Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गिरिडीह में पीरटांड़ के जंगल में नक्सलियों का जमावड़ा, ग्रामीणों का दावा- बेहद करीब से उड़ता हवाई जहाज भी दिखा

पुलिस ने दो लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया है। कहा जा रहा है कि पुलिस कुछ समय पहले पहुंची होती तो बड़ी सफलता मिल सकती थी। पुलिस के पहुंचने से पहले जंगल के ऊपर से एक हवाई जहाज भी उड़ते देखा गया।

By Deepak Kumar PandeyEdited By: Updated: Thu, 09 Jun 2022 10:16 AM (IST)
Hero Image
पीरटांड़ थाना में मौजूद पुलिसकर्मी और दूसरी ओर लोगों के मोबाइल में कैद विमान की तस्‍वीर।

संवाद सहयोगी, पीरटांड़ (गिरिडीह): गिरिडीह के जंगल से घिरे नावासार गांव में बुधवार को नक्सली जमावड़े की भनक पुलिस को लगी। मौके पर पुलिस भी पहुंची, मगर कोई हाथ नहीं आया। पुलिस ने दो लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया है। कहा जा रहा है कि पुलिस कुछ समय पहले पहुंची होती तो बड़ी सफलता मिल सकती थी। पुलिस के पहुंचने से पहले जंगल के ऊपर से एक हवाई जहाज भी उड़ते देखा गया। इसे लेकर कई प्रकार की शंकाएं भी ग्रामीण जाहिर कर रहे थे।

नावासार गांव में डुमरी के एसडीपीओ मनोज महतो व मुख्यालय डीएसपी संजय राणा के नेतृत्व में सैकड़ों पुलिस जवान पहुंचे। नावासार पहुंचकर पुलिस ने दोनों तरफ का आवागमन बंद कराया। गांव में घंटों पुलिस जमी रही। यहां के दो भाई पतिलाल व जोहाना को पुलिस ने शक में हिरासत में लिया है। इनसे पीरटांड़ थाने में पूछताछ हो रही है। सूत्रों का कहना है कि नावासार में माओवादियों का जमावड़ा था। इनको पुलिस के आने की भनक मिल गई थी, पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी निकल गए थे। यहां से दो बाइक भी बरामद हुई हैं। एक बाइक पर दो हेलमेट भी रखे थे। कुछ अन्य सामग्री भी मिली है। हालांकि, पुलिस अभी कुछ बताने से परहेज कर रही है।

गांव पहुंची पुलिस तो पता लगा यहां उड़ रहा था हवाई जहाज

गिरिडीह पुलिस जब जंगलों में माओवादियों की खोज कर रही थी, तभी देखा कि कई गांववाले जंगल में घूम रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब एक बजे जंगल के बहुत नजदीक से एक हवाई जहाज उड़ रहा था। वह अचानक गायब हो गया, हमें लगा कि वह गिर गया होगा, इसलिए उसे खोज रहे थे। इसके बाद पुलिस भी छानबीन करती रही। ग्रामीणों का कहना था कि पीरटांड़ इलाके में इतने नजदीक से उड़ान भरते पहली बार हवाई जहाज देखा था। कुछ लोगों ने जहाज की तस्वीर भी ली। जगंल की ओर वह कहीं गायब हो गया। तब शक हुआ कि जहाज गिर गया।

पुरुलिया में हवाई जहाज से गिराए गए थे हथियार

बंगाल के पुरुलिया में पूर्व में हवाई जहाज से हथियार गिराने की घटना हुई थी। पीरटांड़ में जंगल के नजदीक हवाई जहाज उड़ने से व अचानक उसके गायब होने से कई चर्चाएं होने लगीं। पहले यह अफवाह फैली कि हवाई जहाज गिर गया। उसके बाद जितने मुंह उतनी बातें। कुछ यह भी कह रहे थे कि प्रशासन क्षेत्र की हवाई जहाज से निगरानी कर रहा है। थाना प्राभारी दिलशन बिरुआ का कहना है कि यहां उड़ने वाला हवाई जहाज प्रशासन के आपरेशन से संबंधित सरकारी हवाई जहाज नहीं था। फिलहाल जांच कर रहे हैं।

अधिकारी बोले- कोई तकनीकी दिक्‍कत रही होगी हवाई जहाज में

इस संबंध में गिरिडीह के एसपी प्रभार सह डीएसपी मुख्‍यालय संजय राणा ने कहा कि हवाई जहाज में कुछ तकनीकी दिक्कत रही होगी, मगर यहां कोई हादसा नहीं हुआ है। पुलिस इस इलाके में पहले से आपरेशन चला रही है। कुछ पर्चे बरामद हुए हैं, दो लोगों से पूछताछ की गई है। दो बाइक भी मिली हैं। माओवादियों के विरुद्ध इलाके में नियमित अभियान चल रहा है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर