Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Giridih: वार्ड सदस्य से रिश्वत लेते पंचायत सेवक को एसीबी ने दबोचा; ब‍िना पैसे द‍िए नहीं होता था काम

तिसरी पंचायत भवन के प्रांगण में भाजपा कार्यकर्ता सह भंडारी के वार्ड सदस्य अजय यादव से तीन हजार रुपये घूस लेते पंचायत सेवक महेश्वर राय को धनबाद की निगरानी टीम ने गुरुवार की दोपहर धर दबोचा। छह माह से राशि निकालने को कार्यालय का चक्कर लगा रहा था।

By Atul SinghEdited By: Updated: Thu, 19 Aug 2021 05:24 PM (IST)
Hero Image
अजय यादव ने बताया कि छह माह से राशि निकालने को वह कार्यालय का चक्कर लगा रहा था। (जागरण)

जागरण संवाददाता, गिरिडीह: तिसरी पंचायत भवन के प्रांगण में भाजपा कार्यकर्ता सह भंडारी के वार्ड सदस्य अजय यादव से तीन हजार रुपये घूस लेते पंचायत सेवक महेश्वर राय को धनबाद की निगरानी टीम ने गुरुवार की दोपहर धर दबोचा। बताया जाता है कि पंचायत सेवक ने अजय यादव से 15 वीं वित्त योजना अंतर्गत चबूतरा निर्माण योजना के पूर्ण होने की राशि की निकासी करने के लिए दस हजार रुपये की मांग की थी। अजय यादव ने तीन हजार रुपये गुरुवार दोपहर को महेश्वर राय को देने गया, इसी बीच टीम ने पंचायत सेवक को दबोच लिया।

अजय यादव ने बताया कि छह माह से राशि निकालने को वह कार्यालय का चक्कर लगा रहा था। प्रखंड के कई नेता व अधिकारी से उन्होंने इसकी शिकायत की लेकिन उनका काम बिना पैसे का नहीं हो रहा था। इस कार्य में भाजपा के तिसरी मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा का सहयोग उन्हें मिला। उनके मार्गदर्शन में पंचायत सेवक के घूस लेने की शिकायत उन्होंने धनबाद की निगरानी टीम से की थी। टीम में डीएसपी विजय कुमार महतो, नितिन खंडेलवाल व जितेंद्र कुमार, एक मजिस्ट्रेट दीपमाला, एक सब इंस्पेक्टर चंद्रमणि भारती, चार सब इंस्पेक्टर सहित कई सुरक्षा बल शामिल थे। इसकी सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ पंचायत भवन में जुटने लगी थी। बता दें कि पंचायत सेवक महेश्वर राय तिसरी के अलावा भंडारी व बरवाडीह पंचायत का पदभार संभाल रहे थे।