Move to Jagran APP

Dhanbad: सिटी सेंटर के बेसमेंट में बने रिलांयस स्मार्ट-बॉम्बे स्वीट्स समेत नौ प्रतिष्ठान होंगे सील, नोटिस जारी

Dhanbad धनबाद नगर निगम ने रिलांयस स्मार्ट-बॉम्बे स्वीट्स समेत नौ प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह का समय दिया है। एक सप्ताह में जगह पूरी तरह से खाली करनी होगी। ऐसा न होने पर सामान सहित प्रतिष्ठान सील होंगे।

By Jagran NewsEdited By: Roma RaginiUpdated: Sat, 04 Feb 2023 12:29 PM (IST)
Hero Image
धनबाद के रिलांयस स्मार्ट-बॉम्बे स्वीट्स समेत नौ प्रतिष्ठान होंगे सील
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद में दो अग्निकांड में 19 लोगों की जान जाने के बाद नगर निगम एहतियातन सचेत हो गया है। अब सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर सिटी सेंटर के बेसमेंट में संचालित रिलायंस स्मार्ट फ्रेश, बांबे स्वीट्स, कोचिंग संस्थान समेत नौ प्रतिष्ठानों को सील किया जाएगा। इसमें पांच कोचिंग संस्थान भी शामिल हैं।

आशीर्वाद टॉवर में आग लगने के ठीक अगले दिन नगर निगम ने सिटी सेंटर के सामने अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। पांच लाख रुपये तक का जुर्माना भी किया। अब निगम ने नौ प्रतिष्ठानों को सील करने की तैयारी कर ली है। इसमें पांच कोचिंग संस्थान भी हैं, यहां हर दिन 500 से अधिक छात्र पढ़ने आते हैं।

नगर निगम ने सभी नौ प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह का समय दिया है। एक सप्ताह में जगह पूरी तरह से खाली करनी होगी। ऐसा न होने पर सामान सहित प्रतिष्ठान सील होंगे। नगर निगम की ओर से सभी संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस थमा दिया गया। फूड इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने प्रतिष्ठानों नोटिस दिया है। इस बीच कुछ दुकान संचालकों ने इसे लेने से मना किया तो प्रतिष्ठान के समक्ष चस्पा कर दिया गया।

नोटिस में लिखा गया है कि स्थल भ्रमण के क्रम में पाया गया कि सिटी सेंटर के बेसमेंट में संबंधित प्रतिष्ठान का संचालन किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया भवन में अग्निशामक की समुचित व्यवस्था नहीं मिली। भवन में पारित नक्शे के अनुसार प्रवेश और निकास की व्यवस्था भी नहीं है। इसके साथ ही वाहनों के पार्किंग के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। इससे भविष्य में कभी भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। इसलिए सात दिन के अंदर अपने प्रतिष्ठान को खाली कर दें। अन्यथा झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 की धाराओं के तहत प्रतिष्ठान सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बेसमेंट में पार्किंग की जगह होती है। कई बेसमेंट में पार्किंग की जगह दुकानें बना दी गई हैं। सभी की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने का निर्देश दिया जा रहा है। अब नक्शा भी नियमों की जांच करने के बाद ही जारी होगा। सिटी सेंटर के नौ संचालकों को नोटिस भेजा गया है।

ये प्रतिष्ठान होंगे सील (सभी सिटी सेंटर में)

  • रिलायंस स्मार्ट एंड फ्रेश
  • बांबे स्वीट्स
  • दिल्ली कंपटीशन कंप्यूटर सेंटर
  • द फ्यूचर ट्रैक कंप्यूटर एजुकेशन
  • विदीप कामर्स क्लासेज
  • करियर प्वाइंट
  • द गुरु ट्यूटोरियल
  • राजकिशोर सिंह मोबाइल सेंटर
  • रेहान केक
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।