Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Dhanbad: कोयला के काले कारोबार को लेकर अंधाधुंध गोलीबारी, एक की मौत; कांग्रेस नेता के दो चचेरे भाई गिरफ्तार

धनबाद के कतरास में कोयले तस्करी के वर्चस्व में अंधाधुंध फायरिंग हुई। इस दौरान गोली लगने से एक युवक की जान चली गई। युवक की मौत के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और सड़क पर तीन घंटे तक जाम लगा दिया जब कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर जाम हटवाया। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

By Dileep Kumar SinhaEdited By: Shashank ShekharUpdated: Sun, 10 Sep 2023 04:27 PM (IST)
Hero Image
कोयला के काले कारोबार को लेकर अंधाधुंध गोलीबारी, एक की मौत

जागरण संवाददाता, धनबाद/कतरास: कोयले के अवैध धंधे पर वर्चस्व के लिए शनिवार को सकलदेव सिंह मोड़ सिजुआ के पास अंधाधुंध फायरिंग हुई। इस घटना में एक युवक की जान चली गई।

वहीं, घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने करीब तीन घंटे तक सकलदेव सिंह मोड़ पर जाम लगा दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ भाजपा के लोयाबाद मंडल अध्यक्ष पप्पू सिंह और उनके समर्थक भी वहां पर मौजूद रहे। विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घर पर हमले की भी कोशिश की।

इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े घर वालों ने इस कांड को अंजाम दिलाया है। इन लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो।

पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर जाम हटवाया

वहीं, घटना की सूचना मिलने पर काबू पाने के लिए जोगता, पुटकी, लोयाबाद, केंदुआ व मुनीडीह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। रात करीब दस बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।

इसके बाद स्थानीय लोगों ने सड़क से जाम हटाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखा बरामद किए।

यह भी पढें: Ranchi: आखिर क्यों उतर गई इंफोर्समेंट टीम की वर्दी, आनन-फानन में 30 ऑफिसर भी हटाए गए

कांग्रेस नेता के चचेरे भाइयोंं पर फायरिंग का आरोप 

जानकारी के मुताबिक, फायरिंग का आरोप कांग्रेस नेता रणविजय सिंह के चचेरे भाइयों पर लगा है। जोगता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों सन्नी सिंह और प्रकाश सिंह को सकलदेव सिंह के पुराने आवास से गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी सन्नी सकलदेव सिंह के भाई दून बहादुर सिंह का बेटा है। वहीं, आरोपी प्रकाश उनके दूसरे भाई नागेंद्र का बेटा है।

जोगता थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, इसलिए प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, सिजुआ मोड़ के पास तीन अवैध कोयले के डिपो चल रहे हैं। एक डिपो आरोपियों का, दूसरे का संचालन एक स्थानीय नेता कर रहा है और तीसरा डिपो यादव नामक व्यक्ति चला रहा है।

इस क्षेत्र में पास की साइडिंग से कोयला चुराने वाला गिरोह सक्रिय है। इसी गिरोह से तीनों गुट कोयला लेकर बाहर भेजते हैं।

बताया जा रहा है कि दून बहादुर के बेटे को 15 रुपये से कम रेट पर कोयला देने से गिरोह ने इनकार कर दिया था। इसी कारण शाम को दोनों गुटों में गोलियां चलने लगीं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि 12 राउंड फायरिंग हुई

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि 12 राउंड से अधिक फायरिंग हुई। इस दौरान साहिल के सीने में गोली लग गई। जख्मी को निचितपुर अस्पताल ले गए, वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव को लेकर लौट रहे लोगों ने शक्ति चौक के पास भी आधे घंटे तक सड़क जाम की। तेतुलमारी थाने की पुलिस के समझाने पर लोग वहां से हटे। उसके बाद सकलदेव सिंह मोड़ पहुंचकर जाम लगा दिया।

यह भी पढें: Jharkhand Job News: महिला पर्यवेक्षिका के 444 पदों पर होगी नियुक्ति, 26 स‍ितंबर से ऑनलाइन आवेदन होंगे शुरू

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें