Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जम्मू में चंद महीनों में ही बंद हुआ जल तरंगों पर रंगीन शो, बाग-ए-बाहू में एक महीने से बंद पड़ा है लाइट एंड म्यूजिक फाउंटेन

देश भक्ति के गीत पर रंग-बिरंगी रोशनियों के साथ लेजर से बनती आकृतियां अत्याधुनिक तकनीक को दर्शाती तो वहीं इस शो के अंतिम चरण में लेजर से जलतरंगों से एक स्क्रीन बनती जिस पर सूर्य पुत्री तवी जम्मू में अपने आगमन की कहानी सुनाती।

By Rahul SharmaEdited By: Updated: Tue, 14 Jun 2022 01:10 PM (IST)
Hero Image
जम्मू की पूरी तस्वीर पेश करने की यह अद्भुत पेशकश तीन महीने भी नहीं चल पाई।

जम्मू, जागरण संवाददाता : जम्मू शहर के प्रसिद्ध बाग-ए-बाहू पार्क में लंबे इंतजार के बाद शुरू हुआ लाइट एंड म्यूजिक शो चंद महीनों में ही बंद हो गया। पानी की तरंगों पर जम्मू की ऐतिहासिक धरोहरें और संस्कृति को उकेरने वाला यह शो जम्मू का मुख्य आकर्षण बनने लगा था लेकिन पिछले एक महीने से शो बंद पड़ा हुआ है और यहां पहुंचने वाले पर्यटक निराश होकर लौट रहे हैं।

आधे घंटे के इस शो में पर्यटक मधुर संगीत की धुनों पर पानी की तरंगों पर जम्मू के सभी प्राचीन स्थलों, ऐतिहासिक मंदिरों, धरोहरों व शहर की खूबसूरती को निहार पा रहे थे लेकिन अब शो दोबारा कब शुरू होगा, इस पर कुछ कहा नहीं जा सकता।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 11 फरवरी 2022 को इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया था। प्रधानमंत्री स्वदेश दर्शन योजना के तहत पर्यटन विभाग की ओर से यह लाइट एंड साउंड शो शुरू किया गया था और करीब आधे घंटे के इस शो को तीन हिस्सों में बांटा गया था।

पहले चरण में संगीत की धुनों पर जलतरंगों का नृत्य सबको अपनी ओर आकर्षित करता और दूसरे चरण में लाइट एंड साउंड के साथ लेजर की किरणें अपनी छटा बिखेरते हुए चार चांद लगाती। देश भक्ति के गीत पर रंग-बिरंगी रोशनियों के साथ लेजर से बनती आकृतियां अत्याधुनिक तकनीक को दर्शाती तो वहीं इस शो के अंतिम चरण में लेजर से जलतरंगों से एक स्क्रीन बनती जिस पर सूर्य पुत्री तवी जम्मू में अपने आगमन की कहानी सुनाती। इसके बाद पानी की इसी स्क्रीन पर शुरू होता था रंगीन तस्वीरों से जम्मू की स्थापना से लेकर इसके विस्तार तक का गौरवशाली इतिहास।

पानी की इस स्क्रीन पर दर्शाया जाता था कि कैसे जम्मू का जन्म हुआ और किस तरह विभिन्न राजाओं ने इसकी सीमाओं का विस्तार किया और कैसे प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस शहर का राजौरी-पुंछ तक विस्तार हुआ। पानी पर लेजर शो के माध्यम से पर्यटकों के सामने जम्मू की पूरी तस्वीर पेश करने की यह अद्भुत पेशकश तीन महीने भी नहीं चल पाई।

  • -इस प्रोजेक्ट को तैयार करने वाली कंपनी ही इसे शुरूआती दौर में चला रही थी लेकिन अब इसे चलाने के लिए किसी एजेंसी को सौंपा जाएगा। इसके लिए टेंडर जारी हो चुके है और बहुत जल्द टेंडर हासिल करने वाली कंपनी इसका संचालन करेगी और पर्यटक फिर से जम्मू में इस लाइट एंड साउंड शो का लुत्फ उठा पाएंगे। -विवेकानंद राय, निदेशक पर्यटन विभाग जम्मू