Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand News: धार्मिक स्थलों की सुध लेगी चंपई सरकार, CM सोरेन ने लोकसभा चुनाव से पहले चला बड़ा दांव

झारखंड के चतरा में शंखनाथ व मंत्रोच्चारण के बीच सोमवार को मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने दसवें राजकीय इटखोरी महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन में आस्था का भी बहुत बड़ा महत्व है। राज्य में आस्था के स्थलों को सुंदर और सुरक्षित किया जाएगा। सभी धर्म के धार्मिक स्थलों में सुंदरीकरण का कार्य होगा।

By Julqar Nayan Edited By: Shashank ShekharUpdated: Mon, 19 Feb 2024 06:41 PM (IST)
Hero Image
Jharkhand News: धार्मिक स्थलों की सुध लेगी चंपई सरकार, CM सोरेन ने लोकसभा चुनाव से पहले चला बड़ा दांव

संवाद सहयोगी, इटखोरी (चतरा)।  झारखंड के चतरा में शंखनाथ व मंत्रोच्चारण के बीच सोमवार को मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने दसवें राजकीय इटखोरी महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में उद्योग मंत्री सत्यानंद भोक्ता, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, स्थानीय विधायक किशुन कुमार दास, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय चौबे, उपायुक्त अबु इमरान, पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, बौद्ध धर्म गुरु भंते तिस्सावरो, दिगंबर जैन धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद जैन, मां भद्रकाली मंदिर के पुजारी नागेश्वर तिवारी भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने महोत्सव के मंच पर अन्य अतिथियों के साथ सर्वप्रथम दीप जलाकर राजकीय इटखोरी महोत्सव का उद्घाटन किया। इससे पूर्व उन्होंने ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर में पूरे विधि विधान के साथ पूजा की। पूजा के पश्चात मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में अन्य अतिथियों के साथ पौधारोपण किया।

आस्था के स्थलों को सुंदर और सुरक्षित किया जाएगा- चंपई सोरेन

महोत्सव के मंच से अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आस्था के स्थलों को सुंदर और सुरक्षित किया जाएगा। सभी धर्म के धार्मिक स्थलों में सुंदरीकरण का कार्य होगा। इटखोरी का मां भद्रकाली मंदिर परिसर आस्था का बड़ा केंद्र है। यह ऐतिहासिक स्थल सनातन, बौद्ध एवं जैन धर्म का संगम स्थल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन में आस्था का भी बहुत बड़ा महत्व है। लोग अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार अपने आराध्य देव की पूजा अर्चना करते हैं। आस्था के ऐसे स्थल स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित होने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का यह संकल्प है कि प्रदेश के प्रसिद्ध आस्था के स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाया जाएगा। हर धर्म के आस्था के स्थलों में पर्यटन विकास के काम होंगे।

हेमंत बाबू के द्वारा शुरू किए कार्यों को तेजी से बढ़ाया जाएगा- चंपई सोरेन

मुख्यमंत्री ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि हेमंत बाबू के द्वारा शुरू किए गए कार्यों को और तेज रफ्तार से आगे बढ़ाया जाएगा। राज्य के आदिवासी, दलित, पिछड़े वर्ग व गरीबों के उत्थान व विकास के लिए सरकार कृत संकल्प है। हर स्तर से उनका विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी, दलित, पिछड़े वर्ग तथा गरीब लोगों के लिए वर्ष 2027 तक 20 लाख आवास सरकार बनाएगी। गरीब तबके के विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए 15 लाख रुपया सरकार देगी। सरकार की कोशिश है कि राज्य में अमीरी व गरीबी का भेद पूरी तरह मिट जाए।

अब झारखंड ने भी विकास की रफ्तार पकड़ ली- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने दुख जताते हुए कहा कि झारखंड खनिज संपदा के मामले में बहुत अमीर है। यहां कोयला, लोहा, अभ्रक तथा सोना भी है। फिर भी यहां के लोग गरीब है। झारखंड के खनिज संपदा से देश के दूसरे राज्य विकसित हो रहे हैं, लेकिन अब झारखंड ने भी विकास की रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री ने महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से शांति व उल्लास के साथ महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठाने का सुझाव दिया।

महोत्सव के मंच पर जिला प्रशासन ने स्मृति चिन्ह तथा शाल ओढ़ाकर मुख्यमंत्री व अन्य अतिथियों का स्वागत किया। जैन समाज के लोगों ने भी मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह प्रदान किया।

ये भी पढ़ें: दृढ़ इच्छा शक्ति... और बदल गई किसान की किस्मत, खेती से अब हो रही बंपर कमाई; दूसरों के लिए बने प्रेरणा

ये भी पढ़ें: 24 फरवरी को साहिबगंज आएंगे चंपई सोरेन, Abua Awas के लाभुकों को बांटेंगे स्वीकृति पत्र; तैयारियों में जुटा प्रशासन