Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Indian Railways IRCTC: सावन बाद झारखंड की राजधानी से कनेक्ट होगा गोड्डा, रांची-भागलपुर के फेरे बढ़ाए जाएंगे; पढ़ें रेलवे का प्लान

Indian Railways IRCTC रांची से बोकारो धनबाद और जसीडीह होकर चलने वाली रांची भागलपुर एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की योजना बन रही है। रेलवे के विभागीय सूत्रों का कहना है कि जोनल रेलवे ने रांची भागलपुर एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को दिया है।

By MritunjayEdited By: Updated: Wed, 11 Aug 2021 08:34 AM (IST)
Hero Image
रांची से गोड्डा के बीच ट्रेन चलाने की तैयारी ( सांकेतिक फोटो)।

जागरण संवाददाता, धनबाद। सावन खत्म होने के बाद कई ट्रेनें पटरी पर लौट सकती हैं। इनमें वाया धनबाद चलने वाली रांची-देवघर इंटरसिटी और रांची-भागलपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। सावन महीने में बाबा नगरी देवघर में भीड़ ना बढ़ जाए इसके मद्देनजर रांची-देवघर इंटरसिटी को रोका गया है। इसके साथ ही रांची से जसीडीह होकर भागलपुर जाने वाली ट्रेन के चलने को लेकर कोई सूचना जारी नहीं की गई है। इन दोनों ट्रेनों को पटरी पर लाने के लिए पूर्व मध्य रेलवे ( ECR) में परिचालन से जुड़े विभाग ने मंथन शुरू कर दिया है। झारखंड की राजधानी रांची को संताल के गोड्डा को रेल सेवा से जोड़ने का प्लान है। गोड्डा में इसी साल रेलवे स्टेशन बना है। अभी तक यहां से राजधानी रांची के लिए कोई ट्रेन नहीं है।  

देवघर इंटरसिटी को दुमका तक चलाने का प्रस्ताव

रेलवे के विभागीय सूत्रों की मानें तो सावन के बाद इन दोनों ट्रेनों को फिर से पटरी पर लाने की तैयारी चल रही है। इन दोनों ट्रेनों को चलने के साथ ही इनमें बदलाव की भी योजना है। रांची देवघर इंटरसिटी को दुमका तक चलाया जा सकता है। इसकी संभावना तलाशी जा रही है। अगर ऐसा हुआ तो राजधानी रांची से उप राजधानी दुमका के लिए एक और ट्रेन हो जाएगी। इसके साथ ही रांची से दुमका के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को गोड्डा तक चलाने का विकल्प तलाशा जा रहा है। गोड्डा के लिए कोई पैसेंजर ट्रेनें चलाई गई हैं। इनमें दुमका गोड्डा पैसेंजर और गोड्डा-भागलपुर की ट्रेनें शामिल हैं। गोड्डा से रांची के लिए सीधी ट्रेन अभी नहीं है। रांची दुमका इंटरसिटी के गोड्डा तक एक्सटेंशन से रांची से गोड्डा को रेल नेटवर्क से सीधे जोड़ा जा सकेगा। 

रांची-भागलपुर को प्रतिदिन चलाने की तैयारी

दूसरी ओर रांची से बोकारो, धनबाद और जसीडीह होकर चलने वाली रांची भागलपुर एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की योजना बन रही है। रेलवे के विभागीय सूत्रों का कहना है कि जोनल रेलवे ने रांची भागलपुर एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को दिया है। बोर्ड की मंजूरी की मुहर लगने के बाद इसकी आधिकारिक तौर पर घोषणा हो जाएगी। माना जा रहा है कि इस ट्रेन को भी सावन के बाद पटरी पर उतारा जाएगा। 

रांची-भागलपुर एक्सप्रेस को पहले ही मिल चुका गोड्डा तक एक्सटेंशन

रांची से जसीडीह होकर भागलपुर जाने वाली ट्रेन को पहले ही गोड्डा तक एक्सटेंशन मिल चुका है। रेलवे बोर्ड ने पिछले साल ही रांची भागलपुर एक्सप्रेस को गोड्डा तक चलाने का आदेश जारी कर दिया था। पर कोरोना काल की वजह से ट्रेन को नहीं चलाया जा सका। हफ्ते में 3 दिन चलने वाली इस ट्रेन को प्रतिदिन चलाने की योजना है। इससे रांची से भागलपुर के लिए प्रतिदिन चलने वाली वैकल्पिक ट्रेन के साथ-साथ रांची से जसीडीह और गोड्डा के लिए भी ट्रेन मिल जाएगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें