Move to Jagran APP

Dhanbad Nagar Nigam Chunav: मैदान में उतरीं इंदु देवी, चंद्रशेखर अग्रवाल की पत्‍नी का भी चुनाव लड़ना तय

धनबाद नगर निगम की मेयर सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होने के साथ ही दिग्गज घरानों की महिलाएं मेयर पद के लिए खुलकर दावेदारी करने लगी हैं। इनमें वह महिलाएं भी शामिल हैं जिनके घरवाले किसी न किसी तरीके से राजनीतिक गलियारों में अच्छी खासी दखल रखते हैं।

By Deepak Kumar PandeyEdited By: Updated: Sat, 19 Nov 2022 03:37 PM (IST)
Hero Image
बाएं आशनी सिंह, बीच में सांसद पीएन सिंह और दाहिनीं तरफ पूर्व मेयर इंदु देवी।
जागरण संवाददाता, धनबाद: धनबाद नगर निगम की मेयर सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होने के साथ ही दिग्गज घरानों की महिलाएं मेयर पद के लिए खुलकर दावेदारी करने लगी हैं। इनमें वह महिलाएं भी शामिल हैं, जिनके घरवाले किसी न किसी तरीके से राजनीतिक गलियारों में अच्छी खासी दखल रखते हैं।

सिंह मेंशन घराने से ताल्लुक रखने वाली पूर्व मेयर इंदु देवी ने आधिकारिक रूप से मेयर का चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। इंदु देवी की बहू शशि सिंह की पत्‍नी आशनी सिंह ने अपने फेसबुक पोस्ट में इसकी घोषणा की है। वहीं शनिवार को इंदु देवी धनबाद सांसद पीएन सिंह से भी समर्थन मांगने जा पहुंचीं। उनके साथ उनकी बहू आशनी सिंह भी थीं। दोनों ने सांसद से कहा कि उनलोगों का परिवार हमेशा भाजपा से जुड़ा रहा है। इस बार यहां चुनाव गैर राजनीतिक आधार पर हो रहा है, इसलिए सांसद से सहयोग भी मांगा।

इंदु देवी की तरफ से आसनी ने फेसबुक पर डाला पोस्‍ट

इधर, आशनी सिंह ने अपने फेसबुक पोस्‍ट पर इंदु देवी के हवाले से लिखा है कि धनबाद नगर निगम की माताओं, बहनों, भाइयों, युवा एवं बुजुर्ग साथियों, मैं इंदु देवी (पूर्व महापौर- नगर निगम, धनबाद) आप सभी को सादर प्रणाम, जोहार करती हूं। साथियों, आप सभी के अपार समर्थन, स्नेह और आशीर्वाद से धनबाद की जनता की सेवा करने का मौका 2010 से 2015 तक मिला। मैं और मेरा परिवार सदा ही जनता की सेवा में लगा रहता है और आप लोगों के आशीर्वाद और प्यार के बल पर एक बार फिर आप लोगों के बीच आई हूं। हमें आप सेवा का मौका दीजिए, ताकि जी जान से अपने धनबाद नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ, स्वस्थ एवं भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाए। इसके लिए आप सभी के प्यार, आशीर्वाद एवं सहयोग की आवश्यकता है। आप ही लोग हमारी ताकत हैं। आप लोगों के समर्थन एवं सहयोग से ही यह संभव है।

पूर्व बियाडा अध्‍यक्ष की पत्‍नी ने भी पेश की दावेदारी

इधर, पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय झा की पत्‍नी डॉ. शिवानी झा ने शनिवार को गांधी सेवा सदन में पत्रकारों से बात करते हुए मेयर पद की दावेदारी पेश की। डॉक्‍टर शिवानी झा ने कहा कि अच्छे लोग अभी भी राजनीति से दूर हैं। कई उम्मीदवार ऐसे हैं, जो सिर्फ मेयर पद की लालसा पैसा कमाने के लिए कर रहे हैं। उनकी सोच अलग है। धनबाद को कुछ बेहतर देना चाहती हैं। धनबाद के विषय में आज नकारात्मक चर्चा होती है, इसमें बदलाव लाने के लिए पूरी क्षमता का उपयोग करूंगी। प्रयास होगा कि किसी भी काम के लिए नगर निगम में आदमी को बार बार नहीं आना पड़े। सबकी जवाबदेही तय होगी।

निर्वतमान मेयर ने पत्‍नी वीणा को चुनावी मैदान में उतारने लिए किया मंथन

धनबाद नगर निगम की सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होने के साथ ही प्रत्याशियों में अपने उम्मीदवार खड़ा करने की जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। जो दिग्गज इस बार चुनाव नहीं लड़ पाएंगे, वह अपनी पत्नियों को मैदान में उतार रहे हैं। शनिवार को निर्वतमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने अपने आवासीय कार्यालय में विभिन्न वार्ड के पार्षदों के साथ बैठक की और महिला प्रत्याशी को उतारने पर मंथन किया। इस अवसर पर लगभग 20 पार्षद मौजूद थे। बैठक को आधार मानें तो निवर्तमान मेयर की पत्नी वीणा अग्रवाल का चुनाव लड़ना लगभग तय है। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।