Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हेमंत सोरेन की JMM में होगा इस पार्टी का विलय? चुनाव से ठीक पहले बदलेगी झारखंड की सियासी हवा

शुक्रवार को झारखंड पीपुल्स पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य सिंह बेसरा दुमका परिसदन में बोले कि झामुमो को बचाने के लिए वह अपनी पार्टी का विलय झामुमो में कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि इसके पीछे उनकी मंशा है और ऐसा करने के कारण किसी भी तरह का उनका कोई स्वार्थ नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि जब झामुमो बचेगी तो ही यहां का माटी भी बचेगी।

By Rajeev Ranjan Edited By: Shoyeb Ahmed Updated: Fri, 08 Mar 2024 05:15 PM (IST)
Hero Image
झारखंड पीपुल्स पार्टी का झामुमो पार्टी में हो सकता है विलय (फाइल फोटो)

राजीव, दुमका। Jharkhand Politics: झारखंड पीपुल्स पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य सिंह बेसरा ने शुक्रवार को दुमका परिसदन में कहा कि झामुमो को बचाने के लिए वह अपनी पार्टी का विलय झामुमो में कर सकते हैं। कहा कि इसके पीछे न तो उनका कोई राजनीतिक हित है और ना ही कोई स्वार्थ है।

उनकी मंशा बस वर्तमान समय में नेतृत्व विहीन हो चुके झामुमो के अस्तित्व को बरकरार रखना है क्योंकि जब क्षेत्रीय दल झामुमो बचेगा तब ही यहां का माटी भी बचेगा। कहा कि आने वाले दिनों में न सिर्फ इसके लिए वह अपनी प्रयासों को गति देंगे बल्कि तमाम क्षेत्रीय झारखंड नामधारी दलों को भी एकजुट कर झामुमो के छतरी के नीचे लाने का प्रयास करेंगे।

भ्रष्टाचारे से नहीं करेंगे समझौता- सूर्य सिंह

एक सवाल पर सूर्य सिंह बेसरा ने कहा कि वह भ्रष्टाचार से कभी भी समझौता नहीं करेंगे। उनका स्पष्ट मानना है कि जिसने भी भ्रष्टाचार किया है उन पर संबंधित जांच एजेंसियों को निसंदेह शिकंजा कसना चाहिए। हालांकि सूर्य सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति सहानुभूति दिखाते हुए कहा कि ईडी ने अभी उन्हें आरोपित बनाया है और उनका दोषसिद्ध नहीं हुआ है।

कानूनी तौर पर उन पर अभी कोई चार्जशीट भी दाखिल नहीं हुआ है। इसलिए हेमंत सोरेन को न्याय मिलना चाहिए और उन्हें भरोसा है कि न्यायिक तरीके से वह इस लड़ाई को बखूबी लड़ेगे। फिलहाल वह हेमंत सोरेन की गैरमौजूदगी में उनके कल्पना को वह साकार करेंगे।

झामुमो के अंदर के घुसपैठियों को बाहर निकालने की जरूरत

सूर्य सिंह बेसरा ने कहा कि झामुमो के अंदर कई ऐसे नेता हैं जो पार्टी को हाइजैक कर भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। उन्होंने इन चेहरों का नाम गिनाते हुए कहा कि इसमें सुपर सीएम कहलाने वाले पिंटू प्रसाद, सुप्रियो भट्टाचार्य, विनोद पांडेय, विनोद सिंह, पंकज मिश्रा जैसे लोगों की वजह से ही हेमंत सोरेन को आरोपित बनना पड़ा है। ऐसे घुसपैठियों को पार्टी से बाहर निकालने की जरूरत है।

वहीं उन्होंने बोरियाे के झामुमो विधायक लोबिन हेंब्रम के प्रति नरमी जताते हुए कहा कि वह झामुमो के पुराना नेता हैं। झामुमो को उनकी मांगों पर न सिर्फ विचार करना चाहिए बल्कि राजमहल लोकसभा सीट से उन्हें टिकट भी देना चाहिए। कहा कि भाजपा को हराना उनकी प्राथमिकता है।

पुराने तेवर में लौटेंगे, कल्पना या सीता कोई करे नेतृत्व

सूर्य सिंह बेसरा ने कहा कि झामुमो को मजबूत और सुदृढ़ करने के लिए वह अपने पुराने तेवर में आएंगे। कहा कि झामुमो का नेतृत्व कल्पना करे या सीता सोरेन करे वह साथ देंगे और सबको इसके लिए एकजुट करेंगे। कहा कि भाजपा षडयंत्रकारी है। भाजपा ने कोल्हान से गीता कोड़ा का अपहरण कर लिया है लेकिन संताल परगना से सीता सोरेन का अपहरण नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह कभी भी आदिवासियों का हितैषी नहीं हो सकते हैं। आदिवासी महिला को मुखौटा के तौर पर राष्ट्रपति बनाया गया है। वह आदिवासी चेहरा नहीं बल्कि भाजपा के लिए मोहरा हैं।

भाजपा पर किया प्रहार

भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा शासित प्रदेशों में भ्रष्टाचार चरम पर है लेकिन वहां केंद्रीय एजेंसियां अपना काम नहीं कर रही हैं। गैर भाजपा शासित क्षत्रपों पर केंद्रीय एजेंसियों को लगाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। कहा कि भाजपा में कोई दूध का धुला नहीं है।

वह झारखंड में भाजपा के मुख्यमंत्रियों बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास की कार्यकाल में हुई गड़बड़ियों को भी जनता के बीच उजागर करेंगे और इसके लिए कानून का भी सहारा लेंगे। झारखंड में हुए खेल घोटाला की जांच के लिए वह पीआइएल दाखिल किए हैं।

इसके बारे में पूछताछ के लिए सीबीआइ ने उन्हें समन भेजा है। वह प्रमाण के साथ पूरी जानकारी देंगे। मौके पर झापीपा के केंद्रीय प्रवक्ता माधवेंद्र मेहता भी मौजूद थे।

ये भी पढे़ें- CM सोरेन का गिरिडीह दौरा टला... 10 को आएंगे पीरटांड़, इस परियोजना का करेंगे शिलान्यास

ये भी पढे़ं- बिहार जा रही थी कार, अचानक इंजन में धधक उठी आग... बोनट खोलते ही मौके पर मच गई लूट

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें