Move to Jagran APP

Godda: सुंदरपहाड़ी के चंदना में सिदो-कान्हू मेला शुरू, संताल हूल का नेतृत्व करने वाले नायक को याद कर रहे लोग

अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर सुंदरपहाड़ी प्रखंड के चंदना गांव में सोमवार शाम सिदो-कान्हू मेला की शुरू की गई। यह आयोजन पूरी रात चलेगा। मौके पर चंदना में स्थापित अमर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर झामुमो नेताओं ने देर शाम महोत्सव का शुभारंभ किया।

By Jagran NewsEdited By: Mohit TripathiUpdated: Mon, 01 May 2023 10:32 PM (IST)
Hero Image
अंग्रेजी शासन व्यवस्था के खिलाफ संताल हूल का नेतृत्व करने वाले सिदो कान्हू ही जनमानस के नायक।
जागरण संवाददाता, गोड्डा: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जिले के सुंदरपहाड़ी प्रखंड के चंदना गांव में सोमवार की शाम सिदो-कान्हू मेला सह सांस्कृतिक महोत्सव शुरू किया गया। यह आयोजन पूरी रात चलेगा।

नेताओं ने युवा पीढ़ी से की अपील

देर शाम कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर झामुमो नेताओं ने युवा पीढ़ी से सिदो कान्हू की जीवनी को पढ़ने की अपील की। नेताओं ने कहा कि संताल के जनजीवन में सिदो कान्हू की संघर्ष गाथा रची बसी है। सार्वजनिक आयोजनों के गीत-संगीत में भी सिदो, कान्हू, चांद, भौरव और फूलो झानो का जिक्र रहता है।

सिदो कान्हू की प्रासंगिकता आज भी बरकरार

इस मौके पर झामुमो नेता विनोद मुर्मू ने कहा कि संताल परगना में सिदो कान्हू की प्रासंगिकता आज भी बरकरार है। संताल हूल के नायक सिदो, कान्हू, चांद और भौरव नामक चार भाइयों ने अंग्रेजी शासन व्यवस्था में दमन और शोषण के खिलाफ जनमानस को लड़ने की हिम्मत दी थी। मजदूर दिवस पर इन वीर सपूतों को याद करना समय की मांग है।

नृत्य-संगीत का होगा आयोजन

मौके पर चंदना में स्थापित अमर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर झामुमो नेताओं ने देर शाम महोत्सव का शुभारंभ किया। यहां देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम में सिदो कान्हू की जीवनी पर भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न आदिवासी विधाओं पर नृत्य व संगीत प्रतिस्पर्धा आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम में आदिवासी संगीत नाईट की रंगारंग प्रस्तुति की जाएगी। मेला के मुख्य आकर्षण आदिवासी दोङ नाच और फ़ान्टोंड नाच है। इन प्रतिस्पर्धाओं में प्रथम पुरस्कार के रूप में दस हजार रूपए, द्वितीय पुरस्कार में सात हजार रूपए निर्धारित है।

सिदो-कान्हु का जीवनी आधारित संगीत और भाषण प्रतियोगिता में 42 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। देर रात्रि ठोपोंग टुडू आदिवासी नाईट धमाका में कलाकारों की ओर से रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी।

सांसद विजय हांसदा और हेमलाल मुर्मू के महोत्सव में शामिल होने की सूचना

सुंदरपहाड़ी के चंदना गांव में आयोजित सिदो कान्हू मेला सह सांस्कृतिक महोत्सव में राजमहल सांसद विजय हांसदा और पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू के भाग लेने की घोषणा की गई है। आयोजन समिति के उपाध्यक्ष माने मरांडी ने बताया कि मेला का शुभारंभ सांसद के हाथों ही होना था लेकिन किसी दूसरे कार्यक्रम में उनकी व्यस्तता के कारण सांसद यहां देर रात पहुंच पाएंगे। उनके साथ पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू के भी साथ रहने की संभावना है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।