Move to Jagran APP

झारखंड के गढ़वा में मूर्ति विसर्जन को लेकर झड़प, दो डीएसपी सहित दर्जन भर ग्रामीण घायल; पुलिस ने किया लाठीचार्ज

झारखंड के गढ़वा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंदू और मुस्लिम पक्ष के लोगों में झड़प हो गई। दोनों ओर से हुई मारपीट और पत्थरबाजी में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। डीसी शेखर जमुआर और एसपी दीपक कुमार की निगरानी में विसर्जन जुलूस को आगे बढ़ाया गया।

By Jagran News Edited By: Mohit Tripathi Updated: Sun, 13 Oct 2024 10:43 PM (IST)
Hero Image
पुलिस द्वारा लगाए गए ब्रेकेटिंग के पास नारेबाजी करते आक्रोशित ग्रामीण। (जागरण फोटो)

जागरण टीम, बड़गड़/भंडरिया (गढ़वा)। झारकंड के गढ़वा में शनिवार और रविवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की दो अलग-अलग घटनाओं में हिंदू और मुस्लिम पक्ष के लोगों में झड़प हो गई। दोनों ओर से हुई मारपीट और पत्थरबाजी में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए।

रविवार को अपराह्न तीन बजे भंडरिया थाना क्षेत्र के मदगड़ी (क) गांव में बड़ा बवाल हुआ। यहां उपद्रवियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। साथ ही आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।

जवाब में ग्रामीणों ने पुलिस पर भी पत्थर चलाए, जिसमें अभियान डीएसपी राहुल बड़ाइक व रंका डीएसपी रोहित रंजन सिंह समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पथराव में एलआरडीसी परमेश कुमार को भी पैर में चोट आई है।

उधर, लाठी चार्ज में भी दर्जन भर ग्रामीण घायल हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बबाल के कारण यहां घंटों विसर्जन जुलूस रुका रहा।

रात लगभग नौ बजे दोनों पक्षों में सहमति बनने के बाद डीसी शेखर जमुआर और एसपी दीपक कुमार की निगरानी में विसर्जन जुलूस को आगे बढ़ाया गया। पूजा कमेटी के सदस्यों और मुस्लिम पक्ष के लोग जुलूस को लेकर निकले।

अशांति की आशंका को देखते हुए भीड़ में शामिल अन्य लोगों को आगे जाने से रोका गया। देर रात प्रतिमा का विसर्जन हुआ। यहां मुस्लिम बस्ती के लोगों को बस्ती होकर विसर्जन जुलूस ले जाने पर आपत्ति थी। इस कारण उसे विवादित मार्ग बताकर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी थी, लेकिन हिंदू पक्ष के लोग उसी मार्ग से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को ले जाने पर अड़े थे।

ग्रामीणों ने बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस व ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की प्रारंभ हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ग्रामीणों पर लाठी चार्ज कर दिया। इससे ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। बाद में दोनों पक्षों में सहमति बनी और विवादित रास्ते से होकर ही जुलूस को सुरक्षा के बीच निकाला गया।

गढ़वा थाना क्षेत्र के लखना गांव में हुई दूसरी घटना 

दूसरी घटना गढ़वा थाना क्षेत्र के लखना गांव में शनिवार अपराह्न करीब तीन बजे हुई। यहां भी रास्ते के विवाद में ही दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंदू और मुस्लिम पक्ष के लोगों में झड़प हुई। इससे गांव में करीब 10 घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति रही।

बाद में प्रशासन के बीच-बचाव से मामला शांत हुआ और तड़के करीब तीन बजे को प्रतिमा का विसर्जन कर दिया गया। यहां भी दोनों पक्षों में हुए पथराव में एक समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं।

मामले में रविवार को 15 नामजद एवं 250 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। यहां जुलूस की शक्ल में लोग विसर्जन से पहले शनिवार की शाम देवी दुर्गा की प्रतिमा को गांव में भ्रमण करा रहे थे।

इसी बीच मुस्लिम टोला से होकर जाने के क्रम में लोगों ने जुलूस का रास्ता रोक दिया। इसके बाद वहां दोनों पक्षों में नोंकझोंक शुरू हो गई। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे नारेबाजी एवं पथराव होने लगा। इसमें लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।