, काजीगुंड, पहलगाम, कुपवाड़ा, कोकरनाग 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक पार कर गया है। प्रसिद्ध पर्यटनस्थल गुलमर्ग में भी तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। श्रीनगर में शनिवार रात 24.6 डिग्री तापमान रहा। 132 वर्षों में तीसरा सबसे न्यूनतम तापमान रहा।

यह भी पढ़ें: जम्‍मू कश्‍मीर में बिजली कटौती और भारी बिल से मिलेगी राहत, अब मात्र 19 हजार रुपये में लगेंगे सोलर रूफ टॉप

काजीगुंड में रहा सबसे अधिक तापमान

काजीगुंड में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जबकि इससे पहले 11 जुलाई 1988 को यह 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। कोकेरनाग में अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री था। तीन जुलाई 2024 को दूसरा सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री था और तीसरा उच्चतम अधिकतम तापमान 8 जुलाई 1993 के दौरान 33 डिग्री सेल्सियस था।

प्राथमिक तक के स्कूलों में दो दिन नहीं लगेंगी कक्षाएं

लगातार गर्मी के बीच मके संभागीय प्रशासन ने रविवार को सरकारी और निजी दोनों स्कूलों में प्राथमिक स्तर तक के छात्रों के लिए 29 और 30 जुलाई को कक्षाएं निलंबित करने का आदेश दिया। मंडलायुक्त कश्मीर द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि उन स्कूलों में शिक्षण कर्मचारी अपनी ड्यूटी जारी रखेंगे।

बता दें कि कश्मीर में 25 साल बाद इतनी गर्मी पड़ रही है कि लोग बारिश के लिए नंगे पैर दरगाह में विशेष प्रार्थनाएं कर रहे हैं। बड़गाम में चरार ए शरीफ दरगाह में लोगों ने रविवार को नमाज-ए-इस्तसका पढ़ी। इस मौके पर पारंपरिक वेषभूषा में भांड पाथर नृत्य भी किया।

यह भी पढ़ें: Amarnath Yatra: कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं का नया जत्‍था रवाना, 4.51 लाख यात्रियों ने किए पवित्र गुफा के दर्शन

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर