Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Election 2024: 2 फरवरी को JMM फूंकेगा चुनावी बिगुल, पार्टी की बैठक में किया एलान; इस रणनीति से आगे बढ़ने की तैयारी

दो फरवरी को दुमका में झामुमो स्थापना दिवस के बहाने केंद्र सरकार और केंद्रीय एजेंसियों पर हमलावर होकर कार्यकर्ताओं को गोलबंद करेगा। पार्टी स्थापना दिवस के तैयारियों को आकार देने के उद्देश्य से संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों से आए पार्टी के विधायक पूर्व विधायक व कार्यकर्ताओं को एक साथ कई संदेश दिया गया है। बसंत सोरेन ने कहा कि झामुमो इसी माटी की पार्टी है।

By Rohit Kumar Mandal Edited By: Shashank ShekharUpdated: Sun, 21 Jan 2024 07:13 PM (IST)
Hero Image
Lok Sabha Election 2024: 2 फरवरी को JMM फूंकेगा चुनावी बिगुल, पार्टी की बैठक में किया एलान;

राजीव, दुमका। दो फरवरी को दुमका के गांधी मैदान में झामुमो 45वां स्थापना दिवस के बहाने सीधे तौर पर केंद्र सरकार और केंद्रीय एजेंसियों पर हमलावर होकर कार्यकर्ताओं को गोलबंद करेगा। दुमका क्लब में पार्टी स्थापना दिवस के तैयारियों को आकार देने के उद्देश्य से संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों से आए पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक व कार्यकर्ताओं को एक साथ कई संदेश दिया गया है।

पार्टी के युवा नेता बसंत सोरेन ने यह एहसास दिलाया कि झामुमो इस माटी की पार्टी है। पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन ने संघर्ष और आंदोलन करना सिखाया है। उन्होंने अलग झारखंड राज्य दिया है और अब झामुमो के नेताओं व कार्यकर्ताओं को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से उनके सपने को साकार करने का समय है। केंद्र सरकार और केंद्रीय एजेंसियां तरह-तरह का प्रपंच कर सरकार को काम नहीं करने दे रही है। इसका मुंहतोड़ जवाब देना होगा।

झामुमो कार्यकर्ता अपनी पहचान को मजबूत बनाएं और जनता के बीच जाएं। संगठन के दम ही विरोधियों को हराना संभव है। अगर समय रहते हम सजग और एकजुट नहीं हुए तो विरोधी हमें नौ सीट से धकेल कर पांच सीट पर पहुंचा देंगे। इसलिए हम सबको अपनी कमजोरियों और कमियों को पहचान कर उसे खत्म करना होगा।

बैठक में तय पांच एजेंडों को रखते हुए पार्टी पदाधिकारियों से यह कहा गया कि संगठन, बूथ कमेटी, बीएलए को पूरी तरह से धारदार व मजबूत बनाया जाए। पंचायत स्तर सरकार की उपब्धियों व योजनाओं को पहुंचाया जाए। दो फरवरी में गांधी मैदान आने का न्यौता हर गांव तक दिया जाए ताकि इस बार गांव-गांव से कार्यकर्ताओं का जुटान हो।

सभी कार्यकर्ता पारंपरिक वेशभूषा और परंपरागत हरवे-हथियार के साथ जुलूस में शामिल होने दुमका पहुंचें। बसंत ने कार्यकर्ताओं से कहा कि संभव है उनकी बातें कड़वी लगे लेकिन वह सच्चाई बोलने से हिचकेंगे नहीं। कहा कि सत्ता के बजाए कार्यकर्ता जनता के साथ रहें और उनकी समस्याओं का निदान कराएं।

जिला स्तर पर बैठक करना जरूरी- प्रो.स्टीफन

झामुमो के महेशपुर विधायक प्रो.स्टीफन मरांडी ने कहा कि झामुमो का असली ताकत संगठन और जमीनी स्तर पर जुड़े कार्यकर्ता हैं। इसलिए संगठन को जिला स्तर पर मजबूत करने के लिए जिला स्तरीय बैठकों का दौड़ शुरु किया जाएगा। इससे नेता और कार्यकर्ता आपस में संवाद कर रणनीतियों को धार दें सकेंगे। बैठक में पार्टी के एजेंडा व विरोधियों की गतिविधियों पर भी चर्चा कर आगे का कार्यक्रम तय किया जाएगा। कहा कि

इस बार दो फरवरी ऐतिहासिक होगा। इसके लिए जरिए विरोधियों के हरेक साजिश का करारा जवाब दिया जाएगा।

हेमंत सरकार की उलपब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं- नलिन

झामुमो के शिकारीपाड़ा विधायक नलिन सोरेन ने कहा कि हेमंत सरकार के कामकाज व जनहित में लिए जा रहे निर्णयों के कारण भाजपा में बौखलाहट है। केंद्र की सरकार किसी भी सूरत में हेमंत सरकार को अस्थिर करना चाहती है लेकिन ऐसे साजिश से न तो हम घबड़ाने वाले हैं और ना ही डरने वाले हैं। कहा कि हेमंत सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। गांव की जनता को यह बताना जरूरी है कि कैसे केंद्र सरकार ईडी-सीबीआइ का भय दिखाकर हेमंत सरकार के खिलाफ षडयंत्र कर रही है। एक आदिवासी को सत्ता से बेदखल करने के फिराक में है।

एकजुट होकर अपनी ताकत का एहसास कराएं कार्यकर्ता- हेमलाल

झामुमो में पुनर्वापसी के बाद हेमलाल मुर्मू ने कहा कि शिबू सोरेन ने हम सबको को संघर्ष करना सिखाया है। हम किसी से डरने वाले नहीं है। पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर एक बार फिर विरोधियों को करारा जवाब दें। दो फरवरी के के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं। एक-एक गांव को दुमका आने का न्यौता दें।

भाजपा के नेता बौखलाहट में हैं- शशांक

सारठ के पूर्व विधायक सह विधानसभा अध्यक्ष रहे शशांक शेखर भोक्ता ने कहा कि हेमंत सरकार के निर्णयों से भाजपा बौखलाहट में है। भाजपा के पास न तो नीति और न नियत और ना ही कोई विकास का एजेंडा है। भाजपा अपनी कमियों को छुपाने के लिए भ्रम का जाल फैलाकर वोट की राजनीति करने के फिराक में है। जनहित से भाजपा को कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अबकी बार दो फरवरी को पूर्व के सारे रिकार्ड को तोड़ दें और विरोधियों को यह जता दें कि झूठ-फरेब की दाल गलने वाली नहीं है।

बैठक को नरसिंह मुर्मू, देवघर के जिला अध्यक्ष संजय शर्मा, गोड्डा के बासुदेव टुडू, जामताड़ा के श्यामलाल हेंब्रम, साहिबगंज के शाहजहां अंसारी समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। जबकि प्रमंडलीय बैठक में राजमहल के सांसद विजय हांसदा, लिट्टीपाड़ा के विधायक दिनेश विलियम सोरेन, जामा की सीता सोरेन, बोरियो के लोबिन हेंब्रम मौजूद नहीं थे।

बैठक में संताल परगना के सभी छह जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी हिस्सा लेने पहुंचे थे जिनके बीच दो फरवरी की तैयारियों के लिए पार्टी का झंडा व अन्य सामग्रियां वितरित की गई। बैठक में दुमका के शिव कुमार बास्की, अब्दुल सलाम, रवि यादव, राजेश राउत, विजय मल्लाह, सुमंत यादव, प्रशांत भोक्ता, राजेश मंडल, गीता देवी, कृष्णा देवी, सुनीता मरांडी, रंजीत साह समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।

ये भी पढ़ें: 'झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने की बनाई जा रही थी भूमिका' हेमंत सोरेन की पार्टी ने लगाए गंभीर आरोप; कह दी ये बात

ये भी पढ़ें: 'गुजरातियों की नजर झारखंड पर, इसलिए...' ED की कार्रवाई पर भड़के पूर्व स्पीकर; बोले- जरूरत पड़ी तो बाहरी को घुसने नहीं देंगे