Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव के लिए BJP का शंखनाद, जम्मू-कश्मीर से दो सीटों की घोषणा; देखें कौन-कहां से लड़ेगा चुनाव

Lok Sabha Elections 2024 लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने 195 सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्‍ट जारी कर दी है। वहीं जम्‍मू-कश्‍मीर से दो सीटों की घोषणा की गई है। जम्‍मू से जुगल किशोर शर्मा और उधमपुर से जितेंद्र सिंह चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 16 राज्‍य और दो केंद्र शासित प्रदेशों में सीटों का एलान किया गया है।

By Jagran News Edited By: Himani Sharma Updated: Sat, 02 Mar 2024 07:18 PM (IST)
Hero Image
BJP उम्‍मीदवारों की पहली लिस्‍ट जारी, जम्मू-कश्मीर से दो सीटों की घोषणा

राज्य ब्यूरो, जम्मू। Lok Sabha Elections 2024: भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए जम्मू कश्मीर की दो सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। जम्मू संभाग की ये दोनों प्रमुख सीटें वर्ष 2014 से भाजपा के पास हैं और यहां से पार्टी ने अपने दोनों सांसदों को लगातार तीसरी बार मैदान में उतारा है। जम्मू-रियासी संसदीय क्षेत्र से जुगल किशोर शर्मा और ऊधमपुर-डोड-कठुआ संसदीय क्षेत्र से डॉ. जितेंद्र सिंह को जीत की हैट्रिक लगाने का अवसर मिला है।

डॉ. जितेंद्र सिंह पीएमओ में केंद्रीय राज्यमंत्री भी हैं। इन दोनों सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की उम्मीद है। इस सीट पर नेशनल कान्फ्रेंस ने वर्ष 2014 और 2019 में अपने उम्मीदवार नहीं उतारे थे। प्रदेश के अन्य तीन संसदीय क्षेत्रों के लिए भाजपा अपने उम्मीदवारों की घोषणा अगले सप्ताह कर सकती है।

जितेंद्र ने जनता की उम्मीदों को पूरा करने का किया प्रयास

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि जुगल किशोर शर्मा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में जनता की उम्मीदों को पूरा करने का प्रयास किया है। हमारे दोनों सांसद जमीन से जुड़े हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ सबका विश्वास का जो नारा दिया है, उसके अनुरूप इन लोगों ने काम किया है। जनता को उनपर विश्वास है और वह जीत की हैटिक लगाकर भाजपा के 370 और एनडीए के 400 पार के लक्ष्य को पूरा करने में सहयोग करेंगे।

डॉ. जितेंद्र सिंह

पीएमओ में बीते 10 वर्ष से केंद्रीय राज्यमंत्री डा. जितेंद्र सिंह मूलत: जिला डोडा के रहने वाले हैं। उन्होंने अपने जीवन का पहला चुनाव ही वर्ष 2014 में ऊधमपुर-डोडा-कठुआ संसदीय क्षेत्र से लड़ा था। उनका मुकाबला कांग्रेस के कद्दावर नेता गुलाम नबी आजाद (जो जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं) से हुआ था। डा. जितेंद्र सिंह ने सभी को चौंकाते हुए आजाद को 60,976 वोटों के अंतर से हराया था। आजाद बीते दो वर्ष से कांग्रेस से अलग हैं और उन्होंने अपना राजनीतिक दल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी बनाया है।

आजाद को वर्ष 2014 के संसदीय चुनाव में बतौर कांग्रेस उम्मीदवार 4,26,393 वोट और भाजपा उम्मीदवार डा. जितेंद्र सिंह को 4,87,369 वोट मिले थे। वर्ष 2019 में डॉ. जितेंद्र सिंह ने इसी सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह को 3,56,802 वोटों के अंतर से हराया था। जम्मू कश्मीर के अंतिम डोगरा शासक स्व. महाराजा हरि सिह के पौत्र और डॉ. कर्ण सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह को 3,67,509 और जितेंद्र सिंह को 7,24,311 वोट मिले थे। जितेंद्र सिंह वर्ष 2008 में श्री अमरनाथ भूमि आंदोलन में सक्रिस भूमिका निभाने के बाद सियासत में आए थे।

यह भी पढ़ें: Lok Sabha Elections 2024: PM मोदी वाराणसी से लड़ेंगे चुनाव, भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

जुगल किशोर शर्मा

भाजपा ने जुगल किशोर शर्मा को वर्ष 2014 में जम्मू-पुंछ संसदीय क्षेत्र (जो अब जम्मू-रियासी संसदीय क्षेत्र हैं) में अपना उम्मीदवार बनाया था। उस समय जुगल किशोर शर्मा के सामने कांग्रेस के दिग्गज नेता मदन लाल शर्मा थे। जुगल किशोर ने उन्हें 2,57,280 वोटों के अंतर से हराया था। जुगल किशोर को 6,19,995 और मदन लाल शर्मा को 3,62,715 वोट मिले थे। इससे पहले मदन लाल शर्मा ने वर्ष 2004 और 2009 में यह सीट लगातार दो बार जीती थी।

सांसद बनने से पहले जुगल किशोर शर्मा जम्मू के नगरोटा विधानसभा क्षेत्र से दो बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे। वर्ष 2019 में भाजपा ने जुगल किशोर शर्मा पर दोबारा भरोसा जताया और उन्हें फिर जम्मू-पुंछ संसदीय क्षेत्र में मैदान में उतारा। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस के रमण भल्ला से हुआ। रमण भल्ला को नेशनल कान्फ्रेंस का भी समर्थन था। इसके बावजूद रमण भल्ला 3,02875 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए। जुगल किशोर शर्मा को 8,58,066 और रमन भल्ला को 5,55,191 वोट मिले थे।

अन्य तीन सीटों पर इनके नाम पर चर्चा

श्रीनगर-गांदरबल सीट के लिए भाजपा में द्रक्षां अंद्राबी, अल्ताफ ठाकुर, अशोक भट्ट और आरिफ रजा के नाम पर चर्चा चल रही है, जबकि उत्तरी कश्मीर में बारामुला-कुपवाड़ा सीट पर अनवर खान, पूर्व एमएलसी सुरिंद्र अंबरदार और फकीर मोहम्मद खान के नाम पर मंथन जारी है। उत्तरी कश्मीर में भाजपा पूर्व उपमुख्यमंत्री मुजफ्फर हुसैन बेग को भी बतौर निर्दलीय अपना समर्थन दे सकती है। वहीं, अनंतनाग-राजौरी संसदीय क्षेत्र में भाजपा के प्रदेश प्रमुख रविंद्र रैना, पूर्व सांसद चौधरी तालिब हुसैन के नाम पर विचार किया जा रहा है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर