धनबाद में अपराधियों की बादशाहत, रंगदारी के लिए हत्या व फायरिंग का चल रहा खुला खेल, शिकंजा नहीं कस पा रही पुलिस
धनबाद में अपराधी अब पुनिस से खौफ नहीं खा रहे हैं और यही वजह है कि एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। शहर में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है। फायरिंग और हत्या का खुला खेल चल रहा है।
दिलीप सिन्हा, धनबाद। कोयला नगरी धनबाद में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। रोज आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, पुलिस अपराधियों पर शिकंजा नहीं कस पा रही है। एक कांड का अनुसंधान पुलिस शुरू नहीं कर पाती है कि दूसरा कांड हो जा रहा है। अपराधियों को पुलिस का कोई डर ही नहीं रह गया है। हत्या, रंगदारी के लिए गोली मारने, विस्फोटकों का अवैध कारोबार जैसे बड़े कांड लगातार हो रहे हैं। इन कांडोंं में संलिप्त रसूखदारों पर पुलिस हाथ नहीं डाल रही है। गैंग्स आफ वासेपुर का कुख्यात प्रिंस शर्मा की गिरफ्तारी की चुनौती पुलिस स्वीकार नहीं कर रही है। कुल मिलाकर देखा जाए तो अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है। रेल नगरी गोमो में किस तरह विस्फोटक का अवैध कारोबार चल रहा है, इसका खुलासा तोपचांची में विस्फोटक फटने से हुआ है।
केस स्टडी 1
कार्मिक नगर निवासी व जमीन कारोबारी 55 वर्षीय अजय पासवान की छह दिसंबर की रात करीब आठ बजे बगुला में एक शादी समारोह में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके पूर्व अजय के पार्टनर समीर मंडल की 23 जुलाई 2019 को गोली मार दी गई थी। शूटर प्रह्लाद हाजरा व राजू हाजरा अब तक फरार है। मुख्य आरोपित जयमंगल हाजरा ने अदालत में सरेंडर किया है।
केस स्टडी 2
झरिया के तिसरा में रविवार की देर रात जनता मजदूर संघ के नेता दिनेश सिंह के पुत्र सोनू को गोली मार दी गई। सोनू दुर्गापुर में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। इस मामले में सोनू के भाई राहुल कुमार सिंह उर्फ मोनू ने पूर्व डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह एवं उसके तीन अन्य सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। एक भी आरोपित अब तक पकड़ा नहीं गया है।
केस स्टडी 3
हर्ल सिंदरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। हर्ल के एचआर हेड विक्रांत कुमार के रोहराबांध स्थित आवास पर सोमवार को अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई। घटना के वक्त विक्रांत कुमार घर पर नहीं थे। हर्ल प्रबंधन ने सुरक्षा के लिए एसपी, डीसी से लेकर केंद्र सरकार तक से गुहार लगाई है। धनबाद पुलिस सुरक्षा देने में नाकाम रही है।
धनबाद में कानून व्यवस्था बद से बदतर
सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा, दहशत कायम करने के लिए हर्ल प्रोजेक्ट के एचआर प्रबंधक के आवास पर फायरिंग की गई। सिंदरी के थानेदार पर कई गंभीर आरोप हैं। बावजूद वह तीन साल से सिंदरी थानेदार की कुर्सी पर जमे हुए हैं। तिसरा में जनता मजदूर संघ के नेता के पुत्र को गोली मारी गई। पूर्व डिप्टी मेयर के खिलाफ प्राथमिकी हुई है। इन कांडों को पुलिस गंभीरता से लें और जो भी इसमें शामिल हैं, उसे गिरफ्तार करें। गिरती विधि व्यवस्था को लेकर भाजपा विरोध करेगी। विरोध का क्या स्वरूप होगा, यह पार्टी लाइन में तय होगा। भाजपा ने कभी भी अपराध से समझौता नहीं किया। इसका सबूत है कि भाजपा शासन में जब कांग्रेस नेता नीरज सिंह की हत्या हुई, तो भाजपा नेता संजीव सिंह को जेल भेज दिया गया।
अपराधियों पर हो रही कार्रवाई: पुलिस
सिंदरी के एसडीपीओ (सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर) अभिषेक कुमार ने कहा, हर्ल के एचआर प्रबंधक के आवास पर हुई फायरिंग में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अनुसंधान जारी है। तिसरा में युवक को गोली मारने की भी जांच चल रही है।
ये भी पढ़ें- CCTV फुटेज उपलब्ध कराने के ED कोर्ट के आदेश को जेल प्रशासन ने हाई कोर्ट में दी चुनौती, जानें पूरा मामला