Move to Jagran APP

बिहार के श्रमिक की हत्या पर उबला शोपियां, राहुल गांधी बोले- टारगेट किलिंग बर्दाश्त नहीं; युवाओं ने निकाली विरोध रैली

दक्षिण कश्मीर के शोपियां में आतंकियों द्वारा बिहार के एक श्रमिक की हत्या के विरोध में शनिवार को जिले में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। डिग्री कॉलेज शोपियां के छात्रों ने कालेज से जामिया मस्जिद तक विरोध रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाएं अंजाम देने वाले यहां अमन बिगाड़ना चाहते हैं और कश्मीर की छवि एक बार फिर खराब करना चाहते हैं।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Sun, 20 Oct 2024 02:47 PM (IST)
Hero Image
बिहार मजदूर की हत्या पर बोले राहुल गांधी- लक्षित हत्याएं बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। आतंकवाद के खिलाफ अब कश्मीर का युवा खुलकर आगे आ रहा है। दक्षिण कश्मीर के शोपियां में आतंकियों द्वारा बिहार के एक श्रमिक की हत्या के विरोध में शनिवार को जिले में विरोध प्रदर्शन हुए। डिग्री कालेज शोपियां के विद्यार्थियों ने कालेज से जामिया मस्जिद तक विरोध रैली निकाली।

छात्र-छात्राओं ने हाथों में बैनर उठा रखे थे, जिन पर मासूमों का कत्ल बंद करो, ऐसी घटनाएं मंजूर नहीं, अमन के दुश्मन-हाय-हाय के नारे लिखे थे। प्रदशर्नकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाएं अंजाम देने वाले यहां अमन बिगाड़ना चाहते हैं और कश्मीर की छवि एक बार फिर खराब करना चाहते हैं।

विरोध रैली में स्थानीय लोगों ने भी लिया हिस्सा

उन्होंने प्रशासन पर जोर देकर कहा कि अमन के दुश्मनों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। विरोध रैली में छात्रों के साथ स्थानीय लोगों ने भी हिस्सा लिया। वहीं उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला व अन्य नेताओं ने हत्या की निंदा की।

इस बीच, शोपियां के उपायुक्त शाहिद सलीम ने कहा कि मारे गए श्रमिक के परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि वह शव को यहां से बिहार ले जाने की स्थिति में नहीं थे। ऐसे में हमने उसके शव को एयरलिफ्ट कर उनके पैतृक गांव पहुंचाने की व्यवस्था की।

गोली मारकर अशोक चौहान की हत्या

बता दें कि बिहार के बांका के कैथा गांव के श्रमिक अशौक चौहान की आतंकियों ने शुक्रवार को शोपियां में गोली मारकर हत्या कर दी थी। अशोक रेहड़ी पर भुट्टा बेचकर रोटी-रोजी कमाता था। अनंतनाग के संगम में एक किराये के कमरे में रहता था।

गत वीरवार वह शोपियां के वंदना मलहूरा इलाके में भु्ट्टे खरीदने गया था, लेकिन वापस नहीं आया था। अगले दिन शुक्रवार को गोलियों के छलनी उसका शव मलहूरा के एक खेत में पड़ा हुआ मिला था।

'संकट की घड़ी में देश दिवंगत परिवार के साथ'

प्रदेशा भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि जिन्होंने भी यह कृत्य किया है सुरक्षाबल उन्हें जल्द ही तलाश कर सख्त सजा देंगे। पाकिस्तान अपनी हरकतें बंद कर दे। कायर पाकिस्तानी आतंकवादियों ने बिहार के एक मजदूर अशोक चौहान की हत्या कर दी। यह एक बड़ा अपराध है।

'लक्षित हत्याएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शोपियां जिले में गत शुक्रवार को बिहार के श्रमिक अशोक चौहान की आतंकियों द्वारा की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि पूरा देश ऐसे “अमानवीय और निंदनीय” अपराधों के खिलाफ है। गांधी ने इंटरनेट मीडिया पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा, “मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

'इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाएं'

प्रदेश कांग्रेस प्रमुख तारिक हमीद करा ने कहा कि किसी भी नागरिक की हत्या निंदनीय और अस्वीकार्य है। जम्मू कश्मीर में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाना जरूरी है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

सुरक्षाबल दोषियों को तलाश कर दें सख्त सजा

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि शोपियां में जो हुआ, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। दुख की इस घड़ी में पूरा देश मृतक के परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। हमारे सुरक्षाबल दोषियों को ढूंढकर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए दृढ़संकल्प हैं।

दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं मृतक के परिवार के सदस्यों व मित्रों के साथ हैं।’ उन्होंने प्रदेश प्रशासन को दिवंगत के परिजनों की रह संभव मदद करने का भी निर्देश दिया और कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस इस वारदात में शामिल आतंकियों को जल्द ही चिह्नित कर, दिवंगत चौहान को न्याय दिलाएगी।

हिंसा का दुष्चक्र समाप्त हो मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ‘मुझे इस घटना के बारे में सुनकर काफी दुख हुआ है। इस घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। मेरी संवेदनाएं मृतक के परिवाजनों के साथ हैं।’ जम्मू कश्मीर में हिंसा का यह दुष्चक्र समाप्त होना चाहिए। जिन्होंने यह हत्या की है, वह कश्मीर और कश्मीरियों के दुश्मन हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।