Move to Jagran APP

शहादत दिवस पर याद किए गए शक्तिनाथ महतो, विस अध्यक्ष बोले- जल्‍द शक्ति के सपने में ढलेगा झारखंड

शहीद शक्तिनाथ महतो का शहादत दिवस सोमवार को टाटा सिजुआ 12 नंबर (आजाद सिजुआ) स्थित समाधि स्थल जन्मभूमि तेतुलमुड़ी तथा कर्मस्थल शक्ति चौक पर मनाया गया। स्वजन विभिन्‍न राजनीतिक दल सामाजिक संगठन छात्र-छात्राएं व बुद्धिजीवियों ने शहीद की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

By Jagran NewsEdited By: Deepak Kumar PandeyPublished: Mon, 28 Nov 2022 05:06 PM (IST)Updated: Mon, 28 Nov 2022 05:06 PM (IST)
शहीद की पत्‍नी सूची देवी ने शक्तिनाथ की प्रतिमा को दूध से नहलाया और धूप-दीप से पूजा अर्चना की।

संवाद सहयोगी, सिजुआ: शहीद शक्तिनाथ महतो का शहादत दिवस सोमवार को टाटा सिजुआ 12 नंबर (आजाद सिजुआ) स्थित समाधि स्थल, जन्मभूमि तेतुलमुड़ी तथा कर्मस्थल शक्ति चौक पर मनाया गया। स्वजन, विभिन्‍न राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन, छात्र-छात्राएं व बुद्धिजीवियों ने शहीद की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

शहीद की पत्‍नी सूची देवी ने शक्तिनाथ की प्रतिमा को दूध से नहलाया और धूप-दीप से पूजा अर्चना की। पुत्र मनोज कुमार महतो ने मैत्री संघ का लाल-हरा झंडा फहराया। शक्ति शिक्षण संस्थान के छात्र-छात्राओं ने शहीदी गीत प्रस्तुत किया। प्रतिमा पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, जैक अध्यक्ष डाॅ. अनिल कुमार महतो, खतियानी नेता जयराम महतो, शहीद के भाई हरि महतो व सुरेश महतो, भतीजा निवर्तमान पार्षद धर्मेंद्र महतो, प्राचार्य अरुण महतो, राकोमयू नेता संजय सिंह, सचिन महतो, गजाधर महतो, जितेश रजवार, राजेंद्र प्रसाद राजा, जनक लाल, विकास सिंह, हरि प्रसाद पप्पू, राजकुमार महतो, दिनेश महतो, सोनू श्रीवास्तव आदि ने श्रद्धासुमन अर्पित किया।

शक्तिनाथ महतो इंटर कॉलेज में ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन

इधर, शहीद शक्तिनाथ महतो इंटर कालेज सिजुआ में ई लाइब्रेरी का उद्घाटन तथा कैंटीन भवन का शिलान्यास विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने किया। उन्होंने काॅलेज परिसर स्थित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया तथा इसकी खूबियों से वाकिफ हुए। इसके पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने टाटा सिजुआ 12 नंबर (आजाद सिजुआ) स्थित शहीद शक्ति की आदमकद प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

काॅलेज परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शहीद शक्तिनाथ ने गरीब, शोषितों को न्याय दिलाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। झारखंड के लिए उनका अपना एक सपना था। उन्होंने जिस तरह के झारखंड निर्माण का सपना देखा था, कल्पना की थी, वह काफी करीब है। सपना पूरा करने के लिए समय और वक्त की जरूरत पड़ती है। अगर राजनीति में कोई बदलाव या फिर किसी तरह का विषय नहीं आ गया तो बहुत जल्द शक्ति के सपनों का झारखंड देखने को मिलेगा। कांग्रेस और भाजपा विधायकों के ऊपर दल-बदल कानून के तहत लटक रही तलवार को लेकर उनके फैसले के बाबत पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उस मामले का मैं जज हूं और फैसला सुनाने से पहले बता देना न्यायसंगत नहीं होगा। निकट भविष्य में फैसला आ जाएगा।

धनबाद की विधि व्यवस्था पर कहा कि यदि यहां का माहौल ठीक नहीं है तो इसे चुस्त दुरुस्त किया जाएगा। विधि व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

शक्ति चौक पर भी मनाई गई पुण्यतिथि

इधर, शक्ति चौक स्थित बैजकारटांड़ में भी सोमवार को शहीद शक्तिनाथ महतो की पुण्यतिथि मनाई ग‌ई। राजनीतिक, सामाजिक एवं बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। शहीद की पत्‍नी सूची देवी व पुत्री अंजना देवी ने शहीद की प्रतिमा को दूध व पानी से धोकर पूजा अर्चना की। इप्टा के कलाकारों ने देश भक्ति गीत प्रस्तुत किया, जिस पर स्कूली छात्र छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया।

श्रद्धांजलि देने वालों में शहीद के दामाद शिव प्रसाद महतो, जिप सदस्य बानी देवी, मासस नेता हलधर महतो, मुखिया निरंजन गोप, रिंकू महतो, संतोष महतो, नरेश महतो, प्रफुल्ल मंडल, रमेश महतो, मनोज महतो, स्मारक समिति के दयानंद महतो, सपन पंडित, सुशील सिंह, सुरेंद्र महतो, पंसस अजीत महतो, अमृत रवानी, रंजीत सिंह, गौतम महतो, नरेश रवानी, हरि प्रसाद महतो, करमचंद महतो, लखन लाल महतो, सुरेंद्र महतो आदि थे।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.