Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Mohan Bhagwat: तीन दिवसीय दाैरे पर धनबाद पहुंचे आरएसएस प्रमुख, संगठन पर बिहार-झारखंड के पदाधिकारियों के साथ करेंगे मंथन

Mohan Bhagwat राष्ट्रीय स्यवंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत शुक्रवार सुबह धनबाद पहुंचे। पटना से गंगा-दामोदर एक्सप्रेस से धनबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यहां पर वह तीन दिन तक रहेंगे।

By MritunjayEdited By: Updated: Fri, 10 Sep 2021 08:25 AM (IST)
Hero Image
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ( फाइल फोटो)।

जागरण संवाददाता, धनबाद। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत तीन दिवसीय दाैरे पर शुक्रवार सुबह धनबाद पहुंचे। वे 10, 11 और 12 सितंबर तक धनबाद में रहेंगे। यहां पर राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ झारखंड प्रांत के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश के संगठन के साथ ही बिहार के बड़े पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता भाग लेंगे। उनके साथ संघ प्रमुख संगठन पर विचार-विमर्श करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर स्वयंसेवकों में काफी उत्साह दिख रहा है। संघ प्रमुख से मिलने के बाद झारखंड भाजपा के बड़े नेता भी धनबाद आ सकते हैं। 

पटना से पहुंचे धनबाद

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत गुरुवार को पटना में थे। वे पटना से गंगा-दामोदर एक्सप्रेस पर सवार होकर शुक्रवार सुबह धनबाद पहुंचे। धनबाद स्टेशन पर ट्रेन पाैने पांच बजे पहुंची। यहां पर स्वयंसेवकों ने रिसीव और स्वागत किया। इसके बाद उन्हें राजमकल सरस्वती विद्या मंदिर ले जाया गया है। तीन दिन तक राजमकल में ही संघ प्रमुख के रहने का कार्यक्रम है। पहले दिन बिहार और झारखंड के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी लेंगे। दूसरे दिन शनिवार को महानगर कार्यकारिणी, नगर कार्यकारिणी, मिलन प्रमुख, मुख्य शिक्षक कार्यवाह और शाखा प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। अंतिम दिन रविवार को प्रबुद्ध लोगों से मिलेंगे। उनके साथ बैठक करेंगे। संघ प्रमुख इन दिनों राष्ट्रव्यापी प्रवास पर हैं। इसी सिलसिले में धनबाद पहुंचे हैं। यह कार्यक्रम 2024 तक संघ की योजना और कार्यों को प्रांत के सभी मंडलों और गांवों तक पहुंचना है। 

इन दिनों इसलिए आरएसएस प्रमुख चर्चा में

आरएसएस प्रमुख अपने एक बयान को लेकर इन दिनों चर्चा में हैं। पिछले दिनों उन्होंने मुंबई में 'नेशन फर्स्ट, नेशन सुप्रीम' विषय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि इस्लाम भारत में आक्रमणकारियों के साथ आया और मुसलमानों को देश में डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा था कि हिंदू और मुस्लिम का डीएनए एक है और प्रत्येक भारतीय नागरिक हिंदू है।