Move to Jagran APP

महानपुर में महिला की चाकू से हत्या, आरोपित ननदोई गिरफ्तार

संवाद सहयोगी बसोहली महानपुर कस्बे में शनिवार को दिनदहाड़े चाकू मार कर एक महिला की हत्या कर

By JagranEdited By: Updated: Sun, 20 Feb 2022 06:01 AM (IST)
Hero Image
महानपुर में महिला की चाकू से हत्या, आरोपित ननदोई गिरफ्तार

संवाद सहयोगी, बसोहली : महानपुर कस्बे में शनिवार को दिनदहाड़े चाकू मार कर एक महिला की हत्या कर दी गई। हमले के दौरान महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने आरोपित को दबोच लिया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपित रिश्ते में महिला का ननदोई लगता है।

पुलिस के अनुसार धमलाड़ निवासी आरोपित ओम प्रकाश शनिवार दोपहर को अपर महानपुर में कुलदीप कुमार के घर आया। उस समय कुलदीप की पत्नी 27 वर्षीय शिल्पा शर्मा घर में अकेली थी। वहां पहुंचते ही आरोपित ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। हमले से लहूलुहान महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी पहुंचे और आरोपित को दबोच लिया। इस दौरान आरोपित ने महिला के पड़ोसियों को भी धमकाया कि कोई पास आया, तो उसे भी मार देगा। हालांकि पड़ोसियों ने उसे छोड़ा नहीं और पुलिस को सूचित कर दिया। थोड़ी ही देर में मौके पर पहुंची पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले गई। उधर, गंभीर रूप से घायल महिला ने ट्रामा अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतका के शव का बसोहली अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। सेना में है मृतका का पति : मृतका शिल्पा शर्मा का पति कुलदीप कुमार सेना में है। घटना के बारे में उसे सूचित कर दिया गया है। महिला के दो बच्चे भी हैं। एक लड़का एक साल का है। दूसरा बच्चा एलकेजी में है।

शादी समारोह में हुआ था झगड़ा : बताया जाता है कि इलाके के अदाट सिममनी गांव में शुक्रवार को शादी समारोह था। दोनों शिल्पा शर्मा और आरोपित ओमप्रकाश भी उसमें भाग लेने गए थे। वहां दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। महिला शनिवार को घर लौटी। थोड़ी ही देर बाद आरोपित भी आ धमका और वारदात को अंजाम दिया। बसोहली थाना प्रभारी सिकंदर सिंह चौहान का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।