Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

BBMKU Admission: बीबीएमकेयू में नामांकन की स्थिति खराब, चौथी बार खोला गया चांसलर पोर्टल

BBMKU Admission बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) में स्नातक नामांकन के लिए स्थिति खराब है। पिछले तीन वर्षों में सबसे कम नामांकन। 2022 में 83% सीटें भरी गई थीं जबकि 2024 में केवल 64% सीटें भरी जा सकीं। नामांकन बढ़ाने के लिए चौथी बार चांसलर पोर्टल खोला गया है। आवेदन करने वालों की संख्या निर्धारित सीटों से कहीं अधिक है।

By Yogesh Sahu Edited By: Yogesh Sahu Updated: Wed, 28 Aug 2024 02:05 PM (IST)
Hero Image
BBMKU Admission: बीबीएमकेयू में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल खोल दिया गया है।

जागरण संवाददाता, धनबाद। Dhanbad News: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद के लिए वर्ष 2024 स्नातक में नामांकन मामले में काफी बुरा है। बीते तीन वर्षों के अंतराल में सबसे कम नामांकन इसी साल हुआ है।

जबकि वर्ष 2022 में 83 प्रतिशत सीटों पर छात्र-छात्राओं ने नामांकन लिया था और वर्ष 2023 में यह आंकड़ा 74 प्रतिशत का रहा था।

स्थिति यह है कि आवेदन करने वालों की संख्या निर्धारित 43000 सीटों की अपेक्षा कहीं ज्यादा है। इस बार नामांकन के लिए 49,550 विद्यार्थियों ने आवेदन दिया था। इसमें से महज 23,613 का ही नामांकन लिया गया।

बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के अधीन धनबाद और बोकारो जिला के कॉलेज आते हैं। स्नातक शैक्षणिक सत्र 2024-28 के लिए पहले तीन बार चांसलर पोर्टल खोला गया और चार बार चयन सूची जारी की गई। इसके बावजूद भी महज 64 प्रतिशत सीटों पर ही नामांकन हो पाया।

नामांकन सेल की मानें तो चयन सूची में शामिल होने वाले काफी विद्यार्थियों ने नामांकन नहीं लिया। जबकि रिक्त सीटें उन विषयों में अधिक हैं, जिनके प्रति छात्र-छात्राओं का रुझान कम है। खासकर प्रमुख विषयों की सीटें पूरी तरह से भर चुकी हैं।

23 डिग्री कॉलेज ऐसे हैं जहां अब भी व्यापक पैमाने पर सीटें खाली पड़ी हुई हैं। धनबाद जिला का एक मात्र डिग्री कॉलेज टुंडी ही ऐसा है, जहां सभी सीटें रिक्त हैं।

इसके अलावा बीबीएम कॉलेज बलियापुर में अंग्रेजी व हिंदी, बाघमारा कॉलेज में हिंदी, डीएवी महिला कॉलेज कतरास में राजनीति विज्ञान, महुदा महाविद्यालय में हिंदी, एसएस कॉलेज चास में इतिहास, वाणिज्य, राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी व सामाजिक अध्ययन विषय को छोड़ शेष सभी विषयों में अभी भी रिक्तियां हैं।

फिर से खोला गया चांसलर पोर्टल

नामांकन की खराब स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय ने एक बार फिर से चांसलर पोर्टल खोल दिया है। आगामी छह सितंबर तक नामांकन के लिए आवेदन करने की तिथि निर्धारित की गई है।

वहीं, दूसरी ओर जैक इंटर पूरक परीक्षा का परिणाम भी आ चुका है। ऐसे में उम्मीद है कि स्नातक में नामांकन की स्थिति में सुधार होगा।