Move to Jagran APP

निरंजना नदी से बालू की सरेआम लूट

जागरण संवाददाता चतरा हंटरगंज स्थित निरंजना नदी से बालू की सरेआम लूट हो रही है। दर्जन

By JagranEdited By: Updated: Thu, 15 Oct 2020 05:32 PM (IST)
Hero Image
निरंजना नदी से बालू की सरेआम लूट

जागरण संवाददाता, चतरा : हंटरगंज स्थित निरंजना नदी से बालू की सरेआम लूट हो रही है। दर्जनों ट्रैक्टर इस खेल में जुटे हुए हैं। बावजूद प्रखंड प्रशासन तमाशबीन बना हुआ है। बता दें कि उपर्युक्त अंचल की केदलीकलां पंचायत में गढ़केदली घाट पर बालू उठाव की जिम्मेदारी झारखंड राज्य खनिज विकास निगम को दी गई है। उठाव के लिए जगह निर्धारित है। मगर उस घाट की आड़ में नदी के दूसरे हिस्से से बालू का उठाव कर बेचा जा रहा है। सरकारी निर्देश के मुताबिक नदी पुल के निकट से बालू का उठाव वर्जित है। इसके बावजूद निरंजना नदी पर बने कौलेश्वरी पुल के निकट से भी बालू का उठाव हो रहा है। इससे उस पुल के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है। यह पुल हंटरगंज के पश्चिमी और पूर्वी भाग को जोड़ता है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल कौलेश्वरी मार्ग पर स्थित होने से भी इसका बड़ा महत्व है। पुल के क्षतिग्रस्त होने पर हंटरगंज का पूर्वी भाग प्रखंड मुख्यालय से कट जाएगा। वैकल्पिक पुल नहीं होने से आवागमन में परेशानी होगी। खासकर कौलेश्वरी जाने वाले पर्यटकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों का कहना है कि बालू लूट से नदी के अस्तित्व को तो खतरा है ही, सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा है। यदि यही स्थिति रही तो एक दिन स्थानीय लोगों को बालू के लिए दूसरी नदियों पर निर्भर रहना पड़ेगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।