Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jammu news: 'भारत को शिखर पटल पर पहुंचने में जम्मू कश्मीर का प्रमुख योगदान', केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने घाटी के बारे में कही ये बात

केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत को शिखर पटल पर पहुंचने में जम्मू कश्मीर का प्रमुख योगदान रहेगा। देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने का काम जम्मू कश्मीर जैसे हिमालयन प्रदेशों से होने वाला है। भारत की साख दुनिया में इस तरह से जमी है कि दुनिया भारत के नेतृत्व में काम करने को तैयार है।

By amit mahi Edited By: Jeet KumarUpdated: Mon, 01 Jan 2024 05:00 AM (IST)
Hero Image
मन की बात कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मंच से संबोधित करते केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। वर्ष 2047 में भारत को शिखर पटल पर पहुंचने में जम्मू कश्मीर का प्रमुख योगदान रहेगा। देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने का काम जम्मू कश्मीर जैसे हिमालयन प्रदेशों से होने वाला है। यह बात केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने ऊधमपुर के सेंट थॉमस चर्च (यूनियन चर्च) में कही। वह यहां पर आयोजित मन की बात कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल होने आए थे।

भारत के लिए वर्ष 2023 महत्वपूर्ण रहा

पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि भारत के लिए वर्ष 2023 महत्वपूर्ण रहा है। यह चंद्रयान, जी-20 और अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स था। इन सब उपलब्धियों ने भारत को विश्व में प्रथम श्रेणी के देशों में लाकर खड़ा किया। वर्ष 2023 में एक के बाद एक हुए सर्वे, विश्व व्यापी ओपिनियन पोल में नरेन्द्र मोदी विश्व के लोकप्रिय व कद्दावर नेता करार दिए गए।

आगे बोले कि इसी आत्मविश्वास के साथ देश 2024 में कदम रख रहा है। भारत की साख दुनिया में इस तरह से जमी है कि दुनिया भारत के नेतृत्व में काम करने को तैयार है। अब समय आ गया है जब देश क्षमता के साथ मोदी नेतृत्व में अन्य देशों को नेतृत्व देने की स्थिति में होगा। फिर चाहे वह अंतरिक्ष का क्षेत्र हो या स्वास्थ्य सेवा का। भारत ने ही विश्व को कोविड वैक्सीन भेंट की थी।

25 वर्ष का सफर का 2023 से शुभारंभ हो चुका है

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि देश के युवाओं से केवल भारत ही नहीं विश्व को अपेक्षाएं हैं। अमृत काल के अगले 25 वर्ष का सफर का 2023 से शुभारंभ हो चुका है, मगर 2024 में चरम सीमा तक पहुंचने का नया सफर शुरू होगा। आज भारत विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है और 2024 में ही यह चौथे दर्जे पर होगी तथा मोदी के तीसरे कार्यकाल में यह तीसरे नंबर पर होगी। इसमें जम्मू कश्मीर का बडी भूमिका व महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।

उन्होंने कहा कि भारत को शिखर पटल पर पहुंचने के लिए जिस वैल्यु एडिशन की जरूरत होगी, वह जम्मू कश्मीर करेगा। वह सारे साधन व स्रोत जो अभी तक न तलाशे गए न तराशे गए वह जम्मू कश्मीर से मुहैया होने वाले हैं। उन्होंने लैंवेंडर क्रांति का जिक्र करते हुए कहा कि डोडा जिला के छोटे से कस्बे भद्रवाह से शुरू हुई बैंगनी क्रांति का अनुसरण आज उत्तराखंड, हिमाचल, दूर पूर्वोत्तर नागालैंड में हो रहा है।

यह भी पढ़ें- माता वैष्णो देवी के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं का लगा तांता, तीन घंटे पहले ही यात्रा पंजीकरण केंद्र हुआ बंद

राम मंदिर को लेकर कही ये बात

अयोध्या राम मंदिर पर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतवासी उस दिन को लेकर उत्साहित है। मोदी ने वह बात कही है, जो सबके मन में थी और शब्दों का रूप देते हुए कहा कि दिए भी जलाए जाएंगे, उत्सव भी मनाया जाएगा और लंबे समय चली आ रही आकांक्षा की पूर्ति का जश्न भी होगा।

इससे पहले मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद मंच से संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि मन की बात का इस वर्ष का अंतिम अंक था। प्रधानमंत्री ने समाज में बहुत सारी नई परंपराएं कायम करने का काम किया है। मन की बात भी एक ऐसी परंपरा है।

इससे पहले चर्च में पहुंचने पर बिशप संतोष थामस ने केंद्रीय राज्यमंत्री व अन्य नेताओं का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि चर्च में प्रत्येक रविवार को देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व कैबिनेट मंत्री सहित सभी के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की जाती है। इस अवसर पर भाजपा नेता व अन्य मौजूद थे।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर