Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Srinagar: LG मनोज सिन्‍हा ने की Independence Day समारोह की तैयारी, बोले- यह सरकारी समारोह नहीं, पवित्र पर्व है

Independence Day 2023 जम्‍मू कश्‍मीर में उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने स्‍वतंत्रता दिवस की समीक्षा बैठक में कहा कि यह सरकारी समारोह नहीं पवित्र पर्व है। पर्यटन स्थलों को तिरंगे की रोशनी से जगमग किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर स्थित प्रसिद्ध स्थान भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे की रोशनी में जगमग होंगे। इन इलाकों में तिरंगा यात्रा का भी आयोजन होगा।

By Jagran NewsEdited By: Himani SharmaUpdated: Wed, 09 Aug 2023 12:54 PM (IST)
Hero Image
LG मनोज सिन्‍हा ने की Independence Day समारोह की तैयारी, बोले- यह सरकारी समारोह नहीं, पवित्र पर्व है

श्रीनगर, राज्य ब्यूरो: उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर स्थित अमन कमान सेतु हो, किशनगंगा दरिया का किनारा हो या फिर टंगडार में मिलनगाह। पुंछ में रावलाकोट हो या फिर जम्मू का सुचेतगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिर्फ यही नहीं, अन्य सीमावर्ती चौकियां और गांव तिरंगे की रोशनी में जगमगाएंगे। हर घर की छत पर तिरंगा होगा। हाथों में तिरंगा लिए युवा और अन्य लोग जश्न मनाते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प दोहराएंगे।

हर घर तिंरगा और तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा

इस बीच, उपराज्यपल मनोज सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी की समीक्षा करते हुए कहा कि यह कोई सरकारी समारोह नहीं, बल्कि देश का सबसे पवित्र पर्व है जिसे पूरा समाज एकता, एक भाव के साथ मनाता है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

अमृत कलश यात्रा का भी किया जा रहा आयोजन

इसके अलावा मेरी माटी, मेरा देश अभियान के अंतर्गत देश की एकता, अखंडता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले वीरों के विशेष शिलालेख लगाने के साथ अमृत कलश यात्रा का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी प्रमुख पर्यटनस्थलों और सीमांत इलाकों में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर विशेष आयोजन होंगे। सभी पर्यटनस्थलों पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

पर्यटन स्‍थलों को तिरंगे की रोशनी से किया जाएगा जगमग

पर्यटन स्थलों को तिरंगे की रोशनी से जगमग किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर स्थित प्रसिद्ध स्थान भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे की रोशनी में जगमग होंगे। इन इलाकों में तिरंगा यात्रा का भी आयोजन होगा। सीमा और नियंत्रण रेखा पर कई इलाके ऐसे हैं, जहां होने वाली हर गतिविधि को पाकिस्तान के सीमांत नागरिक भी देख सकते हैं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी जारी

इन इलाकों में स्थानीय लोगों की तिरंगा रैलियों के जरिये पाकिस्तान में बैठे आतंकी सरगनाओं और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी को कश्मीर में अपने षड्यंत्र बंद करने का संदेश दिया जाएगा। यह रैलियां बताएंगी कि जम्मू कश्मीर के लोग किसी भी तरह से पाकिस्तान के बहकावे में नहीं आए हैं और पाकिस्तान अपने घर को सम्हाले। इस बीच, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी की समीक्षा की।

स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य होना चाहिए- उपराज्‍यपाल सिन्‍हा

बैठक में मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार मेहता, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव डा. मनदीप कुमार भंडारी और पुलिस व नागरिक प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। उपराज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य होना चाहिए। उन्होंने पूरे केंद्र शासित प्रदेश में मेरी माटी, मेरा देश अभियान, हर घर तिरंगा, जम्मू और श्रीनगर में तिरंगा यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी को एकजुट होकर काम करने के लिए कहा।

बड़ी संख्या में लोग स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में भाग लेंगे

जिला प्रशासन व अन्य संबधित विभागों को हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के आयोजन का निर्देश देते हुए कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में लोग स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के जश्न में आम नागरिकों, जन प्रतिनिधियों, युवा क्लबों, नागरिक समाज, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स और गाइड्स, सेना के दिग्गजों, पूर्व सैनिकों, गणमान्य नागरिकों और शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित बनाने के लिए कहा।

सम्मान में गतिविधियां आयोजित

उपराज्‍यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह कोई सरकारी समारोह नहीं, बल्कि देश का सबसे पवित्र पर्व है जिसे पूरा समाज एकता एवं एक भाव से मनाता है। उपराज्यपाल ने संस्कृति विभाग को बलिदानियों पर मोनोग्राफ लाने का सुझाव दिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रमुख इमारतों, पर्यटन स्थलों, सीमावर्ती गांवों को तिरंगी रोशनी से रोशन करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाली प्रमुख हस्तियों के सम्मान में गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर