Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jammu: दिल्ली पहुंचा सरोर टोल प्लाजा का मामला, आज गडकरी से मिलेंगे भाजपा के नेता

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना के नेतृत्व में भाजपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल वीरवार को नई दिल्ली में भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर जम्मू के सरोर में टोल प्लाजा को हटाने का मुद्दा उठाएगा। वीरवार दोपहर को होने वाली इस बैठक में रविंद्र रैना के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॅा. जितेंद्र सिंह जम्मू के सांसद जुगल किशोर शर्मा भी होंगे।

By Jagran NewsEdited By: Paras PandeyUpdated: Thu, 24 Aug 2023 07:00 AM (IST)
Hero Image
आज सुबह रवाना होंगे प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना

जम्मू, राज्य ब्यूरो। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना के नेतृत्व में भाजपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल वीरवार को नई दिल्ली में भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर जम्मू के सरोर में टोल प्लाजा को हटाने का मुद्दा उठाएगा। वीरवार दोपहर को होने वाली इस बैठक में रविंद्र रैना के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॅा. जितेंद्र सिंह, जम्मू के सांसद जुगल किशोर शर्मा भी होंगे।

वहीं दिल्ली जा रहे भाजपा अन्य नेताओं में चंद्र प्रकाश गंगा, सुरजीत सिंह सलाथिया व डॅा. डीके मन्याल भी शामिल हैं। रविंद्र रैना को छोड़कर अन्य सभी नेता दिल्ली पहुंच गए हैं। रैना वीरवार सुबह जम्मू से दिल्ली रवाना होंगे। प्रदेश भाजपा जम्मू-पठानकोट हाईवे पर तरनाह नाले पर पुल टूटने से उपजे हालात में टोल प्लाजा हटाने का मुद्दा उठाएगी। पुल टूटने से हाईवे पर जाम की स्थित है और वाहन चालकों को लंबा चक्कर काट कर सीमांत क्षेत्र से होकर आना-जाना पड़ रहा है।

इससे समय व ईंधन की बरबादी हो रही है। ऐसे में टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर जम्मू के सरोर में कई दिनों से प्रदर्शन हो रहे हैं। ऐसे हालात में प्रदेश भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए टोल प्लाजा हटाने की मांग कर चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि पार्टी लोगों को हो रही दिक्कतों के प्रति गंभीर है। पुल टूटने से उपजे हालात में लोग परेशान हैं। ऐसे में टोल प्लाजा के हटने से उन्हें राहत मिलेगी।

पार्टी का प्रतिनिधिमंडल यह मुद्दा केंद्रीय मंत्री गडकरी के समक्ष उठाएगा। वहीं इस सिलसिले में बुधवार को सांसद जुगल किशोर ने भी परिवहन मंत्रालय व नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया के अधिकारियों के साथ बैठक कर यह मुद्दा उठाया। उन्होंने जोर दिया कि लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए जल्द टोल प्लाजा हटाने की दिशा में कार्रवाई की जाए। सांसद यह मांग दिल्ली में पहले भी उठा चुके हैं।