Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jammu News: पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू में भारतीय चौकियों पर की गोलीबारी, बीएसएफ ने दिया मुंहतोड़ जवाब

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा गोलीबारी रात करीब आठ बजे शुरू हुई और गोलीबारी अभी भी जारी है। बीएसएफ ने कहा कि आज रात करीब दो बजे पाक रेंजर्स ने अरनिया इलाके में बीएसएफ चौकियों पर बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी जिसका बीएसएफ जवानों द्वारा माकूल जवाब दिया जा रहा है।

By Jagran NewsEdited By: Jeet KumarUpdated: Fri, 27 Oct 2023 12:13 AM (IST)
Hero Image
पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू में भारतीय चौकियों पर की गोलीबारी

पीटीआई, जम्मू। गुरुवार सुबह कुपवाड़ा के मच्छल सेक्टर में घुसपैठ नाकाम होने और पांच घुसपैठियों के मारे जाने से बौखलाए पाकिस्तानी रेंजरों ने गुरुवार देर शाम जम्मू के अरनिया और साथ लगते आरएसपुरा में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारी गोलाबारी शुरू कर दी। इसमें विक्रम पोस्ट में सीमा सुरक्षा बल के दो जवानों के घायल होने की सूचना है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पाकिस्तानी मोर्टार सरहद से करीब तीन किलोमीटर भीतर अरनिया गांव में भी गिरे। इससे लोग सहम गए और अपने स्वजन के साथ पीछे सुरक्षित स्थानों पर आ गए। पाकिस्तान ने करीब ढाई वर्ष बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इतनी भारी गोलीबारी की है।

क्यों करते हैं पाकिस्तानी रेंजर्स गोलीबारी

वहीं, सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने भी पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। देर रात तक सीमा पर दोनों तरफ से गोलाबारी जारी रही। पाकिस्तान की ओर से ऐसी गोलीबारी अक्सर आतंकियों की घुसपैठ करवाने के लिए की जाती है। ऐसे में गोलीबारी का जवाब देने के साथ सीमा सुरक्षा बल ने क्षेत्र में चौकसी के स्तर को और बढ़ा दिया है।

अन्य चौकियों पर भी गोलीबारी शुरू कर दी

सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी रेंजरों ने देर शाम 8:10 बजे अरनिया में भारत की एक चौकी को निशाना बनाकर गोलियां दागना शुरू कर दी। सीमा सुरक्षा बल की ओर से जवाबी कार्रवाई करने के बाद पाकिस्तानी रेंजरों ने दो अन्य चौकियों पर भी गोलीबारी शुरू कर दी।

इस दौरान भारतीय क्षेत्र में रोशनी करने के लिए पाकिस्तान रेंजरों ने रोशनी करने वाले गोले भी हवा में दागे। इस समय जम्मू के अरनिया व आरएसपुरा के सीमांत क्षेत्रों में फसल की कटाई का काम जारी है और अन्य प्रदेशों के कई श्रमिक भी काम में जुटे हैं। इस गोलीबारी के बाद रात को ही सभी लोग सुरक्षित स्थानों की ओर आ गए। इसी बीच, सीमा सुरक्षा बल जम्मू फ्रंटियर के प्रवक्ता ने कहा कि सीमा पार से गोलीबारी जारी है। जवानों की ओर से गोलीबारी का कड़ा जवाब दिया जा रहा है। वहीं लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया है।

इसलिए बौखलाया पाकिस्तान

बता दें कि 26 अक्टूबर को जम्मू कश्मीर का भारत के साथ विलय हुआ था, इसका जश्न हर वर्ष प्रदेश में मनाया जाता है। इसके अलावा 31 अक्टूबर को जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश के रूप में पुनर्गठित होने के चार वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस दिन को भी उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी चल रही है, जो पाकिस्तान को रास नहीं आ रही है।

10 दिन में दूसरी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन

पाकिस्तान की ओर से अरनिया में पिछले 10 दिन में संघर्ष विराम के उल्लंघन का यह दूसरा मामला है। इससे पहले पाकिस्तानी रेंजरों ने 17 अक्टूबर को अरिनया में गोलीबारी की थी, जिसमें सीमा सुरक्षा बल की 120 बटालियन के दो जवान घायल हो गए थे। वहीं, सीमा प्रहरियों ने 21 अक्टूबर को सरहद पार संदिग्ध हरकत देखे जाने के बाद हवा में गोलीबारी कर उन्हें पीछे खदेड़ दिया था।

2021 को फिर लागू हुआ था संघर्ष विराम समझौता

भारत और पाकिस्तान ने 25 फरवरी, 2021 को संघर्ष विराम समझौते को फिर से लागू किया था। इससे पहले पाकिस्तान नियंत्रण रेखा से लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आए दिन भारी गोलाबारी करता था। यह समझौता फिर से लागू होने के बाद भी पाक की ओर से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर छुटपुट गोलीबारी की घटनाएं होती रहीं। इससे पहले दोनों देशों के बीच 2002 में संघर्ष विराम समझौता हुआ था, लेकिन पाकिस्तान अक्सर इसका उल्लंघन करता था।