Move to Jagran APP

Baba Basukinath Temple: अब बासुकीनाथ में भी श्रद्धालु कर सकेंगे अरघा से जलाभिषेक, 600 भक्तों को मिलेगी दर्शन अनुमति

बासुकीनाथ धाम में शुक्रवार से अरघा के माध्यम से श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे। करीब सात महीने के लंबे अंतराल के बाद श्रद्धालुओं को इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा। सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक विभिन्न राज्यों के कुल 600 श्रद्धालुओं को जलाभिषेक की अनुमति मिलेगी।

By Sagar SinghEdited By: Updated: Thu, 15 Oct 2020 08:04 PM (IST)
Hero Image
बासुकीनाथ धाम में शुक्रवार से अरघा के माध्यम से जलाभिषेक कर सकेंगे श्रद्धालु।

बासुकीनाथ, जेएनएन। बासुकीनाथ धाम में शुक्रवार से अरघा के माध्यम से श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे। करीब सात महीने के लंबे अंतराल के बाद श्रद्धालुओं को इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा। इसकी जानकारी देते हुए गुरुवार को बासुकीनाथ मंदिर के प्रभारी सह बासुकीनाथ नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल जी आनंद जी ने कहा कि बासुकीनाथ मंदिर में शुक्रवार से अरघा के माध्यम से जलाभिषेक की व्यवस्था की जा रही है। अब सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक जलाभिषेक की अनुमति होगी।

इससे पूर्व 11 बजे तक ही श्रद्धालुओं को दर्शन करने की अनुमति थी। मंदिर प्रभारी ने कहा कि पूजा में शामिल होने के लिए अब भी ई-पास की अनिवार्यता होगी। जिसमें एक घंटे में अधिकतम 100 श्रद्धालुओं को जलाभिषेक की अनुमति मिलेगी। सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक विभिन्न राज्यों के कुल 600 श्रद्धालुओं को जलाभिषेक की अनुमति मिलेगी।

हालांकि इस दौरान कोविड-19 के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए शारीरिक दूरी का पालन, मास्क व सैनिटाइजर लगाने की अनिवार्यता होगी। गौरतलब है कि बासुकीनाथ मंदिर में भी बैद्यनाथधाम की तर्ज पर अरघा के माध्यम से जलाभिषेक कराए जाने की मांग बासुकीनाथ के पंडा-पुरोहित लगातार कर रहे थे। मंदिर प्रबंधन के इस फैसले पर बासुकीनाथ धाम पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पंडा-पुरोहित, स्थानीय दुकानदार, फूल-प्रसाद के दुकानदारों ने हर्ष जताया है।

क्या कहते है बासुकीनाथ के पंडा-पुरोहित:

मंदिर प्रशासन की द्वारा बैद्यनाथधाम की तर्ज पर बासुकीनाथ में भी अरघा के माध्यम से जलाभिषेक कराए जाने की मांग लगाातार कर रहे थे। मंदिर प्रबंधन ने शुक्रवार से इसकी अनुमति प्रदान की है। बासुकीनाथ धाम पंडा धर्मरक्षिणी सभा इस निर्णय का स्वागत करती है। -मनोज पंडा, अध्यक्ष, पंडा धर्मरक्षिणी महासभा, बासुकीनाथ।

करीब सात महीने के लंबे अंतराल के बाद बासुकीनाथ आने वाले श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ का दर्शन एवं अरघा के माध्यम से जलाभिषेक कर सकेंगे। मंदिर प्रबंधन के द्वारा देर से उठाया गया, लेकिन स्वागत योग्य कदम है। बासुकीनाथधाम पंडा धर्मरक्षिणी सभा मंदिर प्रबंधन से जुड़े सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद देती है। -संजय कुमार झा गुडूस, महामंत्री, पंडा धर्मरक्षिणी महासभा, बासुकीनाथ।

बासुकीनाथ मंदिर में अरघा के माध्यम से श्रद्धालुओं को जलाभिषेक कराया जाएगा। इसमें शारीरिक दूरी का अनुपालन, मास्क की अनिवार्यता एवं ई-पास की अनिवार्यता पूर्व की तरह यथावत रहेगी। प्रत्येक घंटे में अधिकतम 100 लोगों को अरघा के माध्यम से जलाभिषेक की अनुमति प्रदान की गई है। यह व्यवस्था सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक जारी रहेगी। -राहुल जी आनंद जी, बासुकीनाथ मंदिर प्रभारी सह कार्यपालक पदाधिकारी, बासुकीनाथ नगर पंचायत।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें