Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Hemant Soren: 'हेमंत सोरेन ने ठुकराया भाजपा का ऑफर...', सियासी हलचल के बीच झामुमो सांसद का बड़ा बयान

झामुमो सांसद विजय हांसदा ने कहा कि हेमंत सोरेन ने भाजपा के ऑफर को ठुकरा कर भले ही मुश्किल का रास्ता चुना है लेकिन यह भी तय है कि वह इस साजिश के बाद पूरी मजबूत से बाहर निकलेंगे। उन्होंने कहा कि देश की जनता यह सब देख रही है और समझ भी रही है। हेमंत सोरेन ने भी दिखा दिया है कि वह झारखंडी टेंपरामेंट रखते हैं।

By Rajeev Ranjan Edited By: Rajat Mourya Updated: Thu, 01 Feb 2024 08:14 PM (IST)
Hero Image
'हेमंत सोरेन ने ठुकराया भाजपा का ऑफर...', सियासी हलचल के बीच झामुमो सांसद का बड़ा बयान

जागरण संवाददाता, दुमका। दो फरवरी की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को दुमका पहुंचे राजमहल के झामुमो सांसद विजय हांसदा ने कहा कि झामुमो के नेता हेमंत सोरेन ने भाजपा के ऑफर को ठुकरा कर भले ही मुश्किल का रास्ता चुना है, लेकिन यह भी तय है कि वह इस साजिश के बाद पूरी मजबूत से बाहर निकलेंगे। सांसद ने कहा कि झामुमो की पहचान संघर्ष और आंदोलन का रही है।

सांसद ने आगे कहा कि अभी के राजनीतिक हालात में उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की वह पंक्तियां याद आ रही हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि आज हम संख्या में कम हैं तो हम पर हंसा जा रहा है। सत्ता मद में चूर भाजपा की वर्तमान सरकार स्व. अटल की यह वाणी को भूलकर आज संख्या बल के दबिश पर दबाव, पेशकश और जनमत की चुनी हुई सरकारों को धोखे से गिराकर सत्ता हथियाने में जुटी है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता यह सब देख रही है और समझ भी रही है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह दिखा दिया है कि कम संख्या बल है तो क्या वह झारखंडी और आदिवासी का टेंपरामेंट रखते हैं। विजय हांसदा ने कहा कि आज वह भले ही हम पर हंस रहे हैं, लेकिन फिर वक्त बदलेगा और प्रजातंत्र कायम होगा। हेमंत को ईडी जितना दिन बंद रखेगी उसका उतना ही व्यापक खामियाजा आने वाले चुनाव में भाजपा को भुगतना होगा।

'मायूसी है, लेकिन उत्साह में कोई कमी नहीं'

झामुमो के 45वें स्थापना दिवस के लिए दुमका का गांधी मैदान सज-धज कर तैयार हो चुका है। पूरे मैदान को दुल्हन की तरह सजाया गया है। ईडी का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर शिकंजा कसे जाने के बाद कार्यकर्ताओं में मायूसी है, लेकिन उनके उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है। झामुमो नेता व पूर्व स्पीकर शशांक शेखर भोक्ता गांधी मैदान पहुंचे और पूरी तैयारियों का जायजा लेने के बाद कहा कि झामुमो इस माटी की पार्टी है। केंद्र व भाजपा की साजिश को पूरे देश की जनता देख रही है। ईडी की कार्रवाई से पार्टी कार्यकर्ता हतोत्साहित होने के बजाए ज्यादा उत्साहित हैं। इनका उत्साह दो फरवरी को गांधी मैदान में दिखेगा।

'झामुमो अपने तेवर में मनाएगा स्थापना दिवस'

सांसद विजय हांसदा ने कहा कि इस बार का दो फरवरी ऐतिहासिक होगी। झामुमो अपने पुराने तेवर में स्थापना दिवस मनाएगा। पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन के संदेशों को सुनेंगे और संकल्प लेकर ही वापस लौटेंगे। विजय ने कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता हेमंत सोरेन है। उन्हें यह एहसास है कि राजनीति विद्वेष कर झामुमो पर प्रहार किया जा रहा है। उनके नेता हेमंत सोरेन को कानूनी दांव-पेंच में फंसा कर आदिवासी, मूलवासी, गरीब-गुरबों से दूर करने की कोशिश की जा रही है।

परंपरागत तरीके से एसपी कॉलेज से निकलेगी रैली

इस बार झामुमो नेता हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति में स्थापना दिवस की रैली सांसद विजय हांसदा, पूर्व विधायक शशांक शेखर भोक्ता की अगुवाई में पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं की रैली पारंपरिक वेशभूषा व ढोल-टमाक के साथ एसपी कॉलेज मैदान से निकलेगी। शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए यह रैली दुमका के गांधी मैदान में आकर सभा में तब्दील हो जाएगी।

इस मौके पर पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, संताल परगना के सभी जिला अध्यक्ष, सचिव समेत पार्टी पदाधिकारी के अलावा ग्राम प्रधान, मुखिया, परगनैत, गुड़ित, पराणिक समेत परंपरागत शासन व्यवस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के शहीदों की वेदी पर श्रद्धांजलि व स्थानीय कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Politics: क्या झारखंड में लगेगा राष्ट्रपति शासन? राज्यपाल की चुप्पी से उठे कई सवाल

ये भी पढ़ें- Hemant Soren की मुस्कान कुछ कहती है... जेल जाने से पहले की ये तस्वीरें बता रहीं कोर्ट के बाहर कैसा था पूर्व CM का अंदाज

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें