Move to Jagran APP

Nagar Nigam Chunav: भाजपा में प्रत्याशियों की बाढ़, कांग्रेस में सुखाड़! सांसद ने कुंती के दावे को बताया जायज

Dhanbad Nagar Nigam Chunav झरिया की पूर्व विधायक कुंती देवी बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो की पत्‍नी सावित्री देवी निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल की पत्‍नी वीणा अग्रवाल अपनी दावेदारी पेश कर चुकी हैं। सभी को भरोसा है कि भाजपा नेतृत्व उनके नाम पर ही मुहर लगाएगा।

By Jagran NewsEdited By: Deepak Kumar PandeyUpdated: Wed, 23 Nov 2022 08:57 AM (IST)
Hero Image
सभी को भरोसा है कि भाजपा नेतृत्व उनके नाम पर ही मुहर लगाएगा।
जागरण संवाददाता, धनबाद: मेयर चुनाव को लेकर भाजपा में जहां प्रत्याशियों की बाढ़ है, वहीं कांग्रेस में सुखाड़ की स्थिति है। भाजपा के कद्दावर नेता अपने परिवार की महिलाओं को मैदान में उतार रहे हैं। झरिया की पूर्व विधायक कुंती देवी, बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो की पत्‍नी सावित्री देवी, निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल की पत्‍नी वीणा अग्रवाल अपनी दावेदारी पेश कर चुकी हैं। सभी को भरोसा है कि भाजपा नेतृत्व उनके नाम पर ही मुहर लगाएगा।

यही कारण है कि दावेदारी जता रहे तीनों प्रत्‍याशी सभी बड़े भाजपा नेताओं की तस्वीर भी अपने प्रचार में खुलकर इस्तेमाल कर रही हैं। जनता मजदूर संघ के पूर्व अध्यक्ष रामधीर सिंह की पत्‍नी व पूर्व मेयर इंदु देवी एवं बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय झा की पत्‍नी डाॅ. शिवानी झा भी मेयर चुनाव लड़ने का एलान कर चुकी हैं।

इधर, कांग्रेस से अब तक सिर्फ पिछले मेयर चुनाव में दूसरे नंबर पर रहने वाले प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि शमशेर आलम की पत्‍नी कौशर परवीन का नाम सामने आया है। पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक से लेकर कई कांग्रेस नेताओं से शमशेर आशीर्वाद मांग चुके हैं। कांग्रेस के बुजुर्ग नेता व पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक मेयर चुनाव लड़ने को लेकर गंभीर थे। मेयर सीट महिला के लिए आरक्षित होने से मन्नान मल्लिक के अरमानों पर पानी फिर गया है। मन्नान मल्लिक अपने परिवार की किसी महिला को चुनाव में उतारेंगे या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

जिला अध्‍यक्ष बोले- कांग्रेस का कोई प्रत्‍याशी नहीं होगा

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि यह चुनाव दलीय नहीं है, इस कारण कांग्रेस का कोई प्रत्याशी नहीं होगा। हालांकि कांग्रेस के कई नेता मेयर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद सही तस्वीर सामने आएगी। विदित हो कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है। इसके बावजूद भाजपा, कांग्रेस समेत सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियां अपने समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। पिछले नगर निकाय चुनाव में भी ऐसा ही हुआ था। पिछले चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल जीते थे।

सांसद बोले- कुंती देवी का दावा गैर मुनासिब नहीं

मेयर चुनाव के अधिकतर संभावित प्रत्याशी धनबाद के सांसद पीएन सिंह का आशीर्वाद पाने की कोशिश कर रहे हैं। सिंह मेंशन के दोनों प्रत्याशियों झरिया की पूर्व भाजपा विधायक कुंती देवी एवं उनकी बहन व पूर्व मेयर इंदु देवी की लड़ाई में सांसद पीएन सिंह कुंती देवी के समर्थन में नजर आ रहे हैं। इसके पूर्व इंदु सिंह अपनी बहू के साथ सांसद पीएन सिंह के आवास पहुंची थीं और आशीर्वाद मांगा था।

वहीं सांसद पीएन सिंह ने कहा कि मेयर चुनाव के कई दावेदार हैं। झरिया की पूर्व विधायक कुंती देवी भी दावा कर रही हैं। देखा जाए तो कुंती देवी का दावा गैर मुनासिब नहीं है। वह भाजपा की पूर्व विधायक हैं। उनके पुत्र संजीव सिंह भी भाजपा के पूर्व विधायक रहे हैं। संजीव सिंह की पत्‍नी रागिनी सिंह झरिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की प्रत्याशी थीं। ऐसे में कुंती देवी का दावा बनता है। हालांकि इसके बावजूद पीएन सिंह ने किसी एक प्रत्याशी को समर्थन देने से इन्कार किया। कहा कि वह भाजपा से बंधे हुए हैं। प्रदेश भाजपा क्या निर्णय लेती है, इस पर सब कुछ निर्भर है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।