Move to Jagran APP

Chhath Puja 2022: ट्रेनें ठसाठस भरीं, लेकिन हर दो घंटे पर बिहार के लिए धनबाद से खुलेगी बस, रूट भी फाइनल

त्योहारों की खुशियां घरवालों संग बांटने की उत्सुकता लोगों में बढ़ने लगी है। ट्रेनों की बुकिंग के रूप में लोगों का यह उत्साह साफ देखा जा सकता है। लोगों ने तीन महीने पहले ही अपने घर तक जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में टिकट बुक करा रखी है।

By Jagran NewsEdited By: Deepak Kumar PandeyPublished: Sat, 15 Oct 2022 09:20 AM (IST)Updated: Sat, 15 Oct 2022 09:20 AM (IST)
घर तक पहुंचने के लिए लोगों के समक्ष बस ही एकमात्र सस्‍ता विकल्प है।

जागरण संवाददाता, धनबाद: दीपावली और छठ महापर्व पर अपने घर आने की बेकरारी चरम पर है। त्योहारों की खुशियां घरवालों संग बांटने की उत्सुकता लोगों में बढ़ने लगी है। ट्रेनों की बुकिंग के रूप में लोगों का यह उत्साह साफ देखा जा सकता है। धनबाद के लोगों ने तीन महीने पहले ही अपने घर तक जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में टिकट बुक करा रखी है।

पिछले दो वर्षों से दीपावली और छठ महापर्व के उल्लास को कोरोना वायरस की नजर लग गई थी। इस वर्ष अपनों के साथ दीपावली और छठ मनाने को लेकर लोगों में दोगुना उत्साह है। 24 अक्टूबर को दीपावली है, जबकि 28 अक्टूबर को नहाय-खाय के साथ लोक आस्‍था का महापर्व छठ शुरू हो रहा है। ऐसे में दिवाली के आसपास की सभी ट्रेनें फुल हो चुकी हैं। त्योहार पर घर जाने की तैयारी कर रहे लोग ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने से परेशान हैं। अब घर तक पहुंचने के लिए उनके समक्ष बस ही एकमात्र सस्‍ता विकल्प है।

हालांकि धनबाद से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट की लंबी स्थिति को देखते हुए बस एसोसिएशन ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। दीपावली और छठ पर धनबाद से बिहार के लिए खुलने वाली बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद बढ़ जाएगी। धनबाद बस ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि दिवाली के बाद पटना समेत बिहार के अन्य रूटों पर विशेष बस सेवा शुरू की जाएगी। बसों की संख्या बढ़ाने को लेकर बस मालिकों से बैठक की जा रही है। यात्रियों को सुविधा दी जा सके, इस पर जल्द फैसला हो जाएगा। लंबी दूरी के लिए करीब एक दर्जन से भी अधिक अतिरिक्त बसें चलाई जाएगी।

संजय सिंह ने बताया कि 22 अक्टूबर से अतिरिक्त बसों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। वहीं 25 अक्टूबर से अतिरिक्त बसों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। बिहार के विभिन्न रूटों पर सुबह से लेकर रात तक लगातार बसें चलाई जाएगी।

बिहार के इन रूटों के लिए चलेगी बसें

पटना, बलिया, छपरा, सिवान, गोपालगंज, जहानाबाद, औरंगाबाद, बिहार शरीफ, नवादा, गया, भागलपुर के लिए दीपावली और छठ के दौरान अतिरिक्‍त बसें चलाई जाएगी। इन रूटों पर प्रत्येक दो घंटे के बाद बसें उपलब्ध रहेंगी।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.