Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jammu Kashmir Election: बाहु सीट पर BJP-Congress में होगा दिलचस्प मुकाबला, 2014 में कविंद्र गुप्ता ने मारी थी बाजी

जम्मू कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव का एलान हो चुका है। यहां तीन चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में हलचल तेज है। परिसीमन के बाद बने बाहु सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। परिसीमन से पहले यह विधानसभा सीट गांधी नगर से जानी जाती थी।

By rahul sharma Edited By: Rajiv Mishra Updated: Tue, 20 Aug 2024 10:29 AM (IST)
Hero Image
2014 में कविंद्र गुप्ता को रमण भल्ला को हराया था (फाइल फोटो)

राहुल शर्मा, जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों का बिगुल फूंक चुका है। भारत चुनाव आयोग ने हरियाणा के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में भी तीन चरणों में चुनाव करवाने की घोषणा की है।

चुनावी घोषणा के बाद जम्मू-कश्मीर के विभिन्न राजनीतिक दलों में चुनावों की तैयारियों को लेकर हलचल भी तेज हो गई है।

इसी के तहत जम्मू की महत्वपूर्ण गांधी नगर विधानसभा सीट जिसे परिसीमन लागू करने के बाद दो हिस्सों बाहु और गांधी नगर साउथ में बाट दिया गया था, पर चुनावी घमासान देखने को मिल सकता है।

2014 में भाजपा के कविंद्र गुप्ता ने जीता था चुनाव

इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। वर्ष 2014 में गांधी नगर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार कविंद्र गुप्ता ने अपनी जीत दर्ज की थी।

उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमण भल्ला को 16777 वोटों से हराया था। इस सीट पर मात्र 36.02 प्रतिशत वोटिंग हुई जिसमें गुप्ता ने 56679 वोट जबकि भल्ला ने 39902 वोट हासिल किए।

बाहु विधानसभा में हैं 121478 मतदाता

गांधी नगर सीट के दो हिस्सों में बंट जाने के बाद इस बाहु विधानसभा सीट पर खड़े होने वाले अपने मनपसंद उम्मीदवार को जिताने के लिए करीब 121478 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 62271 पुरुष जबकि 59207 महिला मतदाता शामिल हैं। महिला व पुरुष मतदाताओं की संख्या लगभग करीब ही है।

पार्टी उम्मीदवार को जीत हासिल करने के लिए पुरुषों के साथ-साथ महिला मतदाताओं का समर्थन जुटाने के लिए काफी प्रयास करना पड़ेगा। केवल एक वर्ग का समर्थन हासिल कर कोई भी नेता विधानसभा में प्रवेश नहीं करेगा।

गांधी नगर सीट पर भाजपा-कांग्रेस का बराबर रहा कार्यकाल

जम्मू-कश्मीर में वर्ष 2022 में परिसीमन लागू होने के बाद गांधी नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र को दो हिस्सों बाहु और गांधी नगर पूर्व में बांट दिया गया। यह केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के सबसे पॉश इलाकों में से एक है। यह क्षेत्र केंद्र शासित प्रदेश में अपनी सुविधाओं के लिए जाना जाता है।

इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस नेताओं का बराबर ही कार्यकाल रहा है। 1996 में भाजपा के चौधरी प्यारा सिंह ने इस सीट पर विजय हासिल की थी जबकि वर्ष 2002 और 2008 में कांग्रेस के रमण भल्ला ने लगातार इस सीट पर जीत दर्ज की। वर्ष 2014 में भाजपा वरिष्ठ नेता कविंद्र गुप्ता ने इस सीट पर विजय हासिल कर विधानसभा में प्रवेश पाया।

सीट पाने के लिए हर बार रही कांटे की टक्कर

गांधी नगर विधानसभा सीट पर जीत पाने के लिए भाजपा-कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच हर बार कांटे की टक्कर रही है। हालांकि वर्ष 2002 में नेशनल कांफ्रेंस के उम्मीदवार हरबंस सिंह भाजपा उम्मीदवार चरणजीत सिंह को पीछे धकेल चुनावों में दूसरा स्थान हासिल किया था।

उस दौरान भी भाजपा उम्मीदवार रमण भल्ला 37010 वोट हासिल कर इस सीट से वियजी रहे। हरबंस सिंह ने उनके मुकाबले 26517 वोट हासिल किए थे। चरणजीत सिंह को मात्र 3700 वोट हासिल कर संतोष करना पड़ा था। इससे पहले वर्ष 2008 में रमण भल्ला ने ही भाजपा के वरिष्ठ नेता निर्मल सिंह को मात्र 2263 वोटों से हराया था।

यह भी पढ़ें- Jammu Kashmir Election 2024: पीडीपी ने जारी की उम्‍मीदवारों की पहली सूची, महबूबा की जगह बेटी इल्तिजा लड़ेंगी चुनाव

इस विधानसभा चुनाव में वोट प्रतिशत अधिक रहने की उम्मीद

हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में अगर जम्मू जम्मू-रियासी सीट के मतदान प्रतिशत पर नजर डालें तो यह कहा जा सकता है कि इस बार बाहु विधानसभा सीट पर पिछले वर्षों के मुकाबले मतदान प्रतिशत बढ़ेगा। वर्ष 1996, 2002, 2008 और 2014 के दौरान गांधी नगर विधानसभा सीट के वोटिंग प्रतिशत पर नजर डालें तो यह तकरीबन 32 से 33 प्रतिशत के करीब है।

वर्ष 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में बाहु विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 62.34 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यानी 121478 मतदाताओं में से 75740 मतदाताओं ने मतदान केंद्र पहुंच वोट डाले। दस वर्ष बाद इस विधानसभा सीट के लिए पहली बार होने वाले मतदान में काफी संख्या में लोगों के मतदान केंद्रों में पहुंचने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

यह भी पढ़ें- Jammu Kashmir Elections 2024: नेशनल कॉन्फ्रेंस का घोषणापत्र जारी, मुफ्त बिजली- युवाओं को नौकरी समेत किए कई बड़े वादे

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें