Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

टाटानगर-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का तकनीकी ट्रायल रन हुआ सफल, 6 घंटे 50 मिनट में पूरा होगा सफर

झारखंड और बिहार के बीच जल्द ही नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जाएगी। यह ट्रेन टाटानगर से पटना के लिए चलेगी। इस ट्रेन का तकनीकी ट्रायल रन पूरा कर लिया गया है। यह ट्रेन मंगलवार सुबह टाटानगर से चली और बोकारो होते हुए पटना पहुंची। टाटा से पटना का सफर यह ट्रेन 6 घंटे 50 मिनट में पूरा करेगी। ट्रेन का परिचालन 20 सितंबर से शुरू हो सकता है।

By Birendra Kumar Pandey Edited By: Rajat Mourya Updated: Tue, 10 Sep 2024 04:18 PM (IST)
Hero Image
टाटा से पटना तक दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस।

जागरण संवाददाता, बोकारो। रांची-वाराणसी के बाद बोकारो को मिलने वाली दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस (Tatanagar Patna Vande Bharat) का तकनीकी ट्रायल रन मंगलवार को किया गया। यह ट्रेन सुबह टाटानगर से चली और बोकारो होते हुए पटना तक गई।

बोकारो रेलवे स्टेशन पर स्थानीय अधिकारियों ने ट्रेन के क्रू मेंबर का स्वागत किया और आगे के लिए रवाना कर दिया।

20 सितंबर से शुरू हो सकता है परिचालन

आगामी 15 सितंबर को ट्रेन का उद्घाटन होना है। संभावना है कि 20 सितंबर से इसका नियमित परिचालन होगा। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास कुमार ने बताया कि ट्रायल रन पूरा हो चुका है। इसका किराया अन्य वंदे भारत की तर्ज पर ही रहेगा।

टाटानगर-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का टाइम टेबल

जारी समय सारणी के अनुसार, ट्रेन सुबह 5.30 बजे टाटा से चली, इसके बाद 7.13 बजे मुरी, 8.08 बजे बोकारो, 8.53 बजे गोमो, 10.55 में गया और 12.20 बजे पटना जंक्शन पहुंची।

वापसी में पटना से यह ट्रेन दोपहर बाद 2.15 बजे चलेगी। गया में वापसी में यह ट्रेन 3.40, गोमो में शाम 04 बजकर 58 मिनट, 6.20 बजे बोकारो, शाम 07.08 बजे मुरी तथा रात्रि 9.05 पर टाटा पहुंचेगी।

टाटा से पटना तक की दूरी ट्रेन छह घंटे 50 मिनट तथा बोकारो से पटना तक की दूरी मात्र 04 घंटा 10 मिनट में पूरा करेगी।

ये भी पढ़ें- Vande Bharat: 15 सितंबर से चलेगी 3 नई वंदे भारत, टाइम-टेबल जारी; यहां देखें रूट चार्ट

ये भी पढ़ें- Vande Bharat: कवच से लैस आठ कोच की होगी बनारस-आगरा वंदे भारत, जानिए कब से शुरू होगी