Move to Jagran APP

धनबाद में खुला झारखंड प्रदेश विप्र सेना का कार्यालय, सांसद पीएन सिंह ने ब्राह्मणों को लेकर कह दी बड़ी बात

Vipra Sena पीएन सिंह ने कहा कि सनातन समाज को ब्राह्मण जोड़ने और आर्थिक रूप से सबल बनाने का काम करता है। यह बात समझने के लिए शादी समारोह का एक उदाहरण काफी है। शादी में ब्राह्मणों के साथ समाज के विभिन्न जातियों की भूमिका होती है।

By MritunjayEdited By: Updated: Mon, 16 Aug 2021 07:29 PM (IST)
Hero Image
विप्र सेना के समारोह में फरसा देकर सांसद पीएन सिंह और पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय को सम्मानित किया गया।
जागरण संवाददाता, धनबाद। विप्र सेना का राष्ट्रव्यापी विस्तार हो रहा है। देश के 8 राज्यों के बाद अब झारखंड में इसका संगठन खड़ा हो गया है। इसका प्रादेशिक कार्यालय धनबाद में खोला गया है।  15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस और तुलसी जंयती के माैके पर रविवार को धैया में कार्यालय का उद्घाटन हुआ। सर्वप्रथम भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद बाद फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया हुआ। इस माैके पर धनबाद के सांसद पीएन सिंंह और गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय मुख्य रूप से उपस्थित थे।

सनातन समाज को जोड़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में ब्राह्मण की महती भूमिका

झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और धनबाद के सांसद पीएन सिंह ने कहा कि यहां विप्र सेना का संगठन कार्यों को झारखंड में और गति मिलेगी। इसके द्वारा समाज सेवा और जन सेवा का कार्य बढ़ेगा। इसने कई राज्यों में समाज सेवा के अच्छे कार्य किए हैं। निश्चित रूप से झारखंड में भी विप्र सेना के द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जाएंगे। पीएन सिंह क्षत्रिय हैं। उन्होंने संबोधन के द्वारा कई गंभीर भ्रांतियों को हल्के अंदाज में मुस्कुराते हुए दूर करने की कोशिश की। कहा-भगवान राम और परशुराम दोनों बिष्णु के अवतार थे। मैं सोचता हूं कि दोनों भगवान विष्णु के अवतार थे तो विरोधी कैसे हो गए ? एक भ्रांति यह है कि परशुराम ने क्षत्रिय वंश का 21 बार नाश किया। जब नाश किया तो फिर क्षत्रिय वंश कहां से पैदा हो गया? यह सब भ्रांति है। सच्चाई यह है कि एक क्षत्रिय राजा अत्याचारी था। भगवान परशुराम ने उसी का विनाश किया। अब कुछ लोग समूचे क्षत्रिय वंश से जोड़कर भ्रांति फैलाते रहते हैं। भगवान परशुराम का फरसा अत्याचार के खिलाफ उठता था। उसी तरह विप्र सेना का फरसा भी अत्याचार और अन्याय के खिलाफ उठना चाहिए।

ऐसे प्राप्त होते रहा है रोजगार

सांसद ने कहा कि सनातन समाज-धर्म में ब्राह्मण जोड़ने और आर्थिक रूप से सुरक्षा देने का काम करता है। यह बात समझने के लिए शादी समारोह का एक उदाहरण काफी है। किसी घर में शादी होती है तो उसमें ब्राह्मणों के साथ समाज के विभिन्न जातियों की भूमिका होती है। नाई, लोहार, कुम्हार, चर्मकार वगैरह-वगैरह। शादी समारोह की खुशियों में दूसरी जाति के लोग भी शरीक होते हैं। इस तरह जाति और समाज को जोड़ने का काम होता है। इसके साथ-साथ इसमें शामिल होने वाली जातियों की आर्थिक सुरक्षा भी होती है। किसी के घर से मिट्टी का बर्तन आता है तो किसी के यहां से लकड़ी का समान। इसमें जिस किसी की भी भागीदारी होती है उसे एक तरह से रोजगार प्राप्त होते हैं। सदियों से चली आ रही यह व्यवस्था बाजारवाद के कारण कमजोर हो रही है। हमें चीजों को बदलते समय के साथ बदलाव करने की जरूरत है ताकि सनातन समाज में एकजुटता बनी रहे।

 

रवींद्र पांडेय ने दिए कार्य करने के मंत्र

गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय ने बगैर किसी लाग लपेट के कहा है कि हमारा उद्देश्य स्पष्ट होना चाहिए। यह संगठन समाज के काम न आए को किसी काम नहीं। जैसे पहले से बहुत संगठन चल रहे हैं उनमें एक नए संगठन से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने तीन बातों पर जोर दिया। पहला-समाज के लोग शादी-ब्याह में दहेज से दूर रहें। दूसरा-जरूरतमंद को समाज के लोग मदद करें। तीसरा- समाज के लोग चाहे जिस किसी राजनीतिक पार्टी में हों, वहां रहें। कोई दिक्कत नहीं है। हमें याद यह रखना है कि संकट की घड़ी में समाज के लोग दूसरी पार्टी में भी हैं तो उनके हित की बात सोचें। उनकी मदद करें। उन्होंने कहा कि विप्र सेना समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच कर उस के उत्थान के लिए कार्य करता है। मैं भी विप्र सेना से आग्रह करता हूं कि समाज के वैसे बच्चे जो संसाधन के अभाव में शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते हैं, उन्हें संसाधन उपलब्ध कराने का कार्य करें, उनकी उन्नत शिक्षा हो इसकी चिंता करें। सेना ने कई  प्रदेशों में समाज सेवा में आदर्श प्रस्तुत किया है। उम्मीद करते हैं कि झारखंड में भी कुछ ऐसा ही होगा।

जल्द ही पूरे झारखंड प्रदेश में होगा विप्र सेना का विस्तार

झारखंड प्रदेश विप्र सेना के अध्यक्ष रितेश शर्मा ने कहा कि कुछ समय पूर्व ही मुझे झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। संगठन को मजबूती और विस्तारीकरण के लिए कार्य करना प्रारंभ किया। कुछ ही दिनों में झारखंड के कई जिलों में हमारे सदस्य बने। जल्दी ही पूरी प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। उसके पश्चात जिला अध्यक्षों की घोषणा भी कर दी जाएगी। संचालन प्रदेश महामंत्री मिल्टन पार्थ सारथी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महामंत्री प्रभात सुरोलिया ने किया।

नेशनल टॉपर अदिति झा को किया गया सम्मानित

उद्घाटन समारोह में सीबीएसई की परीक्षा में दसवीं में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान लाने वाली अदिति झा को धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह. गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र पांडे, विप्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष रितेश शर्मा ने सम्मानित किया।

समारोह में उपस्थिति

विप्र सेना के झारखंड प्रदेश संरक्षक नथमल शर्मा, संगठन महामंत्री सुशील शर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रभात सुरोलिया, प्रदेश उपाध्यक्ष नितिन भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र भगानिया, अजय त्रिवेदी, डॉ डीके ठाकुर, प्रोफ़ेसर जीसी झा, प्रमोद झा, अरुण तिवारी, हरिओम शर्मा, बलराम दुबे, शरद पांडे, मुकेश पांड, नरेंद्र त्रिवेदी, कन्हैया मिश्रा, ललन मिश्रा, इंद्रकांत झा, दीपक भैया, ओम प्रकाश झा, डॉ सुमन आनंद झा, उज्जवल तिवारी, ब्रज भूषण पांडे, शैलेंद्र मिश्रा. कुमार वंदन, अखिलेश झा, धीरेंद्र ब्रह्मचारी, योगेश जोशी, मनीष मिश्रा, सुधा मिश्रा, अदिति झा, संतोष मिश्रा, चंद्रानंद झा, देवेन तिवारी, आनंद ओझा आदि।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।