Move to Jagran APP

Jharkhand Politics: हेमंत सोरेन पर बरसे शिवराज सिंह चौहान, कहा- भाभी का अपमान सहने वाले CM को जनता सबक सिखाएगी

झारखंड चुनाव में बीजेपी के केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन अपनी भाभी का अपमान सह रहे हैं जो कि राज्य के मंत्री इरफान अंसारी द्वारा किया जा रहा है। चौहान ने कहा कि द्रौपदी के अपमान पर महाभारत युद्ध हुआ था और माता सीता के अपमान पर रावण का वंश समाप्त हो गया था।

By Jagran News Edited By: Mohit Tripathi Updated: Mon, 28 Oct 2024 09:47 PM (IST)
Hero Image
कुर्सी के लिए मां समान भाभी का अपमान सह रहे हेमंत : शिवराज। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। भाभी मां के समान होती हैं, लेकिन हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए अपनी भाभी का अपमान सह रहे हैं। राज्य के मंत्री इरफान अंसारी झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन की पुत्रवधू और हेमंत की भाभी सीता सोरेन को अपशब्द कहकर अपमानित करते हैं। इसके बावजूद अपने ही मंत्री इरफान के खिलाफ हेमंत एक शब्द नहीं बोलते हैं। राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान चलाने की बात कहते हैं, लेकिन उन्हीं की पार्टी का एक मंत्री नफरत का सौदागर बना हुआ है। ये बातें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को गिरिडीह में भाजपा की सभा के दौरान कहीं।

झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि द्रौपदी के अपमान पर महाभारत युद्ध हुआ। माता सीता का अपमान करने पर रावण का वंश समाप्त हो गया। इसी तरह बहन-बेटियों का अमपान करने वाली झामुमो-कांग्रस-राजद की सरकार को भी खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए शिवराज ने कहा कि सत्ता में रहकर 57 महीने तक कुछ नहीं किया। जब चुनाव का समय आया तो महिलाओं को एक-एक हजार देकर उन्हें प्रलोभन दे रहे हैं। यह चुनाव झारखंड को बचाने का चुनाव है।

उन्होंने कहा कि संताल परगना से आदिवासियों की संख्या 44 प्रतिशत से घटकर 28 प्रतिशत हो गई है। आखिर वहां के आदिवासी कहां चले गए। हेमंत राज में झारखंड की रोटी, बेटी और माटी सब असुरक्षित हैं। अपने पिताजी की कसम खाकर पांच लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा करने वाले हेमंत सोरेन ने इस वादा को पूरा नहीं किया। उत्पाद सिपाही में भर्ती के लिए दौड़ने गए 19 युवकों की जान चली गई। भाजपा की सरकार बनी तो पहली कैबिनेट में ही 2.87 लाख युवाओं को नौकरी देने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

चौहान देवघर में भाजपा प्रत्याशी नारायण दास के नामांकन में भी शामिल हुए। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों को हेमंत सरकार सरकार पनाह दे रही है। भाजपा की सरकार बनते ही एक-एक विदेशी लोगों को चिह्नित कर बाहर निकाल दिया जाएगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।