Move to Jagran APP

Jharkhand Election 2024: झारखंड की इस सीट पर हुई थी सबसे कम वोटिंग, इस बार अधिकारियों ने अपनाया नया उपाय

Jharia Vidhan Sabha Seat धनबाद की चर्चित सीटों में से एक झरिया विधानसभा सीट है। पिछली बार 2019 में यहां से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्णिमा सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रागिनी सिंह को पराजित किया था। लेकिन इस सीट पर जो सबसे बड़ी चुनौती है वह है कम वोटिंग की। जिसे बढ़ाने के लिए अब प्रशासन नई-नई तरकीब लगा रहे हैं।

By Balwant Kumar Edited By: Sanjeev Kumar Updated: Thu, 17 Oct 2024 01:21 PM (IST)
Hero Image
झारखंड की झरिया विधानसभा सीट पर चुनौती (जागरण)

जागरण संवाददाता, धनबाद। Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है। राजनीतिक दल अपनी बाजी खेल रहे हैं, वहीं जिला प्रशासन के लिए भी शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के साथ मतदान प्रतिशत बढ़ाने की चुनौती है।

धनबाद जिले में छह विधानसभा सीटें हैं। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान झरिया विधानसभा क्षेत्र में ही सबसे कम मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया था, जबकि सबसे ज्यादा सिंदरी विधानसभा क्षेत्र में रहा था।

धनबाद जिले में धनबाद, झरिया, सिंदरी, निरसा, टुंडी और बाघमारा विधानसभा क्षेत्र आते हैं। पिछली बार के विधानसभा चुनाव के दौरान सिंदरी में 71.58 प्रतिशत वोटिंग हुई थी, जबकि टुंडी में 68.91 प्रतिशत, निरसा में 68.17 और बाघमारा में 62.8 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया था।

वहीं, धनबाद और झरिया ऐसे विधान सभा क्षेत्र थे जहां मतदान 53.31 और 52.71 प्रतिशत ही हो पाया था। बीते लोकसभा चुनाव के दौरान भी झरिया की स्थिति अन्य के मुकाबले सबसे कम थी। वहीं धनबाद पांचवें पायदान पर रहा था।

विधान सभा से ज्यादा लोकसभा चुनाव में हुई थी वोटिंग

विधानसभा चुनाव 2019 और लोकसभा चुनाव 2024 की तुलना करें तो इसमें मतदान प्रतिशत में बढ़ोत्तरी हुई थी। सबसे कम मतदान वाले झरिया और धनबाद में सबसे अधिक मतदान प्रतिशत में बढ़ोत्तरी देखी गई थी। विधान सभा चुनाव की तुलना में लोकसभा चुनाव के दौरान धनबाद में 3.18 प्रतिशत और झरिया में 3.13 प्रतिशत की बढ़त हुई थी।

इस बार प्रशासन ने अलग तरह की रखी व्यवस्था

इस बार झरिया विधानासभा में 346 नहीं बल्कि 340 मतदान केंद्रों पर मतदान कराने की तैयारी को लेकर प्रशासन कदमताल शुरू कर दिया है। झरिया विधानसभा बस्ताकोला उत्क्रमित मध्य विद्यालय चांदमारी के बूथ संख्या एक से शुरू होता है व अंतिम बूथ 346 चासनाला विवाह मंडप में समाप्त होता था।

लोकसभा चुनाव 2024 में भी 346 बूथों पर ही मतदान हुआ था। लेकिन कुछ मतदान केंद्रों में मतदाता कम होने के कारण उन्हें दूसरे बूथ में समाहित कर दिया गया है। इससे इवीएम मशीन, चुनाव कर्मचारी व पुलिस बल में भी कमी आएगी।

इस बार बूथ संख्या 17 के बाद से मतदान केंद्रों की संख्या में बदलाव हुआ है। लेकिन पूर्व में जिन केंद्रों व स्थलों में मतदाता मतदान करते थे उसमें ही मतदान करेंगे। क्योंकि मतदान केंद्र भवन में कोई भी बदलाव नही हुआ है। बूथ संख्या में बदला रहेगा। इसे लेकर प्रचार-प्रसार भी शुरू हो गया है।

  • मतदान केंद्र संख्या 18 के 74 मतदाताओं को मतदान केंद्र संख्या 15 प्राथमिक विद्यालय खास भगतडीह में मर्ज कर दिया गया।
  • मतदान केंद्र संख्या 221 के 178 मतदाता व बूथ संख्या 222 के 277 मतदाताओं को बूथ संख्या 224 मध्य विद्यालय नार्थ कुजामा में मर्ज किया गया है।
  • मतदान केंद्र संख्या 226 के 202 मतदाताओं को बूथ संख्या 225 डीएवी हाई स्कूल झरिया
  • मतदान केंद्र संख्या 299 के 259 मतदाताओं को पुराना मध्य विद्यालय सीएफआरआई डिगवाडीह - मतदान केंद्र संख्या 303 के 266 मतदाताओं को बूथ संख्या 302 पूर्व रेलवे प्राथमिक विद्यालय पाथरडीह लोको बाजार में मर्ज किया गया है।

झरिया में सात हजार से अधिक जोड़े गए नए मतदाता

लोकसभा चुनाव 2024 में झरिया के कुल दो लाख 94 हजार 245 मतदाता में एक लाख 58 हजार 862 पुरुष व एक लाख 35 हजार 381 महिला व दो अन्य मतदाता शामिल थे। वहीं विधानसभा चुनाव 2024 में करीब सात हजार से अधिक नए मतदाताओं का नाम अब तक जुड़ चुका है।

तीन लाख एक हजार 564 मतदाताओं में एक लाख 59 हजार 623 पुरुष व एक लाख 41 हजार 925 महिला व 16 अन्य मतदाता जोड़े गए हैं। जो प्रत्याशियों के नामांकन तक और भी जुड़ने की उम्मीद है।

18 से 19 साल के युवाओं पर फोकस

उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी माधवी मिश्रा ने भी यह साफ कर दिया है कि इस बार वोटिंग प्रतिशत बढ़ृाना एक चुनौती है। इस बार विशेष रूप से 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं पर फोकस किया जा रहा है। पूरे धनबाद जिले में इनकी संख्या 76,656 है। यदि यह तबका मतदान करता है तो निश्चित तौर पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सफलता मिलेगी।

ये भी पढ़ें

Jharkhand Election 2024: झारखंड के JDU प्रदेश अध्यक्ष ने CM नीतीश को सौंपी 11 सीटों की सूची; दिया नया अपडेट

Jharkhand Election 2024: झारखंड में इन 22 दिग्गजों को टिकट मिलना लगभग तय, कई रह चुके मंत्री तो कई हैं विधायक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।