Move to Jagran APP

अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट से की जा रही लाइव टेलीकास्टिंग, बूथों पर भी लगे वेब कैम; हर गतिविधि पर पैनी नजर

Jharkhand Lok Sabha Election 2024 कोडरमा लोकसभा चुनाव और गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान का क्रम सुबह सात बजे से जारी है। सभी बूथों पर वेबकैम लगाए गए हैं पल-पल की गतिविधियों पर समाहरणालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से नजर रखी जा रही है। अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट से भी लगातार लाइव स्ट्रीमिंग जारी है। गिरिडीह में मतदान कराने केंद्रीय सशस्त्र बल की 48 कंपनियां पहुंची हुई है।

By Jagran News Edited By: Arijita Sen Published: Mon, 20 May 2024 11:48 AM (IST)Updated: Mon, 20 May 2024 11:48 AM (IST)
कंट्रोल रूम से मतदान की गतिविधियों पर पैनी नजर।

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। Jharkhand Lok Sabha Election 2024 : कोडरमा लोकसभा चुनाव और गांडेय विधानसभा उपचुनाव को लेकर मतदान का क्रम जारी है। सभी बूथों पर वेबकैम लगाए गए हैं, पल-पल की गतिविधियों पर समाहरणालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से नजर रखी जा रही है। अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट से भी लगातार लाइव स्ट्रीमिंग की जा रही है।

कोडरमा में 2552 बूथों पर मतदान कर रहे मतदाता

कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में इस बार 2552 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें गिरिडीह जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में 1653 बूथ बनाए गए हैं।

मतदान को लेकर कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में कुल 322 माइक्रो ऑब्जर्वर प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इनमें 201 गिरिडीह जिले में कार्यरत हैं।

मतदान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर हाई स्कूल के छात्रों को मतदाताओं के सहयोग के लिए बतौर वोलेंटियर प्रतिनियुक्त किया गया है।

बूथों के बाहर महिलाओं और पुरुषों की दो अलग-अलग लाइन बनाई गई है। दो महिलाओं के बाद एक पुरुष मतदाता मतदान कर रहे हैं। बूथ पर आनेवाले दिव्यांग व वृद्ध मतदाता को प्राथमिकता दी जा रही है।

केंद्रीय सशस्त्र बल की 48 कंपनियां मतदान कराने पहुंची गिरिडीह

गिरिडीह जिले में इस बार किसी भी बूथ पर मतदान या सुरक्षा कर्मी हवाई मार्ग से नहीं भेजे गए हैं। हालांकि, आपात स्थिति के लिए 24 हेलीपैड चिह्नित किए गए हैं, जिनमें 12 एमआई 17 और अन्य 12 हल्के विमान व एयर एंबुलेंस की लैंडिंग और उड़ान के लिए उपयुक्त हैं।

पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया जा रहा है। केंद्रीय सशस्त्र बल की 48 कंपनियां मतदान कराने को लेकर गिरिडीह पहुंची हैं।

इसके अलावा छह विशेष रूप से प्रशिक्षित बल और 33 क्विक रेस्पांस टीम चुनाव संपन्न कराने में जुटी है। संबंधित थानों की पेट्रोलिंग टीम भी लगातार भ्रमणशील है। चुनाव के लिए 17 एफएसटी और 17 एसएसटी तीन-तीन शिफ्ट में कार्यरत है।

स्वास्थ्य व्यवस्था भी हाई अलर्ट पर

चुनाव को लेकर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था हाई अलर्ट पर है। मतदान की समाप्ति तक सभी पीएचसी-सीएचसी में रोस्टर के आधार पर स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त संख्या में ड्यूट लगाई गई है।

वहीं सभी एएनएम और सहियाओं को मेडिकल किट उपलब्ध कराया गया है। मतदान के लिए प्रतिनियुक्त कर्मियों को भी मेडिकल और फर्स्ट एड किट मुहैया कराया गया है।

कुल 22 लाख मतदाता अपने मताधिकार का करेंगे इस्तेमाल

कोडरमा लोकसभा चुनाव को लेकर कुल 22,05,318 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें गिरिडीह जिले के 14,10,759 मतदाता हैं। कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में मतदान कराने को लेकर 11641 कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है।

क्यू मैनेजमेंट के लिए 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों पर अतिरिक्त कर्मी लगाए गए हैं। कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में 19 महिला बूथ बनाए गए हैं। इनमें चार गिरिडीह जिले में हैं। गिरिडीह जिले में 32 और कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में 184 महिला मतदान कर्मी इन बूथों पर तैनात हैं।

जिले में एक यूनिक बूथ भी बनाया गया है। कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के लिए 15 और गांडेय विस उपचुनाव के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन दोनों चुनावों के लिए एक-एक बैलेट यूनिट का इस्तेमाल किया जा रहा है।

गांडेय विधानसभा उपचुनाव को लेकर संबंधित क्षेत्र के बूथों पर एक अतिरिक्त मतदान कर्मी प्रतिनियुक्त किया गया है।

कंट्रोल रूम में 30 से अधिक स्क्रीन के जरिए माॅनीटरिंग

लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी मतदान केंद्रों से चौबीसों घंटें लाइव स्ट्रीमिंग की जा रही है। इसके लिए हर बूथ पर दो वेब कैम लगाए गए हैं।

वहीं समाहरणालय सभागार में बनाए जा रहे कंट्रोल रूम से 30 से अधिक स्क्रीन से हर गतिविधि की मानीटरिंग की जा रही है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट की गाड़ी में जीपीएस लगाया गया है, जिससे उनकी हर गतिविधि का पता चलता रहे।

24 घंटे कार्यरत रहेगा कंपोजिट कंट्रोल रूम

चुनाव को लेकर बनाया गया सीसीआर मतदान समाप्त होने तक चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा। किसी भी तरह की सूचना कंट्रोल रूम के नंबर 06532-228829 और 9693143157 पर दी जा सकती है।

ये भी पढ़ें: 

2014 के 'मोदी लहर' में BJP को मिली थीं झारखंड की 14 में 12 सीटें, JMM के खाते में गईं सिर्फ दो सीट

क्‍या खाए आम आदमी? गर्मी के साथ सब्जियों का भी चढ़ा पारा, मार्केट में इनके ताजा भाव जान उड़ जाएंगे होश


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.