Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

JEE Main 2023: धनबाद के भाई-बहन की जोड़ी का कमाल, 96 परसेंटाइल से अधिक किया स्कोर; दसवीं में भी किया था टॉप

JEE Mains Result 2023 जेईई मेन में सफलता का परचम लहराने वाले दोनों भाई-बहन ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। इतना ही नहीं वो 15-15 घंटे पढ़ाई करती थे। दोनों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया है।

By Ashish SinghEdited By: Roma RaginiUpdated: Sun, 30 Apr 2023 10:29 AM (IST)
Hero Image
धनबाद के भाई-बहन ने जेईई मेंस में पाई सफलता

धनबाद, जागरण संवाददाता। कहते हैं कि परिश्रम और लगन से लगे रहो तो सफलता कदम चूमती है। धनबाद के रहने वाले भाई-बहन ने यह साबित कर दिखाया है। पहले तो दोनों ने दसवीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। अब जेईई मेंस 2023 में एक साथ सफलता का परचम लहराया है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से शनिवार को जारी जेईई मेन के दूसरे सत्र के परिणाम में कृष्णा नगर कोआपरेटिव कॉलोनी के भाई-बहन ने एक साथ सफलता के झंडे गाड़े हैं। बहन आस्था कुमारी को 97.48 और भाई विजयश्री वैभव को 96.78 परसेंटाइल मिला है।

जानकारी के अनुसार दोनों ही डीएवी पब्लिक स्कूल कोयला नगर से 12वीं कर रहे हैं। यहां सबसे महत्वपूर्ण यह है कि दो साल पहले 2020 में भी भाई-बहन की इस जोड़ी ने कमाल किया था। दसवीं की परीक्षा में आस्था 98.8 प्रतिशत अंक लाकर राज्य की द्वितीय टॉपर बनी तो विजयश्री को 94.4 प्रतिशत अंक मिला था।

आस्था के पिता अशोक कुमार पाठक माइनिंग इंजीनियर हैं और मां विभा पाठक गृहणी हैं। विभा पाठक सुबह पांच बजे ही दोनों को पढ़ाने के लिए उठा दिया करती थीं। आस्था पढ़ाई का तनाव कम करने के लिए हमेशा मधुबनी पेंटिंग किया करती हैं। आस्था बताती हैं कि पढ़ाई को कभी घंटों में नहीं बांधा, लेकिन हर दिन सात से आठ घंटे पढ़ाई जरूर करती थी।

15 घंटे तक पढ़ाई, सोशल मीडिया से दूरी जीत का मंत्र

दोनों भाई-बहन बताते हैं कि परीक्षा के दौरान तो 15 घंटे तक पढ़ाई की। इंटरनेट मीडिया पर भी आस्था का अकाउंट नहीं है। वाट्सएप का प्रयोग सिर्फ पढ़ाई के लिए किया।

अपनी सफलता पर विजयश्री वैभव बताते हैं कि एक साल तक ऑनलाइन क्लास की। हर दिन 15 घंटे तक पढ़ाई की। माता-पिता का भरपूर योगदान रहा। आइआइटी रुड़की से बीटेक करने का सपना है।

आइआइटी बांबे से पढ़ाई करने का लक्ष्य

आस्था का भी यही सपना है लेकिन आस्था आइआइटी बांबे से इलेक्ट्रिकल ब्रांच लेकर पढ़ाई करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने उनका बहुत साथ दिया है। इधर, दोनों की सफलता के बाद उनके घर बधाई का तांता लगा है। 

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें