'...अनुच्छेद 370 हटाने का विरोध करने वालों को करारा जवाब', श्रीनगर की तिरंगा रैली में बोले LG मनोज सिन्हा
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों व नायकों की यादें हमेशा हमारे दिल में रहेगी और प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि मैं अपने स्वतंत्रता सेनानियों व नायकों के आगे सिर झुकाता हूं जिन्होंने मातृभूमि के लिए बलिदान दिए हैं। उन्होंने यह विचार आज श्रीनगर में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में व्यक्त किए। उनके साथ पुलिस महानिदेश दिलबाग सिंह भी मौजूद रहे।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। श्रीनगर में देशभक्ति और राष्ट्रवाद के जोश के साथ तिरंगा रैली में भारी जनभागीदारी अनुच्छेद-370 हटाने का विरोध करने वालों को करारा जवाब है। आज हर कश्मीरी हाथ में तिरंगा लेकर उत्साहित है। वे इस क्षण पर गर्व महसूस कर रहे हैं। यह बातें उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को श्रीनगर के बाटनिकल गार्डन में एक सभा को संबोधित करते हुए कही।
एसकेआइसीसी से बाटनिकल गार्डन तक रैली में उपराज्यपाल के साथ शामिल मुख्य सचिव अरुण मेहता, पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह सहित हजारों स्थानीय नागरिक शामिल हुए। श्रीनगर में एक अन्य कार्यक्रम 'मेरी माटी, मेरा देश' में विद्यार्थियों और आम लोगों की रिकार्ड मानव श्रृंखला पर उपराज्यपाल उत्साहित दिखे। इस कार्यक्रम में करीब 15 हजार लोगों की भीड़ उमड़ी थी।
'तिरंगे का विरोध करने वालों को दिखाया आइना'
तिरंगा रैली में उपराज्यपाल ने कहा कि लोगों ने इस अवसर का हिस्सा बनने और तिरंगे के प्रति सम्मान दिखाने की जिम्मेदारी समझी है। इसके साथ ही तिरंगे का विरोध करने वालों को आइना भी दिखाया। तिरंगा स्वतंत्रता सेनानियों, हमारे बलिदानियों के सपनों का प्रतिनिधित्व करता है। वह उन सभी महान हस्तियों को नमन करते हैं, जिन्होंने अमूल्य योगदान दिया और देश की प्रगति और समृद्धि के लिए अपनी आखिरी सांस तक संघर्ष किया।
'पूरे जम्मू-कश्मीर में चल रही तिरंगा यात्राएं'
उपराज्यपाल ने कहा कि आज पूरे जम्मू-कश्मीर में तिरंगा यात्राएं चल रही हैं। सड़कों पर पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की उत्साहभरी भागीदारी देश के लिए भी प्रेरणा है। पुलवामा से पुंछ तक, कुलगाम से कठुआ तक, जम्मू से श्रीनगर तक 20 जिलों में तिरंगे फहरा कर जश्न मना रहे हैं। उपराज्यपाल ने तिरंगा यात्रा में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में एकत्रित जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों व नागरिकों को प्रधानमंत्री की पंच प्रण शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि एक साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ रहा है। जीवन के सभी क्षेत्रों के लोग जम्मू-कश्मीर के भविष्य को आकार देने और विकसित भारत की यात्रा में योगदान देने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।